होम / एडमिशन-जॉब्स / अपने इस परिसर में फिल्म पत्रकारिता का कोर्स कराएगी माखनलाल यूनिवर्सिटी
अपने इस परिसर में फिल्म पत्रकारिता का कोर्स कराएगी माखनलाल यूनिवर्सिटी
अगले एकैडमिक सेशन से शुरू किया जाएगा एक वर्षीय कोर्स। कुलपति प्रो. केजी सुरेश की अध्यक्षता में 13 मई को ऑनलाइन रूप से हुई बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक में विषय विशेषज्ञों ने इस पाठ्यक्रम को अंतिम रूप दिया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) के खण्डवा स्थित ‘कर्मवीर परिसर’ में आगामी एकैडमिक सेशन से ‘फिल्म पत्रकारिता’ में स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा। यह पाठ्यक्रम एक वर्षीय (दो सेमेस्टर) होगा। कुलपति प्रो. केजी सुरेश की अध्यक्षता में 13 मई 2021 को ऑनलाइन रूप से हुई बोर्ड ऑफ स्टडीज (बीओएस) की बैठक में विषय विशेषज्ञों ने इस पाठ्यक्रम को अंतिम रूप दिया। उल्लेखनीय है कि कुलपति प्रो. सुरेश जब खण्डवा प्रवास पर गए थे, तब वहां स्थानीय नागरिकों एवं विद्यार्थियों की मांग पर उन्होंने कर्मवीर परिसर में फिल्म पत्रकारिता पर पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की घोषणा की थी।
प्रो. केजी सुरेश ने बताया, ‘यह पाठ्यक्रम विशेषतौर पर खण्डवा परिसर के लिए तैयार कराया गया है। यह पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय के अन्य किसी परिसर में संचालित नहीं किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि विश्वविद्यालय के परिसरों की अपनी विशिष्ट पहचान बने।’ उन्होंने बताया कि खण्डवा यशस्वी पत्रकार-संपादक दादा माखनलाल चतुर्वेदी की कर्मस्थली है और महान गायक किशोर कुमार की जन्मस्थली, इसलिए हमने यहां ‘फिल्म पत्रकारिता’ का एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। फिल्म पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रशिक्षित पत्रकारों की बहुत मांग है। यह पाठ्यक्रम इस मांग को पूरा करने का प्रयास करेगा।
बैठक में फिल्म, फिल्म पत्रकारिता एवं अकादमिक क्षेत्र के जाने-माने नाम उत्पल दत्ता (फिल्म पत्रकार एवं फिल्म निर्माता), अशोक शरण (डाक्यूमेंट्री फिल्म निर्माता), पंकज सक्सेना (संकाय सदस्य, एफटीआईआई, पुणे), सुश्री सुरभी बिपल्व (सहायक प्राध्यापक, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय), आदित्य सेठ (फिल्म निर्माता एवं शिक्षाविद), अतुल गंगवार (प्रोड्यूसर) एवं आशीष भवालकर (सहायक प्राध्यापक, पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, भोपाल) सहित अन्य शामिल हुए। इन विषय विशेषज्ञों का कहना था कि यह पाठ्यक्रम फिल्म पत्रकारिता के लिए सुयोग्य पत्रकारों का निर्माण करेगा। बैठक में डीन अकादमिक एवं प्रभारी कुलसचिव प्रो. पवित्र श्रीवास्तव, एमसीयू के परिसरों के अकादमिक समन्वयक डॉ. मणिकंठन नायर एवं कर्मवीर परिसर के प्रभारी डॉ. संदीप भट्ट भी उपस्थित रहे।
टैग्स केजी सुरेश कुलपति माखनलाल विश्वविद्यालय वाइस चांसलर वीसी फिल्मी पत्रकारिता कोर्स