होम / टेलिस्कोप / इस तरह पुराने दौर में लौटेगा दूरदर्शन, चल रही तैयारी
इस तरह पुराने दौर में लौटेगा दूरदर्शन, चल रही तैयारी
प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर वेम्पती ने एक ट्वीट कर इस बारे में दी जानकारी
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
किसी जमाने में देशभर में काफी लोकप्रिय रहे 'रामायण’ (Ramayan) और 'महाभारत’ (Mahabharat) जैसे धार्मिक धारावाहिकों की एक बार फिर ‘दूरदर्शन’ (Doordarshan) पर वापसी हो सकती है। इस बात की जानकारी ‘प्रसार भारती’ (Prasar Bharti) के सीईओ शशि शेखर वेम्पती ने एक ट्वीट के जरिये दी है।
‘प्रसार भारती’ के सीईओ ने यह ट्वीट ‘एनडीटीवी इंडिया’ के पॉलिटिकल एडिटर अखिलेश शर्मा के उस ट्वीट के जवाब में किया है, जिसमें उन्होंने (अखिलेश शर्मा ने) इन दोनों धारावाहिकों को दोबारा शुरू करने का मुद्दा उठाया था।
अपने ट्वीट में अखिलेश शर्मा ने लिखा था, 'देशभर में 21 दिन के लॉकडाउन के कारण लोगों को घरों पर ही रहने की सलाह दी गई है। ऐसे में सोशल मीडिया पर रामानंद सागर के ‘रामायण’ और बीआर चोपड़ा के ‘महाभारत’ धारावाहिकों को डीडी नेशनल पर दिखाने की लोगों की तरफ से काफी मांग उठ रही है।' अपने ट्वीट में अखिलेश शर्मा ने ‘दूरदर्शन’ और सूचना-प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को टैग किया था। अखिलेश शर्मा के ट्वीट के जवाब में शशि शेखर वेम्पती ने ट्वीट किया है, ‘हां, हम संबंधित धारावाहिकों का प्रसारण अधिकार रखने वालों से इस बारे में बात कर रहे है।’
Yes we are working on the same with the Rights Holders. Will update shortly. Stay tuned. https://t.co/2Jhjw2qD3s
— Shashi Shekhar (@shashidigital) March 25, 2020
इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए कुछ लोगों ने शशि शेखर वेम्पती से पुराने दौर के कई अन्य धारावाहिकों-जैसे ‘चाणक्य’ (Chanakya), ‘श्रीकृष्ण’ (Shri Krishna), ‘भारत एक खोज’ (Bharat Ek Khoj), ‘श्रीमान श्रीमती’(Shriman Shrimati), ‘जंगल बुक’ (Jungle Book), ‘नुक्कड़’ (Nukkad), ‘फौजी’ (Fauji) और ‘मालगुडी डेज’ (Malgudi days) आदि को भी शुरू करने की मांग की है।
गौरतलब है कि 21 दिन के लॉकडाउन के कारण अधिकांश भारतीय अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। इस दौरान टीवी चैनल्स की व्युअरशिप बढ़ रही है। ऐसे में दर्शकों को अपने साथ जोड़े रखने के लिए टीवी चैनल्स एंटरटेनमेंट शो पर जोर दे रहे हैं।
टैग्स दूरदर्शन शशि शेखर वेम्पती महाभारत रामायण रामानंद सागर बीआर चोपड़ा