उन्होंने अपने पिता के प्रोडक्शन हाउस ‘सागर आर्ट्स’ के तहत कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में काम किया। फिल्म और टेलीविजन की दुनिया में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
रामानंद सागर के पुत्र और प्रख्यात फिल्मकार प्रेम सागर का रविवार सुबह 84 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें रविवार सुबह घर लाया गया, जहाँ उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार दोपहर तीन बजे जुहू के पवन हंस श्मशान घाट में किया गया।
प्रेम सागर का जन्म एक फिल्मी परिवार में हुआ और उन्होंने अपनी पढ़ाई पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से की थी। साल 1968 के बैच से पासआउट होने के बाद उन्होंने सिनेमैटोग्राफी और फोटोग्राफी में गहरी पकड़ बनाई। उन्होंने अपने पिता के प्रोडक्शन हाउस ‘सागर आर्ट्स’ के तहत कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में काम किया।
फिल्म और टेलीविजन की दुनिया में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने न केवल पर्दे के पीछे निर्देशन और तकनीकी विशेषज्ञता दिखाई, बल्कि भारतीय दर्शकों को कई यादगार कृतियाँ दीं। उनके निधन पर पूरी फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूब गई है।
अभिनेता अरुण गोविल, जिन्होंने ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाई थी, ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए कहा, प्रेम सागर जी का निधन बेहद दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और परिवार को इस क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें। प्रेम सागर का जाना भारतीय सिनेमा और टेलीविजन जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
'जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज' ने FY26 की चौथी तिमाही में डिजिटल कारोबार में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया। ZEE5 लगातार दूसरी तिमाही में मुनाफे में रहा और कंपनी ने 2 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड घोषित किया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज (Zee Entertainment Enterprises) ने FY26 की चौथी तिमाही में डिजिटल और टेलीविजन कारोबार में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने बताया कि उसका ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 लगातार दूसरी तिमाही में फायदे में रहा है।
कंपनी के मुताबिक FY26 में ZEE5 की आय में सालाना आधार पर 53% की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं लीनियर टेलीविजन कारोबार में ज़ी नेटवर्क की हिस्सेदारी 80 बेसिस पॉइंट बढ़कर 17.4% तक पहुंच गई। कंपनी का प्रमुख हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट चैनल Zee TV प्राइम टाइम व्यूअरशिप में अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए है।
जी एंटरटेनमेंट (Zee Entertainment Enterprises) ने कहा कि उसका ओम्नी-चैनल मॉडल अब हर महीने 80 करोड़ से ज्यादा दर्शकों तक पहुंच बना रहा है। इसमें डिजिटल और टेलीविजन दोनों प्लेटफॉर्म शामिल हैं। कंपनी के निदेशक मंडल ने 2 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के डिविडेंड को भी मंजूरी दी है।
इन्वेस्टर कॉल के दौरान कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत गोयनका ने कहा कि कंपनी की रणनीति दीर्घकालिक और संतुलित निवेश पर केंद्रित रही है, ताकि स्थायी विकास सुनिश्चित किया जा सके। कंपनी ने यह भी बताया कि वह नए रेवेन्यू स्रोतों को बढ़ाने के लिए अपनी विज्ञापन बिक्री संरचना को और मजबूत कर रही है।
इसके अलावा कंपनी ने विजुअल इफेक्ट्स और एनीमेशन कंपनी PhantomFX में रणनीतिक निवेश की घोषणा भी की है। यह निवेश AVGC (Animation, Visual Effects, Gaming and Comics) सेक्टर में कंपनी की मौजूदगी मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
'ऑरमैक्स बॉलीवुड ऑडियंस रिपोर्ट 2026' के मुताबिक हिंदी फिल्मों की 57% कमाई 30 साल से कम उम्र के दर्शकों से आती है। रिपोर्ट में डिजिटल मार्केटिंग और थिएटर अनुभव से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
ऑरमैक्स मीडिया (Ormax Media) ने ‘ऑरमैक्स बॉलीवुड ऑडियंस रिपोर्ट’ (TOBAR) 2026 जारी की है। यह नई रिसर्च रिपोर्ट भारत के हिंदी फिल्म दर्शकों की पसंद, व्यवहार और थिएटर अनुभव को लेकर कई अहम जानकारियां सामने लाती है। यह अध्ययन देशभर के 2 हजार नियमित सिनेमाघर दर्शकों पर आधारित है, जो शहरी भारत के करीब 2.85 करोड़ हिंदी फिल्म दर्शकों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक हिंदी बॉक्स ऑफिस की 57% कमाई 30 साल से कम उम्र के दर्शकों से आती है। वहीं फिल्म रिलीज के पहले दिन की कमाई में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग की हिस्सेदारी 70% तक पहुंच जाती है। ऐसे में यह वर्ग फिल्म मार्केटिंग के लिहाज से सबसे अहम माना जा रहा है।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि फिल्म प्रमोशन के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म अब सबसे प्रभावशाली माध्यम बन चुके हैं। यूट्यूब (YouTube), इंस्टाग्राम (Instagram) और ऑनलाइन टिकट बुकिंग एप्स दर्शकों तक पहुंचने के प्रमुख स्रोत हैं। टिकटिंग एप्स में BookMyShow की सबसे ज्यादा पहचान दर्ज की गई, जबकि District दूसरे स्थान पर रहा।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि थिएटर में महंगे फूड एंड बेवरेज (F&B) दर्शकों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बनकर उभरे हैं। दिलचस्प बात यह है कि दर्शकों ने इसे महंगे टिकटों से भी बड़ी बाधा बताया।
JioStar ने Zee Entertainment के खिलाफ कथित अनधिकृत फिल्म प्रसारण को लेकर मामला शुरू किया है। इससे पहले Zee ने JioStar पर कॉपीराइटेड म्यूजिक का मुकदमा दायर किया था।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की दो बड़ी कंपनियों जियोस्टार (JioStar) और ज़ी एंटरटेनमेंट (Zee Entertainment) के बीच कॉपीराइट और कंटेंट अधिकारों को लेकर विवाद और गहरा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियोस्टार ने Zee Entertainment के खिलाफ कथित तौर पर बिना अनुमति बॉलीवुड फिल्मों के प्रसारण को लेकर मामला शुरू किया है।
बताया जा रहा है कि जियोस्टार ने 4 मई को एक लीगल मेडिएशन कमेटी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। कंपनी का आरोप है कि Zee ने पिछले वर्ष कुछ बॉलीवुड फिल्मों का प्रसारण किया, जिनके अधिकार जियोस्टार के पास हैं। हालांकि दोनों कंपनियों की ओर से मामले पर आधिकारिक विस्तृत बयान अभी सामने नहीं आया है। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब अप्रैल में Zee Entertainment ने दिल्ली की अदालत में जियोस्टार के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन का मुकदमा दायर किया था।
Zee का आरोप था कि Reliance-Disney जॉइंट वेंचर ने लाइसेंस अवधि समाप्त होने के बाद भी उसके म्यूजिक कंटेंट का इस्तेमाल जारी रखा। Zee ने उस मामले में करीब 3 मिलियन डॉलर के हर्जाने की मांग की थी। कंपनी का कहना था कि उसकी म्यूजिक डिवीजन की सामग्री का व्यावसायिक इस्तेमाल बिना वैध अनुमति के किया गया।
दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म 'धुरंधर: दि रिवेंज' (Dhurandhar: The Revenge) में मशहूर गाने 'तिरछी टोपी वाले' के इस्तेमाल को लेकर दायर कॉपीराइट मामले में अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म 'धुरंधर: दि रिवेंज' (Dhurandhar: The Revenge) में मशहूर गाने 'तिरछी टोपी वाले' के इस्तेमाल को लेकर दायर कॉपीराइट मामले में अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है।
यह मामला Trimurti Films Private Limited ने दायर किया था। कंपनी का आरोप था कि फिल्म 'त्रिदेव' के आइकॉनिक गाने “तिरछी टोपी वाले” और उसके रीमिक्स वर्जन “रंग दे लाल (ओए ओए)” का इस्तेमाल बिना अनुमति के किया गया है।
जस्टिस तुषार राव गेडेला ने कहा कि अगर 'त्रिमूर्ति' फिल्म्स बाद में कोर्ट में अपने अधिकार साबित कर देती है, तो उसे हर्जाने के रूप में उचित मुआवजा दिया जा सकता है। याचिका में B62 Studios Pvt. Ltd., Jio Studios और Super Cassettes Industries Pvt. Ltd. यानी टी-सीरीज समेत कई पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।
'त्रिमूर्ति' फिल्म्स का कहना था कि 1988 के एक समझौते के तहत सिर्फ ऑडियो रिकॉर्ड बनाने और बेचने का सीमित अधिकार दिया गया था। किसी दूसरी फिल्म में गाने को इस्तेमाल करने या सिंक्रोनाइज करने का अधिकार नहीं दिया गया था।
वहीं दूसरी तरफ प्रतिवादियों ने कोर्ट में कहा कि ट्रिमूर्ति फिल्म्स ने जरूरी तथ्यों को छिपाया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी Azhar और K.G.F: Chapter 1 जैसी फिल्मों में “Tridev” के गानों का इस्तेमाल हुआ था, लेकिन उस समय ट्रिमूर्ति फिल्म्स ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की।
कोर्ट ने 2016 में फिल्म “अजहर” को लेकर भेजे गए नोटिसों का भी जिक्र किया और कहा कि 'त्रिमूर्ति' फिल्म्स इन दस्तावेजों की सच्चाई से इनकार नहीं कर सकी।
अदालत ने फिल्म की OTT रिलीज पर रोक लगाने से भी इनकार कर दिया। हालांकि कोर्ट ने Super Cassettes Industries Pvt. Ltd. को चार हफ्ते के भीतर 50 लाख रुपये कोर्ट में जमा कराने का निर्देश दिया है। यह रकम केस खत्म होने तक ब्याज के साथ सुरक्षित रखी जाएगी और अंतिम फैसले के बाद सफल पक्ष को दी जाएगी।
विधि शाह ने 'Zee Music Company' में नई जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले वह 'Disney+ Hotstar' में इंडिया ओरिजिनल्स और मूवीज की मार्केटिंग लीड के पद पर कार्यरत थीं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
विधि शाह ने Zee Music Company के साथ अपने नए सफर की शुरुआत की है। उन्होंने कंपनी में डायरेक्टर – मार्केटिंग के पद पर जॉइन किया है। इस नियुक्ति की जानकारी उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट के जरिए साझा की। विधि शाह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह “म्यूजिक, कल्चर, क्रिएटर्स और फैंडम्स के इंटरसेक्शन” पर एक नए और रोमांचक अध्याय की शुरुआत कर रही हैं।
मीडिया, एंटरटेनमेंट और डिजिटल मार्केटिंग इंडस्ट्री में विधि शाह को 16 वर्षों से अधिक का अनुभव है। Zee Music Company से पहले वह Disney+ Hotstar के साथ जुड़ी थीं, जहां उन्होंने Marketing Lead – India Originals & Movies के तौर पर काम किया। इसके अलावा वह BookMyShow, Endurance International Group, Webchutney और IMS Learning Resources जैसी कंपनियों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुकी हैं।
कंपनी में अपनी नई भूमिका के तहत विधि शाह ब्रांड नैरेटिव, म्यूजिक मार्केटिंग और पॉप कल्चर से जुड़े कैंपेन पर फोकस करेंगी। उनका उद्देश्य ऐसे कैंपेन तैयार करना होगा जो बड़े दर्शक वर्ग से जुड़ने के साथ सांस्कृतिक रूप से भी प्रभावशाली हों। Zee Music Company भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री की प्रमुख कंपनियों में शामिल है और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर इसकी मजबूत मौजूदगी मानी जाती है।
Vi Movies & TV ने Bullet Microdrama App के साथ मिलकर माइक्रोड्रामा कैटेगरी में एंट्री की है। यूजर्स को अब शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट बिना अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध होगा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
Vodafone Idea के कंटेंट एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म Vi Movies & TV ने माइक्रोड्रामा कैटेगरी में एंट्री का ऐलान किया है। कंपनी ने Bullet Microdrama App के साथ साझेदारी करते हुए यूजर्स को छोटे और सीरियलाइज्ड कंटेंट बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध कराने की पहल की है। इस कदम के साथ पहली बार Vi Movies & TV पर माइक्रोड्रामा कंटेंट उपलब्ध होगा, जिसे यूजर्स सीधे ऐप के जरिए एक्सेस कर सकेंगे।
यह लॉन्च भारत में मोबाइल-फर्स्ट और शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए किया गया है। भारत में माइक्रोड्रामा तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। Q1 2025 में इस कैटेगरी के ग्लोबल डाउनलोड्स में भारत की हिस्सेदारी 11% रही, जो 3.5 करोड़ डाउनलोड तक पहुंच गई। अनुमान है कि यह बाजार 2026 तक 1.5 बिलियन डॉलर और 2030 तक 4.5 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है।
इस ग्रोथ के पीछे टियर II और टियर III शहरों में बढ़ती खपत, युवा दर्शकों की रुचि और बदलती व्यूइंग आदतें प्रमुख कारण हैं। ऐसे कंटेंट का दैनिक वॉच टाइम 40 से 90 मिनट तक रहता है और इसकी कंप्लीशन रेट 90% से अधिक है। Vi Movies & TV पहले से ही 20 से ज्यादा OTT प्लेटफॉर्म्स जैसे JioHotstar, SonyLIV, ZEE5 और Amazon MX Player का कंटेंट उपलब्ध कराता है, साथ ही 400 से अधिक लाइव टीवी चैनल्स भी ऑफर करता है।
नए माइक्रोड्रामा सेक्शन में Rickshaw Romeo, AutoRaja, Lady Boss, Comedy Couple और Sweet 16 जैसे मल्टीलिंगुअल कंटेंट शामिल होंगे। इस पहल के जरिए Vi अपने प्लेटफॉर्म को और मजबूत बनाते हुए उभरते कंटेंट फॉर्मेट्स के साथ कदम मिला रहा है।
यशराज फिल्म्स माइक्रोड्रामा स्पेस में एंट्री की तैयारी कर रहा है। 150 करोड़ के निवेश के साथ नया ऐप लॉन्च कर शॉर्ट-फॉर्म डिजिटल कंटेंट के जरिए दर्शकों तक सीधे पहुंचने की योजना है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भारत के प्रमुख फिल्म प्रोडक्शन हाउस Yash Raj Films (यशराज फिल्म्स) अब डिजिटल स्पेस में बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी माइक्रोड्रामा सेगमेंट में एंट्री करने जा रही है और इसके लिए एक नया डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर ऐप लॉन्च करेगी।
बताया जा रहा है कि यशराज फिल्म्स इस नई पहल के तहत अगले कुछ वर्षों में करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। इस निवेश का उपयोग शॉर्ट-फॉर्म माइक्रोड्रामा कंटेंट तैयार करने और उसे होस्ट करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने में किया जाएगा।
कंपनी का यह कदम उसकी पारंपरिक थिएटर फिल्मों से आगे बढ़कर डिजिटल दर्शकों तक सीधे पहुंचने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। बदलती ऑडियंस हैबिट्स और मोबाइल कंटेंट की बढ़ती खपत को देखते हुए, YRF अब छोटे और तेज फॉर्मेट वाले कंटेंट पर फोकस कर रहा है।
इस नए वर्टिकल का नेतृत्व कंपनी के सीईओ Akshaye Widhani (अक्षय विधानी) करेंगे। वहीं कंटेंट डेवलपमेंट की जिम्मेदारी Saugata Mukherjee (सौगत मुखर्जी) संभालेंगे, जो स्ट्रीमिंग, फिल्म और माइक्रोड्रामा प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाएंगे।
‘Lawrence of Punjab’ डॉक्यूमेंट्री-सीरीज़ पर विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह ने पीएम से बैन की मांग की है, आरोप लगाया कि यह अपराध को बढ़ावा देती है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
ZEE5 की आगामी डॉक्यूमेंट्री-सीरीज़ ‘Lawrence of Punjab’ को लेकर विवाद तेज हो गया है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा सांसद अमरिंदर सिंह राजा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इसकी रिलीज पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय को निर्देश दिए जाएं ताकि इस सीरीज़ के प्रसारण को रोका जा सके। यह सीरीज़ 27 अप्रैल 2026 को ZEE5 पर रिलीज होने वाली है।
कांग्रेस नेता ने ZEE5 को कानूनी नोटिस भी भेजा है और मांग की है कि रिलीज को फिलहाल टाल दिया जाए। साथ ही, वह पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर करने की तैयारी में हैं। उनका आरोप है कि यह सीरीज़ गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का महिमामंडन करती है और पंजाब की छवि को नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि बिश्नोई का पंजाब से कोई संबंध नहीं है, फिर भी शीर्षक में ‘Punjab’ शब्द का उपयोग राज्य को बदनाम करने की कोशिश है।
सीरीज़ के निर्माताओं का कहना है कि यह डॉक्यूमेंट्री-सीरीज़ लॉरेंस बिश्नोई के जीवन को एक केस स्टडी के रूप में दिखाती है, जिसमें छात्र राजनीति, संगीत और मीडिया के प्रभाव को समझने की कोशिश की गई है। हालांकि, ट्रेलर रिलीज के बाद से ही पंजाब में इसका विरोध बढ़ गया है।
मद्रास हाईकोर्ट ने तमन्ना भाटिया की 1 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग वाली अपील खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि कंपनी द्वारा कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद तस्वीरों के उपयोग का पर्याप्त सबूत नहीं है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मद्रास हाईकोर्ट ने अभिनेत्री तमन्ना भाटिया की उस अपील को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने 'Power Soaps' के खिलाफ 1 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की थी। यह मामला उनके ब्रैंड एग्रीमेंट के समाप्त होने के बाद कथित तौर पर उनकी तस्वीरों के इस्तेमाल से जुड़ा था। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच, जिसमें जस्टिस पी वेलमुरुगन और जस्टिस के गोविंदराजन थिलकवाडी शामिल थे, ने 2017 के एकल न्यायाधीश के फैसले को बरकरार रखा।
जानकारी के मुताबिक, तमन्ना भाटिया ने अक्टूबर 2008 में Power Soaps के साथ एक समझौता किया था, जिसके तहत उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल साबुन के रैपर पर एक साल तक किया जा सकता था। यह अनुबंध 6 अक्टूबर 2009 तक वैध था और इसके बाद इसे नवीनीकृत नहीं किया गया। अभिनेत्री का आरोप था कि कंपनी ने अनुबंध खत्म होने के बाद भी उनकी तस्वीरों का उपयोग जारी रखा, जिससे उन्हें आर्थिक और प्रतिष्ठात्मक नुकसान हुआ।
हालांकि, कंपनी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं है जो यह साबित करे कि अनुबंध समाप्त होने के बाद तस्वीरों का उपयोग किया गया। कोर्ट ने भी दस्तावेजों की जांच के बाद पाया कि प्रस्तुत साक्ष्य पर्याप्त नहीं हैं। इसी आधार पर अदालत ने पहले के फैसले को सही ठहराते हुए अपील खारिज कर दी।
भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर गायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर गायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी आवाज ने दशकों तक लोगों के दिलों पर राज किया और अब उनके जाने से संगीत प्रेमियों में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, उन्हें शनिवार को मुंबई के Breach Candy Hospital में भर्ती कराया गया था। उन्हें दिल और सांस से जुड़ी परेशानी हो रही थी। पिछले कुछ महीनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी और अस्पताल लाए जाने के वक्त उनकी हालत काफी गंभीर बताई गई। उन्हें ICU में रखा गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे आनंद ने रविवार दोपहर इस खबर की पुष्टि की। अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा।
आशा भोसले का करियर बेहद शानदार और लंबा रहा। उनका नाम हिंदी फिल्म संगीत की सबसे बड़ी आवाजों में गिना जाता है। उनकी तुलना अक्सर उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर से की जाती थी। 1933 में एक संगीत परिवार में जन्मीं आशा ने बहुत कम उम्र में ही गाना शुरू कर दिया था। उन्होंने 1940 के दशक में अपना पहला फिल्मी गीत गाया और 1950 के दशक तक बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना ली।
शुरुआत में उन्हें कैबरे या डांस नंबर तक सीमित कर दिया गया था, लेकिन उन्होंने खुद को उसी तक नहीं रोका। उन्होंने ग़जल, क्लासिकल और हर तरह के गीतों में अपनी खास पहचान बनाई। फिल्म उमराव जान का “दिल चीज क्या है” और इजाजत का “मेरा कुछ सामान” जैसे गीत आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।
अपने करियर में आशा भोसले को कई बड़े सम्मान मिले। उन्होंने सात बार फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता और दो बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित हुईं।
कुछ साल पहले दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने आज के संगीत पर अपनी राय भी रखी थी। उन्होंने कहा था कि वह आजकल के गाने कम ही सुनती हैं और ज्यादातर शास्त्रीय संगीत, ग़जल और पुराने गीतों को ही सुनना पसंद करती हैं। उनका मानना था कि पुराने गानों में सीखने और अपनी कला को निखारने का ज्यादा मौका मिलता है।
आशा भोसले का जाना भारतीय संगीत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी आवाज और उनके गीत हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।