होम / टेलिस्कोप / कोरोना का एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर बुरा असर, अब इस शो की शूटिंग पर भी लगी रोक
कोरोना का एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर बुरा असर, अब इस शो की शूटिंग पर भी लगी रोक
लोग कोरोना वायरस को हराने के लिए सेल्फ आइसोलेशन और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे तरीके अपना रहे हैं। वहीं इसका असर अब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर भी साफ-साफ दिखाई दे रहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
दुनिया भर में कोरोना वायरस का खौफ जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूरे देश से घर से बाहर ना निकलने की अपील की है। लोगों में डर है, लिहाजा लोग इस वायरस को हराने के लिए सेल्फ आइसोलेशन और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे तरीके अपना रहे हैं। वहीं इसका असर अब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर भी साफ-साफ दिखाई दे रहा है। कई टीवी शोज और फिल्मों की शूटिंग रोक दी गई है और स्टार्स घरों में रहकर ही वक्त बिता रहे हैं।
इसी कड़ी में अब मलयालम एंटरटेनटमेंट चैनल ‘एशियानेट’ ने कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अपने रियलिटी टीवी शो ‘बिग बॉस सीजन 2’ के प्रसारण को 21 मार्च से अस्थायी रूप रोक दिया है और इसकी शूटिंग भी रोक दी है। शुक्रवार को इस चर्चित शो का आखिरी एपिसोड प्रसारित किया जाएगा। हालांकि इसके बाद संभवतः मेकर्स पुराने एपिसोड का ही रिपीट टेलिकास्ट करना जारी रखेंगे।
एशियानेट ने जारी बयान में कहा कि कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में एक जिम्मेदार चैनल के तौर पर वह भी बिग बॉस के परिवार के सदस्यों और शो से जुड़े क्रू-मेंबर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। लिहाजा इस आपातकाल की स्थिति में बिग बॉस शो की शूटिंग जारी नहीं रखी जा सकती है, इसलिए ‘बिग बॉस-2’ को शनिवार 21 मार्च से अस्थायी तौर निलंबित कर दिया गया है। एशियानेट के मुताबिक, यह फैलला कोरोनो के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए सरकार द्वारा बताए गए एहतियाती कदम के समर्थन में लिया गया है।
बता दें कि पिछले कुछ समय से शो को ऑफ एयर किए जाने की खबरें सोशल मीडिया पर चल रही थीं, लेकिन अब इसकी आधिकारिक रूप से घोषणा कर दी गई है।
मेकर्स ने कास्ट और क्रू की सेहत का ख्याल रखने के लिहाज से ऐसा किया है। घर में मौजूद ज्यादातर कंटेस्टेंट पहले ही बिग बॉस हाउस से बाहर किए जा चुके हैं।
सुपरस्टार मोहनलाल इस शो को होस्ट कर रहे हैं और यह सीजन अभी तक 70 दिनों को पार कर चुका है। रियलिटी शो के प्रड्यूसर एंडेमोल शाइन इंडिया ने एडमिनिस्ट्रेटिव और प्रॉडक्शन डिपार्टमेंट को अगले नोटिस तक के लिए सस्पेंड कर दिया है। बता दें कि इस बार का बिग बॉस काफी ज्यादा विवादित बना हुआ था।
बता दें कि बिग बॉस मलयालम के दूसरे सीजन की शुरुआत 5 फरवरी से हुई थी। शो में 17 कंटेस्टेंट्स को शामिल किया गया था। बाद में 5 वाइल्ड कार्ड एंट्री ली गई थीं। इनमें मोटिवेशनल स्पीकर रंजीत कुमार, टीवी एक्ट्रेस आर्या, कॉमेडियन पशमन शाही और सोशल मीडिया स्टार फकरू को लाया गया था। देखना दिलचस्प होगा कि एक बार हालात सामान्य होने के बाद मेकर्स किस रणनीति के तहत दोबारा शो की शुरुआत करते हैं।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस को लेकर लोगों में जिस तरह की दहशत है उसे ध्यान में रखते हुए इससे पहले कलर्स चैनल ने ‘मुझसे शादी करोगे’ शो की शूटिंग रोक दी और सभी कंटेस्टेंट को वापस घर भेज दिया है। वहीं जाने-माने निर्देशक रोहित शेट्टी ने भी 24 मार्च को रिलीज होने वाली फिल्म 'सूर्यवंशी' की रिलीज डेट ही टाल दी है और वो यह फिल्म तब तक रिलीज नहीं करेंगे जब तक कोरोना वायरस का खतरा टल नहीं जाता है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कोरोना वायरस की वजह से बॉलीवुड को फिलहाल 700 -800 करोड़ का नुकसान होता दिखाई दे रहा है। वहीं पर टीवी इंडस्ट्री में यह नुकसान इससे कई गुना ज्यादा माना जा रहा है।
ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा की मानें तो इस लॉकडाउन से टीवी इंडस्ट्री को 1000 से 1200 करोड़ तक का नुकसान झेलना होगा। नुकसान का यह आंकड़ा और बढ़ सकता है लेकिन इसकी भरपाई करना आने वाले समय में तो नामुमकिन है।
टैग्स कोरोना वायरस एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री बिग बॉस-2