होम / टेलिस्कोप / ‘Tandav’ मामले में एमेजॉन प्राइम ने मांगी माफी, कही ये बात
‘Tandav’ मामले में एमेजॉन प्राइम ने मांगी माफी, कही ये बात
विवादों में घिरी सैफ अली खान की हालिया वेब सीरीज ‘तांडव’ (Tandav) के मामले में ओटीटी प्लेटफॉर्म एमेजॉन प्राइम वीडियो ने बिना शर्त माफी मांगी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
विवादों में घिरी सैफ अली खान (Saif Ali Khan) की हालिया वेब सीरीज ‘तांडव’ (Tandav) के मामले में ओटीटी प्लेटफॉर्म एमेजॉन प्राइम वीडियो (Amazon Prime) ने बिना शर्त माफी मांगी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एमेजॉन प्राइम वीडियो की तरफ से इस बारे में एक बयान जारी किया गया है। इस बयान में कहा गया है, ‘हमारे व्युअर्स को हाल ही में रिलीज हुई हमारी वेब सीरीज तांडव के कुछ सीन आपत्तिजनक लगे, इसके लिए हमें खेद है। हमारा मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन तमाम सीन को या तो हटा दिया गया या फिर एडिट कर दिया गया है। हम अपने दर्शकों की भावनाओं का सम्मान करते हैं और उन लोगों से माफी मांगते हैं, जिन्हें ठेस पहुंची।’
इसके अलावा एमेजॉन प्राइम की तरफ से ये भी कहा गया है, ‘हम भारतीय कानूनों का अनुपालन करते हुए और दर्शकों की आस्था का सम्मान करते हुए आगे बेहतर मनोरंजन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दर्शकों की सुविधा के लिए कंपनी की पॉलिसी को लगातार अपडेट करने की जरूरत है।’
बता दें कि इससे पहले इलाहाबाद हाई कोर्ट ने ‘एमेजॉन प्राइम वीडियो’ (Amazon Prime) की ओरिजनल कंटेंट हेड (इंडिया) अपर्णा पुरोहित की अंतरिम जमानत की अर्जी खारिज कर दी थी।
गौरतलब है कि ‘तांडव’ (Tandav) को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। इस वेब सीरीज को एमेजॉन प्राइम वीडियो ने जारी किया है। आरोप हैं कि इस वेब सीरीज में कुछ ऐसे सीन दिखाए गए हैं, जिससे दर्शकों की भावना को ठेस पहुंची है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में अपर्णा पुरोहित समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
इस वेब सीरीज में सैफ अली खान (Saif Ali Khan), डिंपल कपाड़िया (Dimple Kapadia), सुनील ग्रोवर (Sunil Grover), तिग्मांशु धूलिया, डिनो मोरिया, कुमुद मिश्रा, मोहम्मद जीशान अय्यूब (Zeeshan Ayyub), गौहर खान और कृतिका कामरा ने मुख्य भूमिका निभाई है।
इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज कोटक ने सूचना-प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखकर ‘तांडव’ पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। वेब सीरीज के कंटेंट को लेकर आ रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने एमेजॉन प्राइम वीडियो से स्पष्टीकरण मांगा था।
विवाद के बीच, 'तांडव' के निर्देशक अली अब्बास जफर ने इस वेब सीरीज के कलाकारों और क्रू मेंबर्स की ओर से माफी जारी की थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि वेब सीरीज काल्पनिक है और इसका किसी भी धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं है।
टैग्स माफी सैफ अली खान एमेजॉन प्राइम तांडव अपर्णा पुरोहित