होम / मीडिया फोरम / संसद टीवी पर प्रसारित होगी राजस्थान की स्वर्ण कारीगरी की अनमोल कहानी 'थेवा'
संसद टीवी पर प्रसारित होगी राजस्थान की स्वर्ण कारीगरी की अनमोल कहानी 'थेवा'
फिल्ममेकर शिवानी पांडे द्वारा निर्देशित डॉक्यूमेंट्री 'थेवा' का प्रसारण संसद टीवी पर होगा। यह फिल्म राजस्थान की प्राचीन स्वर्ण कला 'थेवा' की परंपरा, शिल्पकारों के संघर्ष को उजागर करती है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
भारत की समृद्ध हस्तकला परंपरा को समर्पित डॉक्यूमेंट्री ‘थेवा(Thewa)’ का प्रसारण संसद टीवी पर 7 नवंबर, शुक्रवार शाम 6 बजे और पुनः प्रसारण 9 नवंबर, रविवार दोपहर 12 बजे किया जाएगा। यह फिल्म राजस्थान के प्रतापगढ़ की सदियों पुरानी 'थेवा कला’ पर आधारित है, जिसमें शिल्पकार कांच पर 23 कैरेट सोने की महीन परत चढ़ाकर अद्भुत गहने और सजावटी वस्तुएँ तैयार करते हैं।
फिल्म इस दुर्लभ कला की खूबसूरती के साथ-साथ उन कलाकारों के जीवन को भी उजागर करती है, जो परंपरागत तकनीकों को पीढ़ियों से संजोए हुए हैं। बदलते समय और सीमित संसाधनों के बीच उनका संघर्ष और समर्पण इस डॉक्यूमेंट्री का भावनात्मक केंद्र है।
संवेदनशील सिनेमैटोग्राफी और आत्मीय कहानी कहने की शैली के साथ 'थेवा' भारतीय परंपरा और आधुनिकता के बीच चल रहे संवाद को खूबसूरती से प्रस्तुत करती है। निर्देशक शिवानी पांडे, जो एक प्रतिष्ठित फोटो जर्नलिस्ट, लेखिका और फिल्ममेकर हैं, ने इस फिल्म के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक धरोहर की गहराई को एक नए दृष्टिकोण से सामने रखा है।
उन्होंने पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी फिल्मों और तस्वीरों से भारत की लोक परंपराओं, ग्रामीण जीवन और सामाजिक विकास की कहानियाँ साझा की हैं। 'थेवा' का प्रसारण भारतीय हस्तकला की दस्तावेजी परंपरा में एक अहम मील का पत्थर साबित होगा, जो दर्शकों को यह याद दिलाता है कि भारत की असली पहचान उसके शिल्प, संस्कृति और परंपरा में बसती है।
टैग्स