होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / वरिष्ठ पत्रकार कृष्णा प्रसाद ने The Hindu ग्रुप को कहा अलविदा, लिखा ये संदेश
वरिष्ठ पत्रकार कृष्णा प्रसाद ने The Hindu ग्रुप को कहा अलविदा, लिखा ये संदेश
वरिष्ठ पत्रकार कृष्णा प्रसाद ने ‘द हिंदू’ (THE HINDU) ग्रुप में एडिटोरियल ऑफिसर का पद छोड़ने का फैसला लिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
वरिष्ठ पत्रकार कृष्णा प्रसाद ने ‘द हिंदू’ (THE HINDU) ग्रुप में एडिटोरियल ऑफिसर का पद छोड़ने का फैसला लिया है। विश्वस्त सूत्रों के हवाले से मिली खबर के अनुसार, इस बारे में कृष्णा प्रसाद ने एक संदेश भी लिखा है। इस संदेश में कृष्णा प्रसाद ने लिखा है, ‘थोड़ी निराशा लेकिन कुछ संतुष्टि के साथ मैंने अगस्त में ‘द हिंदू’ द्वारा मुझे दी गई जिम्मेदारी से खुद को अलग करने का फैसला किया है। आज यहां मेरा आखिरी दिन है।’
इसके साथ ही उन्होंने लिखा है, ‘हालांकि, यह पारी काफी छोटी रही, लेकिन इस दौरान काफी कुछ सीखने को मिला। इसके लिए मैं आप सभी को बहुत धन्यवाद देता हूं। उम्मीद है कि हम संपर्क में बने रहेंगे और ईश्वर ने चाहा तो फिर किसी मोड़ पर मुलाकात होगी। आप सभी को शुभकामनाएं।’
बता दें कि ‘द हिंदू’ (THE HINDU), ‘द हिंदू बिजनेसलाइन’ (The Hindu BusinessLine), ‘फ्रंटलाइन’ (Frontline) और ‘स्पोर्टस्टार’ (Sportstar) के पब्लिशर ‘द हिन्दू ग्रुप पब्लिशिंग प्राइवेट लिमिटेड’ (The Hindu Group Publishing Private Limited) ने कृष्णा प्रसाद को ग्रुप एडिटोरियल ऑफिसर के पद पर नियुक्त किया था। उनकी यह नियुक्ति 16 अप्रैल 2021 से प्रभावी थी। अपनी इस भूमिका में उनके ऊपर ‘द हिंदू समूह’ के सभी प्रकाशनों में समन्वित प्रयासों से, विभिन्न प्रिंट प्रकाशनों और डिजिटल सामग्री में अधिक से अधिक तालमेल बैठाते हुए नेतृत्व करने की जिम्मेदारी थी।
प्रसाद को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का काफी लंबा अनुभव है। पूर्व में प्रसाद ‘आउटलुक’ (Outlook) मैगजीन के एडिटर-इन-चीफ और ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ (Times of India group) ग्रुप के अखबार ‘विजय टाइम्स’ (Vijay Times) के एडिटर रह चुके हैं। वह ‘प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया’ (Press Council of India) के सदस्य भी रह चुके हैं। वह डिजिटल शैली को अपनाने वाले शुरुआती मुख्यधारा के पत्रकारों में से एक हैं।
टैग्स द हिंदू कृष्णा प्रसाद एडिटोरियल ऑफिसर