होम / ब्रैंड स्पीक्स / रिलायंस और डिज्नी में हुआ करार, नीता अंबानी संभालेंगी Joint Venture की कमान
रिलायंस और डिज्नी में हुआ करार, नीता अंबानी संभालेंगी Joint Venture की कमान
इस समझौते के तहत ‘वायकॉम18’ और ‘स्टार इंडिया’ के बिजनेस को आपस में मिला दिया जाएगा। उदय शंकर इस जॉइंट वेंचर में वाइस चेयरपर्सन होंगे, जो इसे रणनीतिक मार्गदर्शन (Strategic Guidance) प्रदान करेंगे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
‘रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड’ (RIL), वायकॉम18 और ‘वॉल्ट डिज्नी’ ने 28 फरवरी को विलय यानी जॉइंट वेंचर के लिए एक बाध्यकारी समझौते (binding agreement) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत ‘वायकॉम18’ और ‘स्टार इंडिया’ के बिजनेस को आपस में मिला दिया जाएगा।
इस समझौते के तहत ‘वायकॉम18’ के मीडिया उपक्रम का अदालत द्वारा अनुमोदित व्यवस्था योजना के माध्यम से ‘स्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ (SIPL) में विलय कर दिया जाएगा। इसके अलावा, आरआईएल ने इस जॉइंट वेंचर की ग्रोथ स्ट्रैटेजी के लिए इसमें 11,500 करोड़ रुपये का निवेश करने पर भी सहमति जताई है।
पोस्ट-मनी बेसिस पर इस जॉइंट वेंचर की ट्रांजैक्शन वैल्यू 70,352 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद जॉइंट वेंचर में 16.34 फीसदी हिस्सेदारी रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास रहेगी, जबकि वायकॉम18 के पास 46.82 फीसदी और डिज्नी के पास 36.84 फीसदी हिस्सेदारी रहेगी।
डिज्नी इस जॉइंट वेंचर में कुछ अतिरिक्त मीडिया संपत्तियों का योगदान भी कर सकता है। डिज्नी इस जॉइंट वेंचर को कंटेंट लाइसेंस भी प्रदान करेगी। नीता अंबानी इस जॉइंट वेंचर की चेयरपर्सन होंगी, जबकि उदय शंकर वाइस चेयरपर्सन होंगे, जो इस जॉइंट वेंचर को रणनीतिक मार्गदर्शन (strategic guidance) प्रदान करेंगे। यह पूरी कवायद वर्ष 2024 के अंत या 2025 की शुरुआत में पूरा होने की उम्मीद है।
बताया जाता है कि यह जॉइंट वेंचर भारत में एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स कंटेंट के लिए अग्रणी टीवी और डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफार्म्स में से एक होगा, जो एंटरटेनमेंट (जैसे कलर्स, स्टारप्लस, स्टारगोल्ड) और स्पोर्ट्स (जैसे स्टार स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स18) में प्रतिष्ठित मीडिया संपत्तियों को एक साथ लाएगा, जिसमें जियोसिनेमा (JioCinema) और हॉटस्टार (Hotstar) के माध्यम से टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफार्म्स पर कार्यक्रमों की पहुंच भी शामिल होगी।
इस जॉइंट वेंचर के बारे में ‘रिलायंस इंडस्ट्रीज’ के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी का कहना है, ‘यह एक ऐतिहासिक समझौता है जो भारतीय एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक नए युग की शुरुआत करेगा। हमने हमेशा डिज्नी को विश्व स्तर पर सर्वश्रेष्ठ मीडिया समूह के रूप में सम्मान दिया है और इस स्ट्रटैजिक जॉइंट वेंचर के बनने से हम बहुत उत्साहित हैं जो हमें देश भर के दर्शकों के लिए सस्ती कीमतों पर बेहतरीन कंटेंट प्रदान करने के लिए हमारे व्यापक संसाधनों, रचनात्मक कौशल और बाजार अंतर्दृष्टि को एकत्रित करने में मदद करेगा। हम रिलायंस समूह के प्रमुख भागीदार के रूप में डिज्नी का स्वागत करते हैं।’
इस बारे में वॉल्ट डिज्नी के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर बॉब आइगर का कहना है, ‘भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला बाजार है, और हम उन अवसरों के लिए उत्साहित हैं जो यह जॉइंट वेंचर कंपनी के लिए दीर्घकालिक मूल्य बनाने के लिए प्रदान करेगा। रिलायंस को भारतीय मार्केट और उपभोक्ताओं की गहरी समझ है और हम मिलकर इस जॉइंट वेंचर को देश की अग्रणी मीडिया कंपनियों में से एक बनाएंगे, जिससे हम डिजिटल सेवाओं और एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स कंटेंट के व्यापक पोर्टफोलियो के साथ उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा दे सकेंगे।’
वहीं, ‘बोधि ट्री सिस्टम्स’ (Bodhi Tree Systems) के को-फाउंडर उदय शंकर का कहना है, ‘हमें रिलायंस के साथ अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का सौभाग्य मिला है, जिसमें अब मीडिया और एंटरटेनमेंट में अग्रणी डिज्नी को भी शामिल किया गया है। हम सभी अपने दर्शकों, विज्ञापनदाताओं और भागीदारों को असाधारण मूल्य प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह जॉइंट वेंचर भारत में एंटरटेनमेंट के भविष्य को आकार देने और डिजिटल इंडिया को वैश्विक उदाहरण बनाने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को गति देने के लिए तैयार है।’
टैग्स रिलायंस इंडस्ट्री डिज्नी मर्जर नीता अंबानी जॉइंट वेंचर