होम / ब्रैंड स्पीक्स / NDTV के टेकओवर में जुटे अडानी ग्रुप को ओपन ऑफर के दूसरे दिन मिली थोड़ी राहत
NDTV के टेकओवर में जुटे अडानी ग्रुप को ओपन ऑफर के दूसरे दिन मिली थोड़ी राहत
NDTV में 26 फीसदी की अतिरिक्त हिस्सेदारी हासिल करने की कवायद में जुटे अडानी ग्रुप (Adani group) को ओपन ऑफर (Open Offer) से दूसरे दिन थोड़ी राहत मिली
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
देश की अग्रणी मीडिया कंपनियों में शुमार ‘नई दिल्ली टेलीविजन’ (NDTV) में 26 फीसदी की अतिरिक्त हिस्सेदारी हासिल करने की कवायद में जुटे जाने-माने कारोबारी गौतम अडानी के नेतृत्व वाले अडानी ग्रुप (Adani group) को ओपन ऑफर (Open Offer) से दूसरे दिन थोड़ी राहत मिली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अडानी ग्रुप कुछ ही निवेशकों से शेयरों को वापस खरीदने में कामयाब रहा है।
लगभग 493 करोड़ रुपए का ओपन ऑफर कंपनी में अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस ओपन ऑफर के शुरू होने के दूसरे दिन बुधवार को करीब 1.8 मिलियन ही शेयर्स टेंडर हुए थे। यह कीमत 10.76 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मानें तो ओपन ऑफर के पहले ही दिन कोई सामने नहीं आया। यह ओपन ऑफर पांच दिसंबर तक जारी रहेगा, जोकि 294 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से करीब 1.67 करोड़ शेयरों के लिए है।
फिलहाल, जिन्होंने अपने शेयर टेंडर किए हैं, उनके नामों से पर्दा ओपन ऑफर के आखिरी दिन उठेगा।
गौरतलब है कि अडानी एंटरप्राइजेज के पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी ‘एएमजी मीडिया नेटवर्क्स लिमिटेड’ (AMNL) ने ‘एनडीटीवी’ में 29.18% हिस्सेदारी हासिल कर ली है। यह ओपन ऑफर अतिरिक्त 26% हिस्सेदारी के लिए लाया गया है।
बता दें कि अडानी ग्रुप ने इस साल अगस्त में विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (VCPL) का अधिग्रहण करने की घोषणा की थी। वीसीपीएल ने एनडीटीवी के फाउंडर्स को एक दशक पहले 400 करोड़ रुपए से अधिक राशि कर्ज के तौर पर दी थी, इस कर्ज के एवज में कर्जदाता को किसी भी समय एनडीटीवी में 29.18 फीसदी हिस्सेदारी लेने का प्रावधान रखा गया था। अडानी ग्रुप के हाथों अधिग्रहण के बाद वीसीपीएल ने 17 अक्टूबर को ऐलान किया था कि वह एनडीटीवी के अल्पांश शेयरधारकों से एडिशनल 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए ओपन ऑफर लाएगा। वीसीपीएल के साथ एएमजी मीडिया नेटवर्क्स और अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड यह 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेंगे।
टैग्स एनडीटीवी शेयर ओपन ऑफर