होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘जी न्यूज’ को बाय बोलकर राम मोहन शर्मा ने तलाशी नई मंजिल
‘जी न्यूज’ को बाय बोलकर राम मोहन शर्मा ने तलाशी नई मंजिल
समाचार4मीडिया से बातचीत में राम मोहन शर्मा का कहना था कि वह जल्द ही एक अन्य संस्थान में जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं। हालांकि, फिलहाल उन्होंने इस संस्थान के नाम का खुलासा नहीं किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
पत्रकार राम मोहन शर्मा ने ‘जी न्यूज’ (Zee News) में अपनी पारी को विराम दे दिया है। समाचार4मीडिया से बातचीत में राम मोहन शर्मा ने अपने इस्तीफे की पुष्टि की है।
अपनी नई पारी के बारे में पूछे जाने पर राम मोहन शर्मा का कहना था कि वह जल्द ही एक अन्य संस्थान में जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं। हालांकि, फिलहाल उन्होंने इस संस्थान के नाम का खुलासा नहीं किया है।
राम मोहन शर्मा करीब 12 वर्ष से ‘जी मीडिया’ के अलग-अलग चैनलों के लिए एंकरिंग कर रहे थे, जिनमें जी मध्य प्रदेश/छत्तीसगढ़ और जी उत्तर प्रदेश/ उत्तराखंड के लिए प्राइम टाइम डिबेट शो का चेहरा रहे। पिछले तीन वर्षों से अधिक समय से वह ‘जी न्यूज’ के लिए एंकरिंग कर रहे थे।
यहां वह साक्षात्कार, फील्ड रिपोर्टिंग और सामान्य न्यूज बुलेटिन के साथ ही हर वीकेंड पर चैनल के प्राइम टाइम शो 'राजनीति', 'देशहित' और 'बड़ी खबर' को होस्ट कर रहे थे।
मूल रूप से झांसी (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले राम मोहन शर्मा को एंकरिंग का करीब 14 साल का अनुभव है। पूर्व में वह ‘इंडिया न्यूज’, ‘ईटीवी’ और ‘न्यूज18’ जैसे बड़े ब्रैंड्स के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने देश के कई मंत्रियों, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्रियों के साथ कई महत्वपूर्ण साक्षात्कार किए हैं।
मध्य प्रदेश का हवाला घोटाला, व्यापम घोटाला, मंदसौर किसान गोलीकांड, भिंड के ईवीएम घोटाले के आरोप, यूपी का बिकरू हत्याकांड, सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड आदि पर उनकी कवरेज को काफी सराहना मिली।
राम मोहन शर्मा ने वर्ष 2018 के मध्य प्रदेश चुनाव में 150 से ज्यादा सीटों पर पॉलिटिकल रिपोर्टिंग की, 2019 में सत्ता परिवर्तन के दौरान पॉलिटिकल क्राइसिस को कवर किया। 2019 का लोकसभा चुनाव और फिर 2022 का उत्तर प्रदेश चुनाव जमीन पर रहकर कवर किया और बड़े डिबेट शो होस्ट किए। पिछले दिनों आई फिल्म ‘आदिपुरुष’ के दौरान मनोज मुंतशिर के एक इंटरव्यू ने उन्हें कुछ समय सुर्खियों में रखा। हिंदी और संस्कृत पर अच्छी पकड़ के साथ-साथ राजनीति और धर्म की उन्हें काफी अच्छी समझ है।
वर्ष 2021-22 में राम मोहन शर्मा को उनके द्वारा होस्ट किए गए शोज के लिए ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ (enba) से सम्मानित किया जा चुका है। समाचार4मीडिया की ओर से राम मोहन शर्मा को उनकी नई पारी के लिए अग्रिम शुभकामनाएं।
टैग्स