होम / टीवी / मुश्किलों में घिरे न्यूज एंकर रोहित रंजन, सामने आयी अब ये खबर
मुश्किलों में घिरे न्यूज एंकर रोहित रंजन, सामने आयी अब ये खबर
‘जी समूह’ (Zee Group) लगातार पिछले कुछ दिनों से मीडिया की सुर्खियों में बना हुआ है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘जी समूह’ (Zee Group) लगातार पिछले कुछ दिनों से मीडिया की सुर्खियों में बना हुआ है। पहले इस समूह के हिंदी न्यूज चैनल ‘जी न्यूज’ (Zee News) के एडिटर-इन-चीफ और सीईओ सुधीर चौधरी के इस्तीफे ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। वहीं, अब चैनल के लोकप्रिय प्राइम टाइम शो ‘डीएनए’ (DNA) में दिखाई गई एक खबर को लेकर यह चैनल और इसके नए होस्ट रोहित रंजन फिर एक बार मीडिया की सुर्खियों में आ गए हैं।
खबर मिली है कि कांग्रेस से जुड़ी एक खबर के मामले में दर्ज एफआईआर को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस रोहित रंजन के घर उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची। हालांकि, रोहित रंजन की गिरफ्तारी हुई या नहीं, इस बारे में पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन सूत्रों के हवाले से मिली खबरों पर भरोसा करें तो नोएडा सेक्टर 20 कोतवाली की पुलिस जरूर रोहित रंजन को अपने साथ थाने ले गई है।
इससे पहले इस बारे में रोहित रंजन ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा था, ‘बिना लोकल पुलिस को जानकारी दिए छत्तीसगढ़ पुलिस मेरे घर के बाहर मुझे अरेस्ट करने के लिए खड़ी है, क्या ये कानूनन सही है।’ अपने इस ट्वीट में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गाजियाबाद के एसएसपी और लखनऊ जोन के एडीजी को भी टैग किया है।
वहीं, इसके जवाब में छत्तीसगढ़ पुलिस ने लिखा, ‘इस तरह सूचित करने का कोई नियम नहीं है। फिर भी आपको सूचित किया गया है। पुलिस ने आपको कोर्ट का गिरफ्तारी वारंट भी दिखाया है। आपको जांच में शामिल होकर सहयोग करना चाहिए और कोर्ट में अपनी बात कहनी चाहिए।’
दरअसल, ये मामला उस समय शुरू हुआ था, जब चैनल की ओर से राहुल गांधी के बयान के बारे में गलत खबर चल गई थी। हुआ यूं कि शुक्रवार को राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड पहुंचे हुए थे, जहां उन्होंने अपने कार्यालय का दौरा किया। इस कार्यालय में माकपा की छात्र इकाई एसएफआई के कार्यकर्ताओं की ओर से हाल में बफर जोन के मुद्दे पर तोड़फोड़ की गई थी। हमलावरों को लेकर पूछे जाने पर राहुल गांधी ने एसएफआई कार्यकर्ताओं के इस कृत्य को 'गैर जिम्मेदाराना' करार दिया।
उन्होंने साफ किया कि हिंसा कभी भी समस्याओं का समाधान नहीं करती है और उनके मन में उनके (तोड़फोड़ करने वालों के) प्रति कोई क्रोध या शत्रुता नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में आप सर्वत्र जो विचार देखते हैं वह यह है कि हिंसा से समस्याएं हल हो जाएंगी। लेकिन हिंसा कभी समस्याओं का हल नहीं करती है। ऐसा करना अच्छी बात नहीं है। उन्होंने गैर-जिम्मेदाराना ढंग से काम किया। लेकिन मेरे मन में उनके प्रति कोई गुस्सा या शत्रुता का भाव नहीं है। इस दौरान उन्होंने हमलावरों के लिए कहा कि मैं उन्हें बच्चा समझता हूं। जिन लड़कों ने उनके ऑफिस में तोड़-फोड़ की वो बच्चे हैं। ये अच्छा नहीं है, लड़कों ने गैर-जिम्मेदाराना हरकत की है।
बस इसी बयान को लेकर ‘जी न्यूज’ से बड़ी गलती हो गई थी। दरअसल, अपने प्राइम टाइम शो ‘डीएनए’ में राहुल गांधी के इस बयान की वीडियो क्लिप को उदयपुर हत्याकांड से जोड़कर प्रसारित कर दिया और कहा कि राहुल गांधी ने उदयपुर हत्याकांड के आरोपितों को ‘बच्चा’ कहा है।
इसके बाद से कांग्रेस नेताओं ने चैनल को घेरना शुरू कर दिया था। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को चैनल के बाहर प्रदर्शन भी किया था। इस मामले में रोहित रंजन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हालांकि 'जी न्यूज' ने अपनी इस बड़ी गलती के लिए चैनल पर माफी भी मांग ली थी। इसके बावजूद यह विवाद फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है।
बता दें कि पिछले दिनों ही लंबे समय से रात नौ बजे ‘DNA’ होस्ट कर रहे सुधीर चौधरी से इस शो की जिम्मेदारी वापस लेकर ‘जी हिन्दुस्तान’ (Zee Hindustan) के एंकर रोहित रंजन को दी गई है। पिछले हफ्ते की शुरुआत से वह इस शो को होस्ट कर रहे हैं। करीब दो साल से ‘जी हिन्दुस्तान‘ में कार्यरत रोहित रंजन पूर्व में ‘सूर्या समाचार‘ और ‘पी7‘ चैनल में भी कार्य कर चुके हैं।
टैग्स जी न्यूज राहुल गांधी कांग्रेस डीएनए रोहित रंजन