होम / टीवी / दिल्ली में पत्रकार से लूटपाट, विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला
दिल्ली में पत्रकार से लूटपाट, विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके के संजय झील पार्क के पास में शनिवार को एक पत्रकार से लूटपाट की घटना सामने आयी
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके के संजय झील पार्क के पास में शनिवार को एक पत्रकार से लूटपाट की घटना सामने आयी। वारदात के दौरान लुटेरों ने पत्रकार पर चाकू से कई वार भी किए, जिसकी वजह से पत्रकार घायल हो गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पीड़ित पत्रकार का नाम धनसुमोद है और वह एक मलयाली चैनल में पत्रकार हैं और दिल्ली के ब्यूरो चीफ हैं। 43 वर्षीय पीड़ित पत्रकार धनसुमोद मयूर विहार फेज टू के पाकेट सी में अपने दोस्तों के साथ एक किराए के घर में रहते हैं।
पीड़ित पत्रकार के मुताबिक, पंचकुइया रोड से वह बस में सवार हुए थे। धनसुमोद पांडव नगर में मंगलम चौक के पास उतरे और पैदल अपने घर की तरफ चलने लगे। रात के लगभग 9 बजे थे तभी, संजय झील के पास तीन लड़के उनके पास आए। लड़कों ने उनसे माचिस मांगी, जिसके बाद उन्होंने कहा कि नहीं है। फिर उन्होंने पत्रकार को घेर लिया।
पत्रकार ने बताया कि एक लड़का जो लंबा सा था, उसने मुझसे पर्स, मोबाइल देने के लिए कहा। अन्य दो लड़कों ने मेरे दोनों हाथ पीछे की तरफ मोड़ दिए। मैं शोर मचाने लगा तो मेरा मुंह दबाने लगे और फिर लंबे वाले लड़के ने कहा कि इसे चाकू मारो। इसके बाद लड़कों ने मुझ पर चाकू से कई वार किए। मेरी पीठ पर बैग था और ज्यादातर वार बैग पर हुए, जिसकी वजह से मेरी जान बच सकी। मेरी कमर में ऊपर, नीचे और आगे की तरफ तीन जगह चाकू मारा गया। इस वारदात के दौरान तीनों युवकों ने उनका मोबाइल फोन, पर्स में रखा क्रेडिट व डेबिट कार्ड, आई-कार्ड लूट लिया।
उन्होंने कहा इस वारदात के बाद सबसे पहले मैंने अपने परिचित को कॉल किया, जो दिल्ली पुलिस में एसीपी हैं। उन्होंने मुझे 112 नम्बर पर कॉल करने के लिए कहा। मैंने कॉल किया। फिर मुझे अस्पताल ले जाया गया, जहां से उपचार के बाद मुझे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मेरी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
टैग्स पत्रकार लूटपाट दिल्ली मलयालम टीवी पत्रकार मयूर विहार फेज-2