होम / मीडिया फोरम / सूचना अधिकारी ने पत्रकार के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, लगाए ये गंभीर आरोप
सूचना अधिकारी ने पत्रकार के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, लगाए ये गंभीर आरोप
मथुरा में पत्रकार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने पर प्रदेश भर के पत्रकारों में रोष है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
मथुरा में पत्रकार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने पर प्रदेश भर के पत्रकारों में रोष है। दरअसल, जिला सूचना अधिकारी सुरजीत सिंह द्वारा ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलकांत उपमन्यु के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट थाना सदर में दर्ज कराई गई है। हालांकि, सूचना अधिकारी के खिलाफ भी पत्रकार सोमेंद्र भारद्वाज द्वारा तहरीर दी गई थी, लेकिन इसे अभी तक दर्ज नहीं किया गया है।
कमलकांत उपमन्यु ने कहा कि सूचना अधिकारी एवं सहायक सूचना अधिकारी की मनमानी के खिलाफ वह हर स्तर पर आवाज उठाएंगे। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर आवाज को दबाया नहीं जा सकता। पत्रकारों का उत्पीड़न किसी कीमत पर नहीं होना चाहिए। उपमन्यु ने बताया, ‘मैं सरकारी मान्यता प्राप्त पत्रकार हूं और जिले में ‘पंजाब केसरी’ का जिला प्रभारी हूं। इस वर्ष प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय अस्थाई पत्रकार समिति में मनोनीत भी किया गया हूं, इसलिए पत्रकारों की समस्याओं को लेकर प्रशासन स्तर पर अधिकारियों से मिलना होता है। जिले में कार्यरत सूचना अधिकारी सुरजीत सिंह एवं उनके निकट के रिश्तेदार जिला सहायक सूचना अधिकारी द्वारा पत्रकारों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इसी कड़ी में संपादक का लेटर होने के बावजूद कई पत्रकारों की मान्यता को मनमाने ढंग से निरस्त कराया गया है।‘
उपमन्यु के अनुसार,‘इस विषय को लेकर जब हम सूचना अधिकारी से मिले और इस संबंध में सूचना निदेशक शिशिर सिंह और प्रमुख सचिव अवनीश अवस्थी को भी अवगत कराया, किंतु समस्या का समाधान नहीं हुआ और उल्टे सूचना अधिकारी ने मेरे खिलाफ सदर थाना, जिला मथुरा में एक तहरीर देकर सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकाने का मुकदमा दर्ज कराया है। यह पूरी तरह मनगढ़ंत कहानी है। इससे पत्रकारों में रोष है। मैंने उच्च अधिकारियों और जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि वह अपने स्तर से इसकी जांच कराएं। जिन पत्रकारों का उत्पीड़न हुआ था उनमें से एक सोमेंद्र भारद्वाज ने थाने में तहरीर दी, लेकिन उनका मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, क्योंकि वह सूचना अधिकारी के खिलाफ थे।
टैग्स कमलकांत उपमन्यु ब्रज प्रेस क्लब जिला सूचना अधिकारी