सूचना:
मीडिया जगत से जुड़े साथी हमें अपनी खबरें भेज सकते हैं। हम उनकी खबरों को उचित स्थान देंगे। आप हमें mail2s4m@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं।

नहीं रहे जाने-माने फिल्म पत्रकार रऊफ अहमद

लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे रऊफ अहमद। रविवार को उन्होंने मुंबई में अपने आवास पर अंतिम सांस ली।

समाचार4मीडिया ब्यूरो by
Published - Monday, 06 February, 2023
Last Modified:
Monday, 06 February, 2023
Rauf Ahmed

जाने-माने फिल्म पत्रकार रऊफ अहमद (Rauf Ahmed) का निधन हो गया है। रऊफ अहमद लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्होंने रविवार को मुंबई में अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटी है।

बता दें कि रऊफ अहमद ‘सुपर’, ‘फिल्मफेयर’, ‘स्क्रीन’, ‘मूवी’ और ‘जी प्रीमियर’ जैसी प्रतिष्ठित पत्रिकाओं के संपादक रह चुके थे। इसके अलावा वह ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’, ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ और ‘जी टेलीफिल्म्स’ के साथ भी जुड़े रहे थे।

90 के दशक के मध्य में रऊफ अहमद लोकप्रिय फिल्म मैगजीन ‘फिल्मफेयर’ (Filmfare) के करीब छह साल तक एडिटर रहे थे। इस पद पर रहते हुए वह ‘फिल्म फेयर अवॉर्ड्स’ से भी जुड़े रहे और इस शो के फॉर्मेट को बदलकर उसे और ज्यादा समकालानी बनाने का श्रेय उन्हें ही जाता है।

‘फिल्मफेयर’ को जॉइन करने से पहले रऊफ अहमद ‘सुपर’ (Super) और ‘मूवी’ (Movie) नाम की मैगजींस निकालते थे, जिन्हें गपशप के बजाय गहराई से कवरेज के लिए जाना जाता था।

समाचार4मीडिया की नवीनतम खबरें अब आपको हमारे नए वॉट्सऐप नंबर (9958894163) से मिलेंगी। हमारी इस सेवा को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए इस नंबर को आप अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करें।
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

दुनिया को अलविदा कह गए वरिष्ठ पत्रकार बिपिन कुमार शाह

करीब 83 वर्षीय बिपिन कुमार शाह कुछ समय से बीमार चल रहे थे और उन्होंने मंगलवार की शाम अंतिम सांस ली।

समाचार4मीडिया ब्यूरो by
Published - Wednesday, 22 March, 2023
Last Modified:
Wednesday, 22 March, 2023
Bipin Kumar

वरिष्ठ पत्रकार बिपिन कुमार शाह का निधन हो गया है। करीब 83 वर्षीय बिपिन कुमार शाह कुछ समय से बीमार चल रहे थे और उन्होंने मंगलवार की शाम अंतिम सांस ली। बिपिन कुमार शाह करीब पांच दशक तक गुजराती अखबार ‘संदेश’ से जुड़े रहे थे।

राज्य भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने बिपिन शाह के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि वह एक ऐसी संस्था थे, जिसने कई युवा पत्रकारों को तैयार किया। 'शहर नी सरगम' (Shaher ni Sargam) और 'विधानसभा न द्वारे' (Vidhan Sabha na Dware)  नामक उनके कॉलम्स पाठकों के बीच बहुत लोकप्रिय थे।

वह अहमदाबाद नगर निगम के मामलों पर रिपोर्टिंग करते थे और पिछले 50 वर्षों से इसे कवर कर रहे थे। शहर के वरिष्ठ पत्रकारों ने बिपिन कुमार शाह के निधन पर दुख जताते हुए कहा है कि बिपिन भाई के जाने से एक युग का अंत हो गया।

समाचार4मीडिया की नवीनतम खबरें अब आपको हमारे नए वॉट्सऐप नंबर (9958894163) से मिलेंगी। हमारी इस सेवा को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए इस नंबर को आप अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करें।
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

टेरर फंडिंग मामले में NIA ने एक और कश्मीरी पत्रकार को किया गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और ‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ ने पत्रकार की गिरफ्तारी पर विरोध जताया है।

समाचार4मीडिया ब्यूरो by
Published - Wednesday, 22 March, 2023
Last Modified:
Wednesday, 22 March, 2023
Irfan Mehraj

‘राष्ट्रीय जांच एजेंसी’  (NIA) ने टेरर फंडिंग मामले में सोमवार की शाम एक और कश्मीरी पत्रकार को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए पत्रकार का नाम इरफान महराज है। श्रीनगर के महजूर नगर इलाके का रहने वाला इरफान घाटी में फ्रीलॉन्स पत्रकारिता करता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूछताछ के बाद एजेंसी उसे अपने साथ दिल्ली ले गई है।

एनआईए का कहना है कि  इरफान का संबंध लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिद्दीन जैसे आतंकी संगठनों से है। आरोप है कि वह कुछ एनजीओ, स्वास्थ्य और शिक्षा में मदद करने के नाम पर लोगों से फंड एकत्रित कर इन आतंकी संगठनों को भेजता था।

वहीं, जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने इरफान महराज की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए इसे प्रेस की आजादी पर हमला बताया है। अपने एक ट्वीट में महबूबा मुफ्ती का कहना है, ‘कश्मीर में ठगों को खुली छूट दी जाती है और इरफान महराज जैसे पत्रकारों को गलत बोलकर अपनी ड्यूटी करने के लिए गिरफ्तार किया जाता है। उन्होंने लिखा कि कश्मीर में UAPA जैसे कानूनों का लगातार दुरुपयोग किया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यह प्रक्रिया ही सजा बन जाए।’

वहीं, ‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ ने भी पत्रकार की गिरफ्तारी पर विरोध जताते हुए एक ट्वीट किया है। अपने ट्वीट में प्रेस क्लब ऑफ इंडिया का कहना है, ‘हम मीडियाकर्मियों पर यूएपीए लगाने का पुरजोर विरोध करते हैं। कश्मीर के पत्रकार इरफान महराज की गलत तरीके से की गई गिरफ्तारी एनआईए द्वारा इस कठोर कानून के दुरुपयोग, भाषण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के उल्लंघन की ओर इशारा करती है। हम उनकी तत्काल रिहाई की मांग करते हैं।

बता दें कि एक हफ्ते में यह दूसरी बार है, जब एनआईए ने किसी कश्मीरी पत्रकार को गिरफ्तार किया है। इससे पहले एजेंसी ने पुलवामा से लोकल न्यूज आउटलेट ग्रोइंग कश्मीर में कार्यरत पत्रकार सरताज अल्ताफ भट को गिरफ्तार किया था।

समाचार4मीडिया की नवीनतम खबरें अब आपको हमारे नए वॉट्सऐप नंबर (9958894163) से मिलेंगी। हमारी इस सेवा को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए इस नंबर को आप अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करें।
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

भारतीय भाषाओं के विस्तार से होगा भाषाई पत्रकारिता का विकास: अच्युतानंद मिश्र

'भारतीय भाषाओं के प्रयोग क्षेत्र का विस्तार और मीडिया' विषय पर आईआईएमसी में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे ‘माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय’, भोपाल के पूर्व कुलपति अच्युतानंद मिश्र

Last Modified:
Tuesday, 21 March, 2023
IIMC

वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय’, भोपाल के पूर्व कुलपति अच्युतानंद मिश्र का कहना है कि भाषा का सम्मान, मां का सम्मान है। जब हम अपनी भाषा का सम्मान करेंगे, तभी हम अपने संस्कारों और संस्कृति का भी सम्मान कर पाएंगे।

अच्युतानंद मिश्र मंगलवार को ‘भारतीय जनसंचार संस्थान’ (IIMC) और ‘भारतीय भाषा समिति‘ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उनका कहना था कि भारतीय भाषाओं के विस्तार के साथ भाषाई पत्रकारिता का विकास करना है, तो आपको अपनी भाषा या बोली पर गर्व करना होगा और उसका ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करना होगा।

समापन सत्र के मुख्य अतिथि के रूप में विचार व्यक्त करते हुए अच्युतानंद मिश्र का कहना था कि अंग्रेजी भाषा अपने साथ जो संस्कार और जीवन दर्शन लेकर आई थी, उसने हमें यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि हमारे पास कुछ नहीं है। इस कारण भारतीय भाषाओं में जो अमूल्य सामग्री है, वह उपेक्षित हो रही है। इस उपेक्षा की वजह से हमें बहुत तकलीफ झेलनी पड़ी है। इसका हमारे संस्कारों और जीवन मूल्यों पर भी असर पड़ा है।

मिश्र के अनुसार भारतीय भाषाएं भले ही दबी रही हों, लेकिन भारतीय भाषाओं में साहित्य खूब रचा गया और बेहतरीन साहित्य रचा गया। आज जरूरत है कि साहित्य अकादमी की तरह अंत:भाषीय अकादमी आरंभ की जाए, क्योंकि भाषाओं के बीच संवाद खत्म हो गया है। इसे पुन:स्थापित किए जाने की आवश्यकता है। इस तरह की अकादमी से भाषाओं के बीच संपर्क और सौहार्द बढ़ेगा।

यह समापन नहीं आरंभ है: प्रो. द्विवेदी

‘भारतीय जनसंचार संस्थान’ के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) संजय द्विवेदी ने कहा कि संगोष्ठी के इस सत्र को समापन सत्र कहा जा रहा है। यह समापन सत्र नहीं है, बल्कि एक नया आरंभ है, जिसमें हमें अपने साथ भारतीय भाषाओं के विकास का एक नया संकल्प लेकर जाना है। उन्होंने छात्रों का आह्वान करते हुए कहा कि भारतीय जनसंचार संस्थान के रूप में आप सब विद्यार्थियों को एक अवसर मिला है। आप लोग इसका लाभ उठाएं और अपने-अपने क्षेत्र की भाषाओं का और उन भाषाओं की पत्रकारिता का विस्तार करें।

स्वतंत्रता संग्राम में भाषाई समाचार पत्रों की अहम भूमिका: नेवर

वरिष्ठ पत्रकार विशंभर नेवर ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में भाषाई समाचार पत्रों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने हर तरह का खतरा उठाकर, अपना सब कुछ दांव पर लगाकर अखबार निकाले, ताकि लोगों में आजादी की अलख जगाई जा सके। उन्होंने कहा कि आज अंग्रेजी अखबारों के आगे भाषाई अखबार दबे नजर आते हैं, जबकि औसतन एक अंग्रेजी अखबार को डेढ़ व्यक्ति और भाषाई अखबार को पांच से छह लोग पढ़ते हैं। इस स्थिति से बाहर निकलने के लिए हमें मिलकर प्रयास करने होंगे।

ताकत और कमजोरियों को भी समझना जरूरी: केतकर

संगोष्ठी के दूसरे दिन 'भारतीय भाषाई मीडिया: चुनौतियां और संभावनाएं' विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए 'आर्गेनाइजर' के संपादक प्रफुल्ल केतकर ने कहा कि अवसर और चुनौतियों को समझने के लिए ताकत और कमजोरियों को भी समझना जरूरी है। वर्ष 2019 में गूगल और ट्विटर ने भारतीय भाषाओं के चयन का विकल्प दिया, तो भारतीय भाषाओं ने मिलकर अंग्रेजी को पछाड़ दिया। उन्होंने कहा कि आज भारतीय भाषाओं के कई शब्दों और अंकों को नई पीढ़ी भुलाती जा रही है। यह एक बड़ी चुनौती है।

भावनाएं तय करती हैं मीडिया की भाषा: प्रणवेन्द्र

‘भारतीय जनसंचार संस्थान’ में अंग्रेजी पत्रकारिता विभाग की पाठ्यक्रम निदेशक प्रो. संगीता प्रणवेन्द्र ने कहा कि अपनी भाषा सुनकर हर कोई भावुक हो जाता है। यही भावनाएं तय कर रही हैं कि मीडिया की भाषा क्या होनी चाहिए। भारतीय भाषाओं की ताकत यही है कि ये जुबां से नहीं, दिल से बोली जाती हैं। उन्होंने कहा कि भारत भाषाई दृष्टि से कितना समृद्ध है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दुनिया में जितने देश हैं, उससे तीन गुना ज्यादा भारत में भाषाएं हैं। पिछले एक दशक में युवा तकनीक की मदद लेकर भारतीय भाषाओं को नया जीवन दे रहे हैं।

तकनीक ने बढ़ाए भारतीय भाषाओं में जीविका के अवसर: दुबे

'डिजिटल तकनीक और भारतीय लिपियां' विषय पर आयोजित तकनीकी सत्र को संबोधित करते हुए ‘प्रभासाक्षी डॉट कॉम’ के संपादक नीरज दुबे ने कहा कि तकनीक ने भारतीय भाषाओं में जीविका के अवसर बढ़ाए हैं। इससे भारतीय भाषाओं का भविष्य उज्ज्वल होगा। आज इंटरनेट पर  हिंदी और भारतीय भाषाओं को लिखना, पढ़ना और उपयोग करना, पहले के मुकाबले बहुत आसान हो गया है। अब सरकार की योजनाओं की जानकारी विधिवत रूप से भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि भाषा के विस्तार, विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए हम सबको अपने-अपने स्तर पर प्रयास करने होंगे।

भारतीय भाषाओं के विकास की राह में कई बाधाएं: तरोटे

पुणे से पधारे डॉ. सुधीर तरोटे ने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा के अवसर भारतीय भाषाओं में उपलब्ध न होना बड़ी समस्या है। भारत की हर भाषा ज्ञान की दृष्टि से समृद्ध है, लेकिन इसका उपयोग तभी है, जब हर भाषा का ज्ञान भंडार दूसरी सभी भारतीय भाषाओं में उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी का प्रभुत्व हमारे सामने बड़ी समस्या है। हमारी प्रगति और समृद्धि के अधिकतर अवसर दस प्रतिशत अंग्रेजी बोलने वालों के हिस्से में आते हैं। बाकी नब्बे प्रतिशत सिर्फ इसलिए उनसे वंचित रह जाते हैं, क्योंकि वो अंग्रेजी में प्रवीण नहीं होते। तकनीक इन समस्याओं के समाधान में हमारी मदद कर सकती है, लेकिन इसमें अभी काफी सीमाएं हैं। जितना सपोर्ट हमें अंग्रेजी के उपयोग में मिलता है, उतना भारतीय भाषाओं में नहीं मिल पाता।

गूगल ट्रांसलेट से काफी अलग है 'अनुवादिनी' : डॉ. चंद्रशेखर

अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के मुख्य समन्वय अधिकारी डॉ. बुद्ध चंद्रशेखर ने 'भारतीय भाषाओं में सार्थक अनुवाद' विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कि गूगल से किए गए अनुवाद में भाषा को लेकर जो कमियां और शिकायतें रहती हैं, उन्हें हमने 'अनुवादिनी' टूल में दूर करने का प्रयास किया है। 'अनुवादिनी' एक 'ग्लोबल टेक्स्ट' और 'वॉयस एआई लैंग्वेज ट्रांसलेशन टूल' है। इसमें भारत, एशिया और शेष विश्व की लगभग सभी प्रमुख भाषाओं को शामिल किया गया है। किसी भी भाषा से किसी भी भाषा में अनुवाद किया जा सकता है और इसमें आपके डॉक्यूमेंट की प्राइवेसी भी सुरक्षित रहती है।

मानवीय पक्ष से सार्थक होगा अनुवाद: डॉ. बाबु

पोंडिचेरी विश्वविद्यालय में हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. सी. जय शंकर बाबु ने कहा कि जब हम मशीन से अनुवाद करते हैं, तो वह सार्थक नहीं होता है। यह तकनीकी पक्ष है, मानवीय पक्ष नहीं। जब इसमें मानवीय पक्ष होगा, तभी वह वास्तविक अर्थों मे सार्थक बनेगा। उन्होंने कहा कि अगर हमें कम समय में अनुवाद करना है, तो मशीन की मदद ले सकते हैं, लेकिन अगर उसमें गुणवत्ता चाहिए, तो हमें उसमें मानवीय योगदान देना ही होगा। मशीन के अनुवाद में आत्मा नहीं होती। हर भाषा का अपना एक संस्कार होता हैं, जो मानवीय अनुवाद में ही संभव है।

इस अवसर पर ‘भारतीय भाषा समिति’ के सहायक कुलसचिव जेपी सिंह, डीन (छात्र कल्याण) एवं संगोष्ठी के संयोजक प्रो. प्रमोद कुमार सहित आईआईएमसी के सभी प्राध्यापक, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रिंकू पेगु , डॉ. विकास पाठक एवं अंकुर विजयवर्गीय ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. राकेश गोस्वामी ने दिया।

समाचार4मीडिया की नवीनतम खबरें अब आपको हमारे नए वॉट्सऐप नंबर (9958894163) से मिलेंगी। हमारी इस सेवा को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए इस नंबर को आप अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करें।
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

श्रेष्ठ भारत का निर्माण भारतीय भाषाओं के आधार पर ही संभव: प्रो. रजनीश कुमार

'भारतीय भाषाओं के प्रयोग क्षेत्र का विस्तार और मीडिया' विषय पर ‘भारतीय जनसंचार संस्थान’ (IIMC) में दो दिवसीय संगोष्ठी शुरू

Last Modified:
Monday, 20 March, 2023
IIMC

‘भारतीय जनसंचार संस्थान’ (IIMC) और ‘भारतीय भाषा समिति‘ के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को 'भारतीय भाषाओं के प्रयोग क्षेत्र का विस्तार और मीडिया' विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी शुरू हुई।  

'आईआईएमसी' में शुरू हुई इस संगोष्ठी का शुभारंभ करते हुए 'महात्‍मा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय हिंदी विश्‍वविद्यालय, वर्धा के कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल ने कहा कि भारत में बोलीं जाने वाली भाषाएं न केवल दुनिया की सभी भाषाओं से सबसे समृद्ध हैं, बल्कि यह भाषाएं हमारे जीवन मूल्य, संस्कार, ज्ञान और संस्कृति की भी पहचान हैं। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ भारत का निर्माण भारतीय भाषाओं के आधार पर ही संभव है।

संगोष्ठी के मुख्य अतिथि प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल ने कहा कि अंग्रेजी को संपर्क भाषा के रूप में स्वीकार करने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन इससे जीवन जिया तो जा सकता है, पर एक श्रेष्ठ  समाज और समर्थ राष्ट्र का निर्माण नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि एक शक्तिशाली और स्वाभिमानी राष्ट्र का निर्माण पराई भाषा में संभव नहीं है। जो देश अपनी भाषा में सृजन और संचार नहीं करता, वह पिछड़ जाता है।

राष्ट्र के विकास के लिए भारतीय भाषा का विकास जरूरी: प्रो. द्विवेदी

इस अवसर पर ‘भारतीय जनसंचार संस्थान‘ के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) संजय द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए भारतीय भाषाओं का विकास होना आवश्यक है। भाषा का अपने समाज और संस्कृति से अटूट संबंध होता है और वह अपने समुदाय के मूल्यों से जुड़ी होती है। यदि हम अपने देश की शिक्षा प्रणाली को विश्व स्तरीय बनाना चाहते हैं, तो मातृभाषाओं में शिक्षा के माध्यमों को प्रोत्साहन देना होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और संचार सुविधाओं का लाभ उठाकर हम भारतीय भाषाओं का विस्तार करें, यही इस संगोष्ठी का उद्देश्य है।

भाषा के बिना ज्ञान का प्रसार संभव नहीं: शास्त्री

‘भारतीय भाषा समिति‘ के अध्यक्ष चमू कृष्ण शास्त्री ने कहा कि देश की जीडीपी में 70 प्रतिशत योगदान भारतीय भाषाओं का है और अंग्रेजी का योगदान सिर्फ 30 प्रतिशत है। कृषि और लघु उद्योग जैसे कई क्षेत्र भारतीय भाषाओं से चलते हैं। आज ज्ञान प्रौद्योगिकी, ज्ञान अर्थव्यवस्था, ज्ञान तकनीक जैसी प्रचलित सभी धारणाएं भाषा के माध्यम से ही संचालित होती हैं। जिस तरह तार के बिना बिजली का प्रवाह नहीं होता, उसी प्रकार भाषा के बिना ज्ञान का प्रसार संभव नहीं है।

संस्कृति में निहित है भाषाओं का मूल तत्व: प्रो. सलूजा

'भारतीय भाषाओं में अंत:संबंध' विषय पर आयोजित संगोष्ठी के प्रथम तकनीकी सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात भाषाविद प्रो. चांदकिरण सलूजा ने कहा कि भाषा वह है, जो हम कहना चाहते हैं। भाषाओं का मूल तत्व संस्कृति में निहित है। उन्होंने कहा कि हिंदी के साथ-साथ अन्य भारतीय भाषाओं के प्रति हमारी दृष्टि व्यापक होनी चाहिए। हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम हिंदी भाषा तक ही सीमित न रह कर अन्य भारतीय भाषाओं को भी ग्रहण करें।

फिर से विश्वगुरु बनेगा भारत: प्रो. अरोड़ा

‘पीजीडीएवी कॉलेज‘ के हिंदी विभाग में प्राध्यापक प्रो. हरीश अरोड़ा ने कहा कि भारत की भाषाओं में ऐसे बहुत से शब्द हैं, जो अलग-अलग भाषा में होते हुए भी समान स्वरूप और समान अर्थ रखते हैं। इससे प्रमाणित होता है कि भारतीय भाषाओं में कभी कोई संघर्ष नहीं रहा। उन्होंने कहा कि हमें आपसी मतभेदों से उठकर भारतीय भाषाओं के विकास के लिए मिलकर प्रयास करने होंगे। तभी हम इस विराट भारतीय संस्कृति को बचा पाएंगे और भारत को फिर से विश्व गुरु बना पाएंगे।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सबसे बड़ी चुनौती: विजय

'डिजिटल तकनीक के दौर में भारतीय भाषाएं' विषय पर आयोजित संगोष्ठी के दूसरे तकनीकी सत्र को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार अनंत विजय ने कहा कि भारतीय भाषाओं के सामने आज सबसे बडी चुनौती आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की है। भारतीय भाषाएं अगर इस तकनीक को आत्मसात नहीं कर पाईं, तो पीछे रह जाएंगी। इसलिए जब सब कुछ शुरुआती दौर में है, तो हम इस क्षेत्र में बेहतर काम करके आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम तकनीक का इस्तेमाल अपनी भाषाओं को जोड़ने, उन्हें व्यापार और कामकाज की भाषा बनाने में करेंगे, तो इससे हम और ताकतवर बनेंगे।

भारतीय भाषाओं में काम करेंगे, तभी विकसित देश बनेंगे: सानू

प्रख्यात लेखक एवं उद्यमी संक्रांत सानू ने कहा कि सबसे अमीर और विकसित देश वो हैं, जो अपनी जनभाषा में काम करते हैं और सबसे पिछड़े एवं गरीब देश वो हैं, जो औपनिवेशिक भाषाओं में काम करते हैं। अंग्रेजी हमारे विकास का नहीं, बल्कि पिछड़ेपन का कारण है। उन्होंने कहा कि जापान और चीन जैसे देशों का उदाहरण हमारे सामने है, जो अपनी भाषाओं में काम करके ही विकसित हुए हैं। हम भारतीय भाषाओं में काम करेंगे, तभी विकसित देश बनेंगे। यही आगे बढ़ने का सही रास्ता है।

संप्रेषण के लिए जरूरी है शब्दों का आधार: भारती

संगोष्ठी के तीसरे तकनीकी सत्र में 'भारतीय भाषाई मीडिया और शब्द चयन' विषय पर विचार व्यक्त करते हुए वरिष्ठ पत्रकार आनंद भारती ने कहा कि शब्द हमें सीधे संप्रेषित करते हैं, लेकिन क्या शब्दों के बिना भी हमारा काम चल सकता है? वर्तमान समय में, खासकर मीडिया में, सम्प्रेषण के लिए शब्दों का आधार जरूरी है। आज प्रश्न शब्दों के चयन का है, जहां हमारे सामने साहित्यिक भाषा और आम बोलचाल की भाषा में से किसी एक को चुनने की दुविधा होती है।

शब्दों की कमी है बड़ी समस्या: मोहम्मद वकास

वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद वकास ने कहा कि भारतीय भाषाई मीडिया की समस्या यह है कि हमारे पास शब्द कम होते जा रहे हैं। एक दिन शायद ऐसा भी आएगा जब लोग इशारों में ही अपनी बात कह देंगे। इमोजी इसका ही एक उदाहरण है।

इस अवसर पर ‘आईआईएमसी‘ के डीन (अकादमिक) प्रो. गोविंद सिंह, डीन (छात्र कल्याण) एवं संगोष्ठी के संयोजक प्रो. प्रमोद कुमार सहित आईआईएमसी के सभी प्राध्यापक, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रचना शर्मा, डॉ. पवन कौंडल एवं अंकुर विजयवर्गीय ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. वीके भारती एवं डॉ. मीता उज्जैन ने दिया।

समाचार4मीडिया की नवीनतम खबरें अब आपको हमारे नए वॉट्सऐप नंबर (9958894163) से मिलेंगी। हमारी इस सेवा को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए इस नंबर को आप अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करें।
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

वेदों का सही अर्थ पाने के लिए अनुभूति चाहिए: मोहन भागवत

‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ’ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने प्रसिद्ध फिल्म लेखक और निर्देशक डॉ. इकबाल दुर्रानी द्वारा हिंदी व उर्दू में अनुवादित ‘सामवेद’ (Samved) का विमोचन किया।

Last Modified:
Saturday, 18 March, 2023
Samved

प्रसिद्ध फिल्म लेखक और निर्देशक डॉ. इकबाल दुर्रानी द्वारा हिंदी व उर्दू में अनुवादित ‘सामवेद’ (Samved) का विमोचन 17 मार्च को किया गया। दिल्ली में लाल किला के निकट स्थित 15 अगस्त पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ’ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने इस किताब का विमोचन किया। मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद सरस्वती वंदना व शिव स्तुति हुई।

इस मौके पर ‘सामवेद’ का हिंदी और उर्दू में सचित्र अनुवाद करने वाले डॉ. इकबाल दुर्रानी का कहना था, ‘दाराशिकोह को वेदों का अनुवाद करने के लिए कहा गया था, लेकिन कुछ कारणों से ऐसा नहीं हो पाया। लेकिन आज उन्होंने दाराशिकोह का वह अधूरा काम पूरा कर दिया। इस महान कार्य में बाधक बनने वाला मुगल शासक औरंगजेब आज हार गया और नरेंद्र मोदी जीत गए, क्योंकि उनके शासनकाल में आज वह स्वप्न पूरा हो गया’। इसके साथ ही दुर्रानी ने ‘सामवेद’ को देशभर के स्कूलों और मदरसों में प्रार्थना के रूप में शामिल किए जाने का सुझाव भी दिया। दुर्रानी का कहना था कि वह इसके लिए देशभर के सभी राज्यों में जाएंगे।

दुर्रानी ने कहा कि लोग आज अकारण एक-दूसरे से नफरत कर रहे हैं, ऐसे में ‘सामवेद’ के प्रेम संदेश और शाश्वत सत्य को सभी लोगों तक पहुंचाना चाहिए। दुर्रानी के अनुसार, सनातन सभी का मूल है और इसे समझने व अपनाने की जरूरत है।

इस किताब के विमोचन के दौरान मोहन भागवत का कहना था, ‘मेरे पूर्व वक्ताओं ने इस कार्यक्रम के बारे में, सामवेद के बारे में, इसका भाषांतर क्यों किया इसके बारे में सारी बातें कह दी हैं। इस कार्यक्रम में आते समय मुझे यह समझ में नहीं आ रहा था कि मैं तो वेदों का जानकार नहीं हूं, न विद्वान हूं, न चिंतक हूं, फिर भी मुझे क्यों बुलाया और यह भी मन में आ रहा था कि मैंने हां क्यों की। लेकिन जब डॉ. दुर्रानी मुझसे मिलने आए और मुझसे जिस भाव से कहा, तो मुझे हां करनी ही पड़ी और यहां आने के बाद मेरी समझ में बात नहीं आ रही थी। लेकिन अब एक बात समझ में आती है। सामवेद वेदों का अंग है। वेद शब्द का अर्थ है- जो जानना है यानी ज्ञान। ज्ञान दो प्रकार का होता है। एक बाहर की दुनिया का ज्ञान औऱ दूसरा अंदर का ज्ञान। इन दोनों के बिना ज्ञान को पूर्ण नहीं माना जाता है।’

इसके साथ ही मोहन भागवत ने धार्मिक सहिष्णुता का संदेश देते हुए कहा, ‘सभी के रास्ते भले ही अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन मंजिल सभी की एक ही है। हमें अपनी उपासना पद्धतियों का आदर करना चाहिए। इसी से सभी लोगों को सुख की प्राप्ति होगी। मानवता आज के के समय में प्राकृतिक समस्याओं और आपसी संघर्ष का सामना कर रही है। इसके लिए स्वयं मनुष्य दोषी है। जरूरत इस बात की है कि सत्य को जानकर मनुष्य स्वयं को बदले।’

वेदों के सूत्र वाक्य के महत्व को बताते हुए मोहन भागवत का कहना था, ‘पूजा-पद्धति किसी भी धर्म का एक अंग होता है, लेकिन सभी धर्मों का अंतिम लक्ष्य आध्यात्मिक सत्य को प्राप्त करना होता है और सभी को उसे प्राप्त करने की कोशिश करनी चाहिए।’ मोहन भागवत ने अपनी बात को समझाने के लिए सामवेद और उपनिषदों में वर्णित कहानियों का उदाहरण दिया।

समाचार4मीडिया की नवीनतम खबरें अब आपको हमारे नए वॉट्सऐप नंबर (9958894163) से मिलेंगी। हमारी इस सेवा को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए इस नंबर को आप अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करें।
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वैदिक की याद में 19 मार्च को होगा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वेदप्रताप वैदिक की याद में रविवार 19 मार्च को  श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है।

Last Modified:
Friday, 17 March, 2023
Dr-Ved-Vaidik4587

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वेदप्रताप वैदिक की याद में रविवार 19 मार्च को  श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है। यह श्रद्धांजलि सभा नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगी। हृदय गति रुक जाने से मंगलवार सुबह डॉ. वैदिक का निधन हो गया था। वह 78 वर्ष थे।

बता दें कि मंगलवार सुबह वह नहाने के समय बाथरूम में गिर गए थे और बेसुध हो गए थे। काफी देर तक बाहर न आने के बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल उन्हें नजदीक में ही प्रतीक्षा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

डॉ. वैदिक का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह से अंतिम दर्शन के लिए गुरुग्राम स्थित उनके आवास में रखा गया था। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार लोधी शवदाह गृह में किया गया।

डॉ. वैदिक के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो गया था।

वैदिक प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) की हिंदी समाचार एजेंसी 'भाषा' के लगभग दस वर्षों तक संस्थापक-संपादक रहे। वह पहले टाइम्स समूह के समाचारपत्र नवभारत टाइम्स में संपादक रहने के साथ ही भारतीय भाषा सम्मेलन के अंतिम अध्यक्ष थे।

समाचार4मीडिया की नवीनतम खबरें अब आपको हमारे नए वॉट्सऐप नंबर (9958894163) से मिलेंगी। हमारी इस सेवा को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए इस नंबर को आप अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करें।
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. भानु प्रताप सिंह की किताब ‘मेरौ गाम चपौटा’ का हुआ विमोचन

अलीगढ़ जिले के अतरौली विकास खंड का गांव है चपौटा। किताब के विमोचन के दौरान तमाम बुजुर्गों, कई गांवों के प्रधानों और अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।

Last Modified:
Thursday, 16 March, 2023
Book Launch

‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत रचित वरिष्ठ पत्रकार डॉ. भानु प्रताप सिंह की किताब ‘मेरौ गाम चपौटा’  का विमोचन 15 मार्च को किया गया। अलीगढ़ जिले में अतरौली विकास खंड के चपौटा गांव स्थित पंचायत घर में आयोजित एक कार्यक्रम में जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह, आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक ख्यालीरामजी, डॉ. ओमप्रकाश वर्मा, लक्ष्मण सिंह (प्रधान), एसडीएम अतरौली महिमा, डीपीआरओ धनंजय जैससवाल, लेखक डॉ. भानु प्रताप सिंह आदि ने इस किताब का विमोचन किया।

लेखक डॉ. भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुस्तक में चपौटा गांव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। गांव की प्रमुख हस्तियों के बारे में अवगत कराया गया है। पुस्तक के दूसरे खंड में कविताएं हैं। गांव पर केन्द्रित कविताएं ध्यान आकर्षित करती हैं। डॉ. भानु प्रताप सिंह का यह भी कहना था कि इस किताब में चपौटा गांव का इतिहास खोजा गया है। यह पाया गया कि गांव को बसाने वाले पूर्वज आगरा किला में किलेदार की भूमिका में थे। 1857 में अंग्रेजों का साथ न देने के कारण उन्हें किला छोड़ना पड़ा।

इस मौके पर जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह का कहना था, ’अपने पूर्वजों की खोज करना बड़ी बात है। अपनी जन्मभूमि से मां की तरह रिश्ता मानें। देश और प्रदेश के साथ गांव भी बदल रहे हैं। गांवों का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है। उन्होंने डीपीआरओ को निर्देश दिया कि दो माह में चपौटा को आदर्श गांव बनाएं। सभी ग्रामवासी सहयोग करेंगे तभी आदर्श गांव बन सकता है। उन्होंने अपने गांव की जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया और महिलाओं से कहा कि वे अपनी बेटियों पर विश्वास करना सीखें।

आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक ख्यालीरामजी ने कहा, ‘मेरा गांव मेरा तीर्थ है। जो गांव से बाहर चले गए हैं, वे वर्ष में एक बार गांव आएं। गांव को गोद लेकर विकास कराएं। गांव का विकास देश का विकास है क्योंकि भारत गांवों का देश है।’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. ओमप्रकाश वर्मा ने कहा, ’मैं डॉ. भानु प्रताप सिंह को बधाई देता हूं कि वे पत्रकारिता के उच्च शिखर पर पहुंचने के बाद भी गांव को भूले नहीं हैं। ख्यालीराम जी के प्रयासों से गांव में अनेक कार्य हुए हैं। हमारा गांव आदर्श बनना चाहिए।’

ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह ने ‘मेरौ गाम चपौटा’ पुस्तक को गांव की उपलब्धि बताया। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि चपौटा को आदर्श गांव बनाया जाए। इस संबंध में उन्होंने एक ज्ञापन भी डीएम को सौंपा। शिक्षाविद मास्टर अमर सिंह ने ‘मेरौ गाम चपौटा’ पुस्तक की कविता ‘मोकूं याद भौत आय रई मेरे गांव की’ का पाठ किया। पूर्व प्रधान हरवीर सिंह ने आभार प्रकट किया। अरविन्द ने गीत प्रस्तुत किया- देश हमें देता है सबकुछ..।

यूपी के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने संदेश में कहा है कि यह पुस्तक शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी में गांव लौटने की ओर प्रेरित करती है। पुस्तक में डीएम इंद्र विक्रम सिंह्, अंकित खंडेलवाल (पूर्व सीडीओ, अलीगढ़) का भी संदेश समाहित है। ढाई घंटा चले कार्यक्रम में करीब दो हजार लोग मौजूद थे।

गांव के छह बुजुर्गों का सम्मान:

जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने चपौटा के बुजुर्ग पीताम्बर सिंह, दिलीप सिंह, वीर सिंह दरोगा जी, सत्यवती देवी, चमेली देवी पत्नी भीमसेन, भगवती देवी मुखियाजन का शॉल, कुर्ता पायजामा, अंगोछा व पटका के साथ स्वागत किया।

इनका भी हुआ सम्मान:

चपौटा के पूर्व ग्राम प्रधान चन्द्रदेव वर्मा, रामचरन सिंह, महारानी देवी, महादेवी देवी, भगवान देवी, हरवीर सिंह का सम्मान किया गया। बीडीसी नरेश कुमार, पूर्व बीडीसी हुकुम सिंह, मास्टर हजारीलाल, सुरेश चंद, यशपाल सिंह (यूपी पुलिस), श्रीपाल सिंह, वेद प्रकाश शास्त्री, मुकेश कुमार, चन्द्रपाल शर्मा, राजू धीमार, (सभी चपौटा) का भी सम्मान हुआ। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीके यादव, प्रधानाध्यापक पुष्पांजलि, जिला पंचायत सदस्य पुष्पेन्द्र सिंह, हैबतपुर के प्रधान विजयपाल सिंह बंटी, नगला लोधा के प्रधान मुकेश कुमार, गनियावली प्रधान प्रशांत कुमार शर्मा, पहाड़गढ़ी प्रधान अशोक कुमार, गांव खेड़ा प्रधान अमित, जामुना प्रधान नरेश कुमार, बरौली प्रधान गीता देवी और उनके पति राकेश कुमार, शेरपुर प्रधान योगेश कुमार, भभीगढ़ प्रधान राजू प्रजापति, बसई प्रधान कन्हई सिंह, आलमपुर प्रधान वीरपाल सिंह, फरीदपुर प्रधान रेखा सूर्यवंशी, शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य जगवीर सिंह, विजय इंजीनियर, छर्रा के संघ प्रचारक रवि जी का सम्मान चपौटा के प्रधान लक्ष्मण सिंह ने किया।

इसके अलावा तीन दिन में ही चपौटा गांव का कायाकल्प करने वाले डीपीआरओ धनंजय जैसवाल, एडीओ पंचायत रंजीत सिंह वर्मा, ग्राम पंचायत सचिव प्रवीन मथुरिया, लेखपाल योगेश कुमार गुप्ता, एडीओ आईएसपी देशराज सिंह, पत्रकार योगेश राजपूत, अमर उजाला के भूपेन्द्र चौधरी, दैनिक जागरण के मुकेश वर्मा, हिन्दुस्तान के सूरजपाल सिंह का सम्मान भी किया गया। सुश्री अंकिता सिंह, ममता, मुकेश कुमार, मनोहर लाल, रजत प्रताप सिंह, ज्ञान प्रकाश, जितेन्द्र कुमार, योगेश कुमार डीएसपी आदि ने सहयोग किया। मास्टर अमर सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया।

समाचार4मीडिया की नवीनतम खबरें अब आपको हमारे नए वॉट्सऐप नंबर (9958894163) से मिलेंगी। हमारी इस सेवा को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए इस नंबर को आप अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करें।
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

पत्रकार और उसकी नाबालिग बेटी के साथ मारपीट, अगवा करने का प्रयास

मैनपुरी के जिला अस्पताल में बेटी के उपचार के लिए आया था पत्रकार, शोरशराबा सुनकर मौके पर जुटी भीड़ ने दौड़ाकर दो बदमाशों को दबोचा

Last Modified:
Thursday, 16 March, 2023
Attack

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक मीडियाकर्मी व उसकी बेटी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कार सवार बदमाशों ने न सिर्फ पिता-पुत्री के साथ मारपीट की बल्कि दोनों को अगवा करने का प्रयास भी किया।

गनीमत रही कि शोरशराबा सुनकर मौके पर भीड़ जुट गई और बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। भीड़ देखकर बदमाश भागने लगे। भीड़ ने इनमें से दो बदमाशों को पकड़ लिया। बदमाशों के अन्य साथी भागने में कामयाब रहे।

जिले में एक न्यूज चैनल में रिपोर्टर के तौर पर कार्यरत प्रवीन सक्सेना ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में प्रवीन सक्सेना ने बताया है कि मंगलवार की शाम करीब सात बजे वह 13 वर्षीय बेटी के इलाज के लिए कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल गए थे।

तहरीर के अनुसार, उसी समय अस्पताल में सैनिक स्कूल की एंबुलेंस कुछ बच्चों को इलाज के लिए लेकर आई। बच्चों की हालत देखते हुए वह खबर बनाने लगा तो सैनिक स्कूल की एंबुलेंस से आया ड्राइवर व उसका साथी अभद्रता करने लगे। हालांकि, विरोध करने पर उक्त ड्राइवर व उसका साथी वहां से चले गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस को दी तहरीर में प्रवीन ने बताया है कि करीब पौने आठ बजे जब वह बेटी के साथ अस्पताल से जा रहा था, तभी अस्पताल की इमरजेंसी के गेट पर सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो आकर रुकी। तहरीर में कहा गया है कि उस स्कॉर्पियो पर रक्षा मंत्रालय लिखा हुआ था। उसमें से निकले पांच से सात अज्ञात बदमाशों ने उसे व उसकी बेटी को जान से मारने की नीयत से मारपीट कर गला दबाकर घसीटते हुए गाड़ी में डालकर अपहरण कर लिया। यही नहीं, उसकी बेटी के साथ अभद्रता करने की कोशिश भी की गई।

इसी बीच शोरशराबा सुनकर मौके पर भीड़ एकत्रित होने लगी तो हमलावर अपने आपको घिरता देख प्रवीन और उसकी बेटी को गाड़ी से फेंककर असलहों का खौफ दिखाते हुए फरार होने लगे। हालांकि, भीड़ ने हिम्मत दिखाते हुए इनमें से दो हमलावरों को दबोच लिया और बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह के हवाले से बताया गया है कि एक न्यूज चैनल के रिपोर्टर ने थाना कोतवाली पर तहरीर दी है। थाना कोतवाली निरीक्षक को मामले में जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस गहराई से मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी सच्चाई सामने आएगी, उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।

समाचार4मीडिया की नवीनतम खबरें अब आपको हमारे नए वॉट्सऐप नंबर (9958894163) से मिलेंगी। हमारी इस सेवा को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए इस नंबर को आप अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करें।
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

डॉ. वेद प्रताप वैदिक के निधन पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने जताया दुख, दी श्रद्धांजलि

आगरा में आयोजित वर्चुअल शोक सभा में एसोसिएशन के राष्ट्रीय संयोजक देवी प्रसाद गुप्ता ने भगवान से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की है।

Last Modified:
Tuesday, 14 March, 2023
GRAMIN PATRKAR ASSOCIATION

जाने-माने पत्रकार डॉ. वेद प्रताप वैदिक के निधन पर ‘ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश ने भी दुख जताते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी है। इसके साथ ही भगवान से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की है।

एसोसिएशन के राष्ट्रीय संयोजक देवी प्रसाद गुप्ता ने कहा है कि कार्ल मार्क्स, अल्बर्ट आइंस्टाइन और स्टीफन हॉकिंग के साथ ही अब हम अगले 14 मार्च को वैदिक जी की भी पुण्यतिथि मनाएंगे, क्योंकि काल के क्रूर हाथों ने इसी तारीख को वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वेद प्रताप वैदिक को हमसे छीन लिया है।

मंगलवार को आयोजित वर्चुअल शोक सभा में उन्होंने कहा कि 14 मार्च को इस दुनिया के तीन जाने-माने लोगों की डेथ एनिवर्सरी है-कार्ल मार्क्स, अल्बर्ट आइंस्टाइन और स्टीफन हॉकिंग। तीनों अपने अपने फील्ड में शीर्ष व्यक्तित्व रहे हैं और दुनिया को बहुत ज्यादा प्रभावित किया है। अब वैदिक जी भी इसी तारीख को दुनिया को अलविदा कह गए हैं।

आगरा में आयोजित वर्चुअल शोक सभा में राष्ट्रीय संयोजक देवी प्रसाद गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर देव तिवारी, प्रांतीय संगठन मंत्री नरेश सक्सेना, अखिलेश सक्सेना आगरा मंडल अध्यक्ष, श्याम सुंदर पराशर आगरा, विनोद अग्रवाल मथुरा, उद्देश्य तिवारी फिरोजबाद व आलोक शाक्य मैनपुरी जिलाध्यक्ष के साथ श्रीकांत पराशर, नीरज परिहार, अनुपम चतुर्वेदी, राजेश शर्मा, उमेंद्र भदौरिया व रामहेत शर्मा आदि ने भी दुःख जताते हुए श्रद्धांजलि दी है।

समाचार4मीडिया की नवीनतम खबरें अब आपको हमारे नए वॉट्सऐप नंबर (9958894163) से मिलेंगी। हमारी इस सेवा को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए इस नंबर को आप अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करें।
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वेदप्रताप वैदिक का आज होगा अंतिम संस्कार

वरिष्ठ पत्रकार डाॅ. वेदप्रताप वैदिक अब इस दुनिया में नहीं रहे। वह करीब 78 साल के थे।

समाचार4मीडिया ब्यूरो by
Published - Wednesday, 15 March, 2023
Last Modified:
Wednesday, 15 March, 2023
Dr-Ved-Vaidik4587

वरिष्ठ पत्रकार डाॅ. वेदप्रताप वैदिक अब इस दुनिया में नहीं रहे। वह करीब 78 साल के थे। हृदय गति रुक जाने से मंगलवार सुबह उनका निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार सुबह नहाने के समय बाथरूम में गिर गए और बेसुध हो गए थे। काफी देर तक बाहर न आने के बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल उन्हें नजदीक में ही प्रतीक्षा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बुधवार, 15 मार्च सुबह 9 बजे से 1 बजे तक उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास स्थान गुड़गांव (242, सेक्टर 55, गुड़गांव) में रखा जाएगा। उनका अंतिम संस्कार लोधी  क्रेमेटोरियम, नई दिल्ली में बुधवार, शाम 4 बजे होगा।

डाॅ. वेदप्रताप वैदिक की गणना उन राष्ट्रीय अग्रदूतों में होती है, जिन्होंने हिंदी को मौलिक चिंतन की भाषा बनाया और भारतीय भाषाओं को उनका उचित स्थान दिलवाने के लिए सतत संघर्ष और त्याग किया था। महर्षि दयानंद, महात्मा गांधी और डाॅ. राममनोहर लोहिया की महान परंपरा को आगे बढ़ाने वाले योद्धाओं में वैदिकजी का नाम अग्रणी है।

पत्रकारिता, राजनीतिक चिंतन, अंतरराष्ट्रीय राजनीति, हिंदी के लिए अपूर्व संघर्ष, विश्व यायावरी, प्रभावशाली वक्तृत्व, संगठन-कौशल आदि अनेक क्षेत्रों में एक साथ मूर्धन्यता प्रदर्षित करने वाले अद्वितीय व्यक्त्तिव के धनी डाॅ. वेदप्रताप वैदिक का जन्म 30 दिसंबर 1944 को पौष की पूर्णिमा पर इंदौर में हुआ था। वे सदा प्रथम श्रेणी के छात्र रहे थे। वे रूसी, फारसी, जर्मन और संस्कृत के भी जानकार थे। उन्होंने अपनी पीएच.डी. के शोधकार्य के दौरान न्यूयार्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी, मास्को के ‘इंस्तीतूते नरोदोव आजी’, लंदन के ‘स्कूल ऑफ ओरिंयटल एंड एफ्रीकन स्टडीज़’ और अफगानिस्तान के काबुल विश्वविद्यालय में अध्ययन और शोध किया था।

वैदिकजी ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के ‘स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज’ से अंतरराष्ट्रीय राजनीति में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की थी। वे भारत के ऐसे पहले विद्वान थे, जिन्होंने अपना अंतरराष्ट्रीय राजनीति का शोध-ग्रंथ हिन्दी में लिखा था।

पिछले 60 वर्षों में हजारों लेख और भाषण! वे लगभग 10 वर्षों तक पीटीआई भाषा (हिन्दी समाचार समिति) के संस्थापक-संपादक और उसके पहले नवभारत टाइम्स के संपादक (विचारक) रहे थे। फिलहाल दिल्ली के राष्ट्रीय समाचार पत्रों तथा प्रदेशों और विदेशों के लगभग 200 समाचार पत्रों में भारतीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर डाॅ. वैदिक के लेख हर सप्ताह प्रकाशित होते रहते थे। 

समाचार4मीडिया की नवीनतम खबरें अब आपको हमारे नए वॉट्सऐप नंबर (9958894163) से मिलेंगी। हमारी इस सेवा को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए इस नंबर को आप अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करें।
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए