होम / साक्षात्कार / BIG FM के अधिग्रहण से 'जागरण प्रकाशन' को क्या होगा फायदा, जानें यहां
BIG FM के अधिग्रहण से 'जागरण प्रकाशन' को क्या होगा फायदा, जानें यहां
‘बिग एफएम’ का संचालन करने वाले ‘रिलायंस ब्रॉडकास्ट नेटवर्क लिमिटेड’ को ‘जागरण प्रकाशन’ के रूप में खरीदार मिल गया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
देश के बड़े एफएम रेडियो चैनलों में शुमार ‘बिग एफएम’ (Big FM) का संचालन करने वाले ‘रिलायंस ब्रॉडकास्ट नेटवर्क लिमिटेड’ (RBNL) को ‘जागरण प्रकाशन’ के रूप में खरीदार मिल गया है। इस डील के तहत ‘रिलायंस समूह’, ‘बिग एफएम’ रेडियो में अपनी पूरी हिस्सेदारी 1,200 करोड़ रुपये में ‘जागरण प्रकाशन’ की कंपनी ‘म्यूजिक ब्रॉडकास्ट लिमिटेड’ (MBL) को बेचेगा। ‘म्यूजिक ब्रॉडकास्ट लिमिटेड’ के तहत ‘रेडियो सिटी’ का संचालन किया जाता है। इस बारे में ‘जागरण प्रकाशन लिमिटेड’ (JPL) की प्रेजिडेंट अपूर्वा पुरोहित ने इन दोनों नेटवर्क के मिलने के बाद रेडियो स्टेशनों के टार्गेट ग्रुप, मार्केटिंग प्लान और एडवर्टाइजिंग समेत तमाम मुद्दों पर हमारी सहयोगी वेबसाइट ‘एक्सचेंज4मीडिया’ (exchange4media) से विस्तार से बातचीत की। प्रस्तुत हैं इस बातचीत के प्रमुख अंश-
इस अधिग्रहण के बाद मार्केट शेयर कितना हो जाएगा?, क्या यह लीडरशिप पोजीशन पर आ जाएगा?
‘रेडियो सिटी’ ब्रैंड के तहत ‘म्यूजिक ब्रॉडकास्ट लिमिटेड’ (Music Broadcast Ltd) वर्तमान में 39 स्टेशनों का संचालन करती है। ‘रिलायंस ब्रॉडकास्ट नेटवर्क लिमिटेड’ (RBNL) के एफएम रेडियो चैनल ‘बिग एफएम’ (Big FM) के खरीदने के बाद 69 शहरों में 79 स्टेशनों के साथ हमारी पहुंच काफी बढ़ जाएगी। इसके बाद यह देश का सबसे बड़ा प्राइवेट एफएम प्लेयर बन जाएगा और इसकी पहुंच भी बहुत ज्यादा हो जाएगी। इसके अलावा इस संयुक्त नेटवर्क के प्रति विज्ञापनदाता भी और ज्यादा आकर्षित होंगे। मुझे लगता है कि इससे हमें लीडरशिप पोजीशन के साथ सबसे ज्यादा मार्केट शेयर बनाने में मदद मिलेगी।‘बिग एफएम’ का टार्गेट ग्रुप 45 साल से ऊपर के लोगों का है और ‘रेडियो सिटी’ का फोकस 25 से 44 साल के लोगों पर है। ये दोनों ग्रुप एडवर्टाइजर्स को अपना कंज्यूमर बेस बढ़ाने में मदद करेंगे।
आपकी नजर में इस अधिग्रहण के क्या मायने हैं?
इस सौदे के तहत अब तक ‘म्यूजिक ब्रॉडकास्ट लिमिटेड’ (MBL) की ओर से ‘रिलायंस ब्रॉडकास्ट नेटवर्क’ में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली गई है। इस बारे में सभी जगह से अप्रूवल मिलने के बाद ‘म्यूजिक ब्रॉडकास्ट लिमिटेड’ की ओर से सभी शेयर खरीद लिए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2021 (FY2021) की पहली तिमाही में लॉक-इन पीरियड समाप्त होने के बाद इसकी उम्मीद है। इसके बाद 79 स्टेशनों के साथ यह देश का सबसे बड़ा रेडियो नेटवर्क बन जाएगा और ‘रिलायंस ब्रॉडकास्ट नेटवर्क लिमिटेड’ फिर ‘म्यूजिक ब्रॉडकास्ट लिमिटेड’ की सहायक कंपनी बन जाएगी।
इस अधिग्रहण के साथ हमारी पहुंच और ज्यादा होने से एडवर्टाइजर्स को लोकल मार्केट में अपना विस्तार करने में मदद मिलेगी। ‘बिग एफएम’ के जिन 40 स्टेशनों का हम अधिग्रहण करने जा रहे हैं, उनमें से 30 ऐसे शहरों में हैं, जहां पर रेडियो सिटी की मौजूदगी नहीं है।
इसके लिए आप किस तरह का मार्केटिंग प्लान बना रहे हैं?
‘म्यूजिक ब्रॉडकास्ट लिमिटेड’ ने एफएम रेडियो की प्रोग्रामिंग को विस्तार देने की दिशा में काफी काम किया है और इसका कंटेंट भी काफी अलग है। बब्बर शेर और लव गुरु जैसे रेडियो प्रोग्राम भी इसने शुरू किए हैं। इसने रेडियो सिटी फ्रीडम अवॉर्ड्स भी शुरू किए हैं और रेडियो सिटी सुपर सिंगर के द्वारा नवोदित गायकों को एक मजबूत प्लेटफॉर्म उपलव्ध कराया है। यह देश में अपनी तरह का पहला रेडियो टैलेंट शो है। ‘रग-रग में दौड़े सिटी’ के तहत नेटवर्क ने स्थानीय श्रोताओं के बीच पहुंच बढ़ाने की कवायद की है।
वहीं, बिग एफएम देश के सबसे ज्यादा सम्मानित रेडियो नेटवर्क्स में से एक है और यह नीलेश मिश्रा के साथ ‘यादों का इडियट बॉक्स’ और अनु कपूर के साथ ‘सुहाना सफर’ जैसे कई नए फॉर्मेट शुरू कर अपनी खास पहचान बना चुका है। अब दोनों नेटवर्क के मिलने से इसमें 79 स्टेशन हो जाएंगे, जिससे हमारे ऑडियंस की रेंज में काफी विविधता हो जाएगी और इससे श्रोताओं की संख्या में भी काफी इजाफा हो जाएगा।
इस सौदेबाजी के बाद आपकी पहुंच वाले शहरों की लिस्ट में और कौन से शहर शामिल हो जाएंगे?
इस अधिग्रहण के बाद 30 नए शहरों में हमारी मौजूदगी हो जाएगी। जिन नए शहरों में हमारी पहुंच होगी, उनमें इलाहाबाद, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, गुवाहाटी, इंदौर, जम्मू, कोलकाता, पणजी, शिमला, अलीगढ़, आइजोल, औरंगाबाद, अगरतला, अमृतसर, आसनसोल, ग्वालियर, ईटानगर, झांसी, जोधपुर, मंगलौर, मुजफ्फरपुर, मैसूर, पुडुचेरी, राजकोट, राउरकेला, शिलॉंग, श्रीनगर, तिरुपति और त्रिवेंद्रम शामिल हैं। इनके द्वारा हमारी पहुंच ज्यादा से ज्यादा लोगों तक हो जाएगी और हम देश का सबसे बड़ा रेडियो नेटवर्क हो जाएंगे।
इस सौदेबाजी के बाद आपको श्रोताओं के रूप में किस तरह की ग्रोथ की उम्मीद है?
बिग एफएम ने 45 साल से ऊपर के श्रोताओं को अपना टार्गेट ऑडियंस बना रखा है, जबकि रेडियो सिटी का टार्गेट ऑडियंस 25 से 44 साल की उम्र वाले लोग हैं। दोनों ही टार्गेट ग्रुप अलग हैं और एक-दूसरे के पूरक हैं।
आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कीजिए
टैग्स बिग एफएम रिलायंस ब्रॉडकास्ट नेटवर्क लिमिटेड जागरण प्रकाशन म्यूजिक ब्रॉडकास्ट लिमिटेड अपूर्वा पुरोहित