होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कोबरापोस्ट के इस ‘धमाके’ से हिला बेइमान बॉलिवुड, खुली सितारों की पोल
कोबरापोस्ट के इस ‘धमाके’ से हिला बेइमान बॉलिवुड, खुली सितारों की पोल
खोजी पत्रकारिता के लिए मशहूर ‘कोबरापोस्ट’ ने एक और बड़ा धमाका किया...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
खोजी पत्रकारिता के लिए मशहूर ‘कोबरापोस्ट’ ने एक और बड़ा धमाका किया है। ‘कोबरापोस्ट’ ने मनोरंजन जगत की ऐसी 36 हस्तियों को उजागर किया है, जो पैसे लेकर किसी भी सियासी पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए तैयार हैं, फिर भले ही वो उसकी विचारधारा से इत्तेफाक रखते हों या नहीं।
‘कोबरापोस्ट’ ने अपने इस स्टिंग को ‘ऑपरेशन कराओके’ नाम दिया है। इस ऑपरेशन से जुड़े सभी विडियो कोबरापोस्ट की वेबसाइट पर मौजूद हैं, इसके अलावा वेबसाइट पर पत्रकार अभिसार शर्मा का एक विडियो भी है, जिसमें उन्होंने बताया है कि ऑपरेशन को किस तरह अंजाम दिया गया। ‘कोबरा’ के डंक का शिकार होने वाली हस्तियों में जैकी श्रॉफ,सनी लियोन, अमीषा पटेल, महिमा चौधरी, राखी सावंत, एवलिन शर्मा, विवेक ओबेरॉय, टिस्का चोपड़ा, शक्ति कपूर, सोनू सूद, श्रेयास तलपडे, पुनीत इस्सर, सुरेंद्र पाल, पंकज धीर और उनके बेटे निकितन धीर, दीपशिखा नागपाल, अखिलेंद्र मिश्रा, रोहित रॉय, राहुल भट, सलीम जैदी, अमन वर्मा, हितेन तेजवानी, गौरी प्रधान, मिनीषा लाम्बा और कोएना मित्रा शामिल हैं।
इसके अलावा, अभिजीत भट्टाचार्य, कैलाश खेर, मीका सिंह, बाबा सहगल, पूनम पांडे, राजू श्रीवास्तव, सुनील पाल, राजपाल यादव, उपासना सिंह, कृष्ण अभिषेक, विजय ईश्वरलाल पवार, कोरियोग्राफर गणेश आचार्य और बिग बॉस की पूर्व प्रतियोगी संभावना सेठ भी पैसे के बदले राजनीतिक दल को प्रमोट करने के पेशकश स्वीकारते हुए कैमरे पर नज़र आये। कोबरापोस्ट के पत्रकारों ने एक छद्म पीआर एजेंसी के प्रतिनिधियों के रूप में इन हस्तियों से संपर्क किया। इस दौरान इनसे पूछा गया कि ‘क्या आप ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक राजनीतिक पार्टी को बढ़ावा देने के लिए तैयार होंगे’? जिसका जवाब अधिकांश ने हां में दिया।
दरअसल, इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कोबरापोस्ट ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मनोरंजन की दुनिया से जुड़े लोग किस तरह पैसों के लिए किसी भी सियासी पार्टी के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हो जाते हैं। खासकर बॉलिवुड कलाकारों की लंबी-चौड़ी फैन फॉलोइंग है, ऐसे में यदि यह स्टार अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कोई संदेश पोस्ट करते हैं, तो वो पलक-झपकते ही लाखों लोगों तक पहुंच जाता है। ख़ुफ़िया कैमरे के आगे इन कलाकारों ने अपनी इसी फैन फॉलोइंग को भुनाने की कोशिश की।
देखें विडियो:
इस संबंध में जब ‘कोबरापोस्ट’ के पत्रकारों ने जैकी श्रॉफ से मुंबई के एक होटल में मुलाकात की, तो वो बिना पूरी बात सुने सबकुछ करने के लिए तैयार हो गए। उन्होंने पत्रकारों से कहा कहा, तुम तिजोरी खोलो यार’। इसी तरह अभिनेत्री सनी लियोन ने ख़ुफ़िया कैमरे के सामने कहा कि मोदी सर ने मेरे पति डेनियल वेबर को ओवर्सीज़ सिटीजन बनाया, तो हम ज़रूर सपोर्ट करेंगे। इसी तरह अभिनेता विवेक ओबेरॉय भी बिना किसी झिझक ने इस एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हो गए. उन्होंने तो पत्रकारों को इसे प्रभावी रूप से चलाने के सुझाव भी दे डाले।
अभिनेता सोनू सूद ने इस काम के लिए 2.5 करोड़ रुपए की मांग की। पत्रकारों ने उनसे कहा कि आपको हर महीने 15 मैसेज पोस्ट करने होंगे, जिसके बदले में हम आपको 1.5 करोड़ देंगे। इसके जवाब में सोनू ने कहा पांच या सात ट्वीट हो सकते हैं। मेरे संदेश बहुत मजबूत और अच्छे होंगे, लेकिन मुझे लगता है कि आप जो 1.5 करोड़ कह रहे हैं, वो 2.5 करोड़ होने चाहिए। सोनू की तरह ही गायक अभिजीत भट्टाचार्य, मीका और कैलाश खेर भी पार्टी का अप्रत्यक्ष प्रचार अपने सोशल मीडिया अकाउंट से करने के लिए तैयार नज़र आये। कैलाश ने तो यहां तक कहा कि उनके ट्विटर पर साढ़े पांच लाख फॉलोअर्स हैं। वहीं, मीका ने ‘ऑपरेशन कैरोके’ के फर्जी एजेंडे का समर्थन करते हुए कहा कि मैंने तो तब भी ट्वीट किया था, जब उन्होंने अमेरिका जाकर हिंदी बोली थी। वहीं, शक्ति कपूर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट का उपयोग कर पार्टी विशेष के एजेंडे को पूरी तरह से आगे बढ़ाने में कोई संकोच नहीं था। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के समर्थक हैं। पार्टी ने उन्हें 2014 में उत्तराखंड के लिए अपना स्टार प्रचारक बनाया था, जब उन्होंने और मोदी ने एक ही मंच से सार्वजनिक भाषण दिया था।
देखें विडियो:
कोबरापोस्ट के मुताबिक, उसके रिपोर्टर ने पीआर एजेंसी का प्रतिनिधि बनकर इन सेलिब्रिटीज से मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात में कोबरापोस्ट रिपोर्टर ने अपना एजेंडा बताया कि आपको अपने फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिये एक राजनीतिक पार्टी को प्रमोट करना है, ताकि आने वाले 2019 के चुनावों से पहले पार्टी के लिए माकूल माहौल तैयार हो सके। रिपोर्टर ने सेलिब्रिटीज़ को बताया कि वे इसके लिए उन्हें हर महीने अलग-अलग मुद्दों पर सामग्री देंगे, जिसे सेलिब्रिटी अपने शब्दों और शैली में लिखकर अपने फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट करेंगे। आपके और हमारे बीच आठ-नौ महीने का एक करार होगा। इसके अलावा यदि जब पार्टी किसी मुद्दे पर घिर जाए तो आपको उसका बचाव भी करना होगा।
कोबरापोस्ट ने करीब एक महीने तक इस स्टिंग को किया, जिसमें ज्यादातर सेलिब्रिटीज़ ऐसा करने के लिए तैयार हो गए। कोबरापोस्ट का कहना है कि इन लोगों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे किस पार्टी का प्रचार कर रहे हैं, उनकी दिलचस्पी सिर्फ मनमाफिक पैसा मिलने में थी। इसके लिए किसी ने दो लाख तो किसी ने ढाई करोड़ रुपए महीने में एक मैसेज सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मांगे। इतना ही नहीं सिर्फ कलाकारों ने पैसा चेक से मांगा, बाकी सब नकद में यानी कालेधन में लेने को भी तैयार हो गए।
देखें विडियो:
कोबरापोस्ट का दावा है कि उसके रिपोर्टरों ने सभी कलाकारों से मुलाकात कोआर्डिनेटर्स के जरिए की। वेबसाइट ने इस भी कोआर्डिनेटर के नाम का भी खुलासा किया है। कोबरापोस्ट को अपने स्टिंग के दौरान ऐसे कलाकार भी मिले जिन्होंने उसकी पेशकश को ठुकरा दिया। इनमें विद्या बालन, अरशद वारसी, रज़ा मुराद और सौम्या टंडन जैसे लोग शामिल हैं।
देखें विडियो:
टैग्स स्टिंग ऑपरेशन कोबरापोस्ट बॉलिवुड