होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जब न्यूज एंकर ने LIVE सुनाई बेटी की मौत की कहानी...
जब न्यूज एंकर ने LIVE सुनाई बेटी की मौत की कहानी...
न्यूज चैनल पर अकसर आप दूसरों की खबरें तो बहुत देखते होंगे, लेकिन क्या हो जब...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
न्यूज चैनल पर अकसर आप दूसरों की खबरें तो बहुत देखते होंगे, लेकिन क्या हो जब न्यूज एंकर खुद ही अपने बेटी की मौत की खबर बताए तो। शायद उस एंकर के दुख की कल्पना करना भी मुश्किल हो। अमेरिका के न्यूज चैनल पर कुछ ऐसा ही हुआ, जब लोगों को जागरूक करने के लिए एक महिला एंकर ने अपनी 21 साल की बेटी की मौत की जानकारी खुद लाइव टीवी पर दी।
अमेरिका के दक्षिण डकोटा में मीडिया संस्थान सीबीएस के केलो चैनल पर न्यूज एंकर ने ड्रग ओवरडोज के खिलाफ जारी अभियान को दम देने के लिए अपनी बेटी की मौत की दुखभरी कहानी पूरी दुनिया के सामने साझा की। एंकर ने कहा, 'मैं नहीं जानती थी कि जिस नशे की मौत की खबर रोजाना मैं टीवी पर पढ़ती थी उसमें मेरे परिवार का भी कोई शख्स होगा।'
एंकर ने कहा, 'अगर मेरी कहानी किसी एक ने भी सुनी और उस पर अमल किया तो मेरा लक्ष्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद मुझे नहीं फर्क पड़ता कि कितने लोगों ने इसे अनसुना किया है।
आपको बता दें कि ये सेगमेंट 5 सितंबर को दिखाया गया था। अपने दुखद अनुभव को साझा करते हुए एंकर ने कहा, 'मुझे बस उस एक मां की चिंता है, जो मेरी बात सुनकर अपने बच्चे को इस दलदल में गिरने से बचाएगी, जिससे उसे जिंदगी में वो दुख नहीं होगा जो मुझे सहना पड़ा था।'
उन्होंने कहा, अमेरिका समेत कई देश के युवा इन दिनों ड्रग्स की लत का सामना कर रहे हैं। वर्तमान में ऑपिओड (एक तरह की दर्दनाशक दवा, जिसका उपयोग अब नशे के रूप में किया जाने लगा है) का उपयोग अमेरिका में एक महामारी बन गया है। अपना बुलेटिन पढ़ते हुए एंकर ने कहा, 'अब इस ऑपिओड नाम की महामारी ने दुखद और प्रलयंकारी तरीके से मेरे घर में दस्तक दी है। 16 मई को मेरी 28 साल की बेटी एमिली ऑपिओड की ओवरडोज का शिकार हुई और उसकी मौत हो गई।'
एंकर ने कहा, एमिली की मौत का कारण डॉक्टरों ने फेंटेंनिल पॉईज़निंग बताया था। इस दौरान एंकर भावुक हो गई और उसने आगे कहा, इस घटना ने मेरी पूरी दुनिया को तबाह कर दी है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरे परिवार को कोई शख्स नशे की लत के कारण मौत की लिस्ट में आएगा, आप दिनभर खबरें सुनते हैं, लेकिन इसके बारे में सोच भी कौन सकता है? उन्होंने कहा, मेरे और मेरे परिवार के इस नुकसान की कोई क्षतिपूर्ति नहीं हो सकती है, मेरी बेटी एमिली एक स्मार्ट, सुंदर और प्रतिभाशाली लड़की थी।
एंकर ने आगे बताया, ‘मेरी बेटी एमिली ड्रग ओवरडोज की वजह से जिंदगी की जंग हार गई। सबसे ज्यादा दुखद ये रहा है कि उसकी मौत के तीन दिन बाद उसकी थेरेपी शुरू होनी थी, लेकिन उसके लिए देर हो गई। महिला एंकर ने कहा, 'एक मां के रूप में, मेरे दिल में एक खालीपन है जो हमेशा रहेगा। वो कभी नहीं भरेगा। मेरे दो और बच्चे हैं जिन्हें मैं प्यार करती हूं। मुझे प्यार करने वाला पति भी है, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है जो मेरे सबसे बड़ी बेटी के जाने से हुई नुकसान की भरपाई कर दे।'
उन्होंने कहा, 'युवाओं में हमें इसकी लत का इलाज करने के बेहतर और सस्ते तरीके खोजने होंगे। उन्होंने कहा हमें इस बदनामी के डर को मन से खोना होगा कि हमारे परिवार का कोई शख्स अगर नशा करता है तो हम बाहर वालों की मदद नहीं ले सकते हैं। हमें ऐसे लोगों के दर्द को खत्म करने के लिए एकजुट होना होगा।'
देखें विडियो :
टैग्स रिपोर्टर सोशल मीडिया एंकर अमेरिका ड्रग्स