होम / ब्रैंड स्पीक्स / NDTV के लिए 'ओपन ऑफर' लाने को लेकर प्रतिबद्ध अडानी ग्रुप, SEBI को लिखा पत्र
NDTV के लिए 'ओपन ऑफर' लाने को लेकर प्रतिबद्ध अडानी ग्रुप, SEBI को लिखा पत्र
अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की अप्रत्यक्ष सहायक ‘विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड’ (वीसीपीएल) ने बुधवार को सेबी को एक पत्र लिखा है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की अप्रत्यक्ष सहायक ‘विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड’ (वीसीपीएल) ने बुधवार को सेबी (Securities and Exchange Board of India) को एक पत्र लिखा है, जिसमें उसने कहा कि वह एनडीटीवी (NDTV) के लिए ओपन ऑफर लाने को लेकर प्रतिबद्ध है और ‘ओपन ऑफर’ के साथ आगे बढ़ेंगे।
अडानी ग्रुप ने कहा कि उसने अपनी खुली पेशकश के मसौदे पर बाजार नियामक सेबी से राय भी मांगी है।
पत्र में कहा गया है कि आरआरपीआर द्वारा अपनाए गए रुख के चलते यह सौदा समाप्त नहीं हुआ है। वीसीपीएल अपने रुख को लेकर प्रतिबद्ध है और सेबी विनियमन, 2011 के प्रावधानों के अनुसार ‘ओपन ऑफर’ के साथ आगे बढ़ने का इरादा रखती है। इसके तहत यह जरूरी है कि ‘ओपन ऑफर’ को पूरा किया जाए, भले ही अंतर्निहित लेनदेन खत्म हो गया हो।
ऑफर का प्रबंधन करने वाली फर्म जेएम फाइनेंशियल ने इससे पहले बताया था कि ‘ओपन ऑफर’ अस्थाई रूप से एक नवंबर को बंद होगा।
गौरतलब है कि अडानी ग्रुप ने अगस्त में विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (वीसीपीएल) का अधिग्रहण किया था। इस कंपनी ने एक दशक से भी अधिक समय पहले एनडीटीवी के संस्थापकों को वारंट के बदले में 400 करोड़ रुपए से अधिक का ऋण दिया था। कर्ज न चुका पाने की स्थिति में एनडीटीवी के संस्थापकों ने कंपनी को मीडिया समूह में 29.18 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने की इजाजत दी थी।
अडानी समूह द्वारा अधिग्रहण के बाद वीसीपीएल ने घोषणा की कि वह 17 अक्टूबर को एनडीटीवी के अल्पसंख्यक शेयरधारकों से अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक ‘ओपन ऑफर’ शुरू करेगी, लेकिन वह एनडीटीवी में अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए ‘ओपन ऑफर’ करने से चूक गया था।
अडानी ग्रुप ने शेयर बाजारों को बताया कि वीसीपीएल ने सेबी से ‘सेबी (एसएएसटी) विनियमों के अनुसार खुली पेशकश के संबंध में दाखिल मसौदे पर अपनी टिप्पणी देने का आग्रह किया है।
टैग्स एनडीटीवी अडानी ग्रुप सेबी ओपन ऑफर