‘टाइम्स नाउ’ और ‘जूम’ अमेरिका में लॉन्च
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
अंग्रेजी न्यूज़ चैनल ‘टाइम्स नाउ’ और इंटरटेनमेंट चैनल ‘जूम’ अब अमेरिका में भी लॉन्च हो गया है। ‘टाइम्स टेलीविजन नेटवर्क’ से अमेरिका में रहने वाले खासकर साउथ एशियन कम्युनिटी के लोग ‘टाइम्स नाउ’ के जरिये लाइव न्यूज़ एवं एनालिसिस और ‘जूम’ पर बॉलीवुड से जुड़ी नवीनतम गॉसिप, न्यूज़, म्यूजिक और मूवीज देख सकेंगे।
‘टाइम्स टेलीविजन नेटवर्क’ के चेयरमैन, विनीत जैन ने लॉन्चिंग के मौके पर कहा, “टाइम्स टेलीविजन नेटवर्क के द्वारा हम अपने ब्रांड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने और भारत को विश्व के करीब लाना चाहते हैं। ‘टाइम्स नाउ’ और ‘जूम’ टेलीविजन के द्वारा हम अमेरिका में रहने वाले साउथ एशियन समुदाय के लोगों को डिश नेटवर्क के माध्यम से भारत से संबंधित समाचार और न्यूज़ विश्लेषण एवं करेंट अफेयर्स के अलावा बॉलीवुड से संबंधित खबरें और गॉसिप देखने को मिलेंगी।”
इस अवसर पर प्रेस कांफ्रेस को संबोधित करते हुए, सुनील लुल्ला, प्रबंध निदेशक और सीईओ, ‘टाइम्स टेलीविजन नेटवर्क’ ने ‘टाइम्स नाउ’ और ‘जूम’ के भारत में इक्विटी, लीडरशिप पोजिशन और ‘टाइम्स टेलीविजन नेटवर्क’ के द्वारा विश्व भर के दर्शकों तक पहुंचने के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। उनका कहना था कि अमेरिका में ‘टाइम्स नाउ’ और ‘जूम’ के लॉन्च होने के बाद अब अधिक से अधिक दर्शक चैनल के यूनिक कंटेंट को देख सकेंगे।
‘टाइम्स नाउ’ और ‘जूम’ अमेरिका में डीटीएच प्लेटफॉर्म डिश टेलीविजन पर उपलब्ध होंगे। डिश हिन्दी के ईपीजी नंबर 652 पर ‘टाइम्स नाउ’ चैनल और 649 पर ‘जूम’ उपलब्ध होगा। इसके अलावा ‘टाइम्स नाउ’ डिश के न्यूज़ पैक पर भी उपलब्ध होगा। ‘टाइम्स नाउ’ और ‘जूम’ डिश के आईपीटीवी प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध होगा। डिश हिन्दी मेगा पैक का मूल्य 44.9 रुपये महीने होगा और इसमें 19 अन्य चैनल होंगे।
‘टाइम्स टेलीविजन नेटवर्क’ की लॉन्चिंग के अवसर पर, फिल्म अभिनेता अनिल कपूर और विद्या बालन टाइम्स स्क्वायर, न्यू यार्क में मौजूद थे। ईवेंट में भारत और बांग्लादेश के राजदूत, न्यू यार्क के सीनेटर, न्यू जर्सी जनरल असेंबली के स्पीकर के अलावे कई कॉरपोरेट, मीडिया और प्रेस से जुड़े लोग उपस्थित थे।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


.jpg)