ज़ी न्यूज ने अब गरीबी के खिलाफ आवाज बुलंद की
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
ज़ी न्यूज ने संयुक्त राष्ट्र संघ के साथ मिलकर गरीबी के खिलाफ आवाज बुलंद की है और इस मुहिम को आगे ले जाने की प्रतिबद्धता जताई है। इस पहल से गरीबी हटाओ आंदोलन की यादें फिर से ताजी हो गईं हैं। कभी देश में गरीबी हटाओ का नारा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने दिया था, उसके बाद गरीबी कितनी कम हुई यह चर्चा का विषय है। लेकिन उदारीकरण के बाद देश में अमीरों की संख्या में इजाफा जरुर हुआ है। आए दिन दुनिया के धनकुबेरों की मंडली में शामिल हमारे अरबपतियों की चर्चा मीडिया भी बड़े गर्व से करता है। लेकिन गरीबी पर चर्चा कभी-कभार ही होती है। जबकि हालात यह है कि देश की 78 फीसदी आबादी 20 रुपये प्रतिदिन से कम पर गुजारा करने को मजबूर है।
लेकिन उदारीकरण के इस दौर में भारत में कई तरह के बदलाव देखने को मिले उन्हीं में से एक था निजी टीवी चैनलों का दौर जिसका विस्तार आगे चलकर 24 घंटे के न्यूज चैनलों के तौर पर हुआ। लिहाजा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के तौर पर मीडिया की आवाज और बुलंद हुई। लेकिन एक वक्त के बाद यह आवाज टीआरपी के शोर में बदलती हुई नजर आने लगी और आलोचनाओं की वजह बनी। हाल के दिनों में इनमें कुछ सुधार होता हुआ दिखा है। लेकिन अचानक गरीबी जैसे गंभीर मुद्दे के खिलाफ आवाज उठाने की जरुरत क्यों पड़ी?
इस मुद्दे पर समाचार4मीडिया से बात करते हुए ज़ी न्यूज के एडिटर सतीश.के सिंह ने बताया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का अंग होने के नाते न्यूज चैनलों से लोग सार्थक पहल की उम्मीद करते हैं लेकिन पिछले कुछ समय में चैनलों के प्रति यह विश्वास कम हुआ है लिहाजा यह सार्थक पहल फिर से उस विश्वास को हासिल करने का प्रयास है। उन्होने कहा कि भारत में गरीबी, भुखमरी और आय की असमानता जैसी कई समस्याएं हैं और न्यूज चैनल होने के नाते हमारा कर्तव्य है कि इनके खिलाफ आवाज बुलंद करें। लिहाजा गरीबी के खिलाफ मुहिम में हमने संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर पहल की है। गरीबी को ही मुद्दा बनाये जाने की बात पर उन्होने कहा कि हम पर्यावरण पर भी पहल कर चुके हैं लेकिन आज देश की अधिकांश समस्याएं कमोबेस कहीं-न-कहीं गरीबी से जुड़ी हैं लिहाजा हमारी यह मुहिम गरीबी तक ही नहीं है बल्कि गरीबी से कहीं आगे की है।
संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से ‘मिलेनियम डेवलपमेंट गोल्स’ के तहत गरीबी के मुद्दे पर 17 से 19 सितंबर तक दुनियाभर में एक जागरुगता अभियान चलाया गया। इसके तहत 18 सितंबर को दिल्ली में एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिनमें देश के जाने-माने लोगों ने भाग लिया। मीडिया जगत की ओर से इसमें ज़ी न्यूज ने अहम भूमिका निभाई।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612942 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


