टीवी चैनलों के अश्लील विज्ञापनों पर महिला आयोग की लगाम

nwc-12.gif
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
महिलाओं की जींस बनाने वाली एक कंपनी और कई डियोडरेंट के अभद्र विज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिखकर अश्लील विज्ञापनों पर लगाम कसने के लिए कहा है।
      
कुछ दिन पहले पत्र पत्रिकाओं में फ्लाइंग मशीन की जींस के एक विज्ञापन में एक महिला को इस कंपनी की जींस पहनकर कामुक अंदाज में दिखाया गया। इसके अलावा टीवी चैनलों पर कई डियोडरेंट के विज्ञापन भी बेहद अश्लील तरीके से दिखाए जा रहे हैं।
      
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा ने बताया कि इस कंपनी के विज्ञापन में महिलाओं का गलत तरीके से चित्रण किया गया है। हमने इसका संज्ञान लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी को पत्र लिखा है और इस विज्ञापन की एक प्रति भी भेजी गई है। हमने कहा है कि इस तरह के विज्ञापनों के खिलाफ सख्त रूख अपनाया जाए।
      
विज्ञापन एजेंसी बीबीडीओ इंडिया के चेयरमैन और मुख्य सृजन अधिकारी जोसी पॉल का कहना है कि किसी चीज को सनसनीखेज तरीके से पेश करने पर छोटा सा विज्ञापन भी बड़ा असर दिखाता है।
      
ब्रांड कंसलटेंसी फर्म ब्रांड कॉम के सीईओ रामानुजम श्रीधर का मानना है कि युवा भारत इसे पसंद करेगा,आलोचक इसे नापंसद करेंगे, लेकिन कोई इसे नजरअंदाज नहीं कर पाएगा।
      
विशेषज्ञों का मानना है कि एक अरब से अधिक की आबादी वाले इस देश में 70 प्रतिशत लोग 35 वर्ष से कम आयु के हैं और तेजी से पश्चिमी रंग में रंगते जा रहे हैं।
 
समाचार4मीडिया.कॉम देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

0
No votes yet
Your rating: None