केबल दरों पर लगाम लगाएगा ट्राई
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
ट्राई(टेलीकॉम रेगूलेटरी ऑथरिटी ) देश भर में केबल टेलीविजन सर्विस की दर को तीन सेगमेंट में बांटना चाहती है साथ ही इसका अधिकतम शुल्क 250 रुपये तय करना चाहती है। कंडीशनल एक्सेस सिस्टम जहां लागू है वैसे क्षेत्र इसके दायरे से बाहर रहेंगे। ट्राई ने इस बात की सूचना सुप्रीम कोर्ट को एक एफीडेविट के माध्यम से दी है।
तीन स्तरीय दरों में सबसे पहले एक बेसिक पैकेज होगा जिसमें दूरदर्शन के साथ 30 फ्री-टू-एयर चैनल होंगे और इसके लिए लिए ग्राहको को 100 रुपये प्रतिमाह खर्च करने होंगे। दूसरे सेगमेंट में इस सुविधा के साथ 20 पे चैनल भी होंगे और इसके लिए महीने भर का शुल्क होगा 200 रुपये। अगर ग्राहक इससे ज्यादा चाहता है तो उसके लिए एक तीसरा सेगमेंट होगा, जिसमें बेसिक पैकेज के साथ 20 से अधिक पे चैनल देखने की सुविधा होगी, लेकिन इसके लिए 250 रुपये चुकाने होंगे।
सुप्रीम कोर्ट में ट्राई की ओर से एफीडेविट देने वाले वकील संजय कपूर ने कहा कि ट्राई केबल की दर को हर कनेक्शन के लिए 250 रुपये प्रतिमाह तक सीमित करना चाहती है।
फिलहाल केबल सर्विस में फ्री-टू-एयर चैनलों की संख्या निर्धारित नहीं है लकिन इसके लिए 83 रुपये प्रतिमाह का शुल्क तय है जबकि फ्री-टू-एयर चैनलों के साथ पे चैनलों के लिए अभी 260 रुपये प्रतिमाह का शुल्क निर्धारित है।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09999064949 / 09818848564 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


