संस्कृत अखबार, ‘इंडियन नेचर’ हुआ शुरू
आरिफ खान मंसूरी
समाचार4मीडिया.कॉम
संस्कृत भाषा को बढ़ावा देने के मकसद से दिल्ली से संस्कृत अखबार, ‘इंडियन नेचर’ की शुरुआत की गई है। इस अखबार को शुरू करने के बारे में अखबार के संपादक, विनय कुमार झा ने समाचार4मीडिया को बताया, “मुझे इस अखबार को शुरू करने का आइडिया उर्दू अखबारों से आया। मैंने सोचा कि जब उर्दू के पाठक कम होते हुए भी मीडिया इंडस्ट्री में उर्दू अखबार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और वो उर्दू ज़बान को बचाने में कामयाब हो रहे हैं। तो क्यों ना संस्कृत भाषा में भी एक अखबार की शुरुआत की जाये।”
संस्कृत के पाठकों के बारे में विनय कुमार का कहना है, “संस्कृत के पाठक बहुत हैं, लेकिन उन्हें संस्कृत में कंटेंट पढ़ने को नहीं मिलता। उनकी इस कमी को हम लोग पूरा करेंगे।”
संस्कृत भाषा में ‘सुधर्म’ और ‘संस्कृत वर्तमानपत्रम्’ जैसे कई अखबार पहले से मौजूद हैं। ‘इंडियन नेचर’ के संपादक ने अन्य संस्कृत समाचारपत्रों के प्रकाशन होने के बावजूद एक नया समाचारपत्र लाने के मुद्दे पर कहा, “हम लोग इन समाचारपत्रों से थोड़ा अलग होंगे। ये समाचारपत्र पूरी तरह से साहित्य पर आधारित हैं हम लोग साहित्य के साथ-साथ खबरों को भी पूरी तवज्जों देंगे। हम अखबार में उन सभी खबरों को अखबार में जगह देंगे जो पूरे देश में घट रही हैं। और कंटेंट की भाषा को हम लोग सरल तरीके से पाठकों के सामने पेश करेंगे। हम लोगों की कोशिश होगी कि पाठकों को सरल से सरल संस्कृत के शब्दों में खबरें दें, ताकि उन्हें समझने में दिक्कत ना हो।”
विनय कुमार ने आगे बताया, “हम लोगों ने जब से इस अखबार को शुरू किया है तब से हम लोगों को पाठकों की अच्छी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।”
दिल्ली से प्रकाशित हो रहे इस मासिक अखबार की कीमत पांच रुपये रखी गई है। इस अखबार की अभी करीब पांच हजार कॉपियां प्रकाशित की जा रही है। प्रबंधन का कहना है कि हम लोग आने वाले छह महीने में इसकी कॉपियों की संख्या करीब 20 हजार कर देंगे।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


