‘राष्ट्रीय सहारा’ ने प्रिंट मीडिया में एक अलग पहचान बनाई: उपेंद्र राय
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
‘राष्ट्रीय सहारा’ लखनऊ संस्करण की कल बुधवार को लखनऊ में 19 वीं वर्षगांठ धूम-धाम से मनाई गई। इस अवसर पर, सहारा न्यूज़’ नेटवर्क के एडिटर एवं न्यूज़ डायरेक्टर उपेंद्र राय ने ‘सहारा इंडिया’ परिवार के अभिभावक ‘सहाराश्री’, सुब्रत रॉय सहारा का बधाई संदेश भी पढ़ा तथा अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “रास्ता ही मंजिल बन जाता है और ‘राष्ट्रीय सहारा’ ने एक सही रास्ता अपनाकर प्रिंट मीडिया जगत में एक अलग पहचान बनाई है। ‘राष्ट्रीय सहारा’ आज बीसवें साल में प्रवेश कर रहा है।”
राय ने पत्रकारिता के दायित्व के निर्वाह का जिक्र करते हुए कहा, “किसी पीड़ित की मदद और मदद का जज्बा रखना ही सही पत्रकारिता है और यही पत्रकार का उद्देश्य होना चाहिए।” उन्होंने रहीम के दोहे “देनहार कोउ और है भेजत है दिन रैन, लोग भरम हम पर करें तासो नीचो नैन” का उदाहरण देते हुए ‘सहारा इंडिया’ परिवार के प्रबंध कार्यकर्ता एवं चेयरमैन सहाराश्री, सुब्रत रॉय ‘सहारा’ की भावनाओं की चर्चा की। ‘राष्ट्रीय सहारा’ के 19 सालों के सफर की चर्चा करते हुए राय ने कहा, “यह अखबार जब शुरू हुआ तो अखबार नहीं, आंदोलन था। 19 साल पहले जो तेवर, धार और सदाशयता इसमें थी वह समकालीन किसी अखबार में नहीं थी। इसके प्रारंभिक दौर में शुरू हुआ ‘भारत गुलामी की ओर’ कॉलम लोगों के जेहन में आज भी मौजूद है और यही कारण है कि आज भी ‘राष्ट्रीय सहारा’ को एक अलग नजरिए से देखा जाता है। आज की जरूरतों के लिहाज से वह उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।”
‘राष्ट्रीय सहारा उर्दू’ रोजनामा के ग्रुप एडिटर, अजीज बर्नी ने अपने संबोधन में इस बात पर खुशी जाहिर की कि इस समय ‘सहारा इंडिया’ मीडिया की बागडोर युवाओं के हाथों में है। इस अवसर पर ‘सहारा इंडिया’ परिवार के डिप्टी डायरेक्टर वर्कर, अब्दुल दबीर; जनरल मैनेजर वर्कर, विवेक सहाय; असिस्टेंट जनरल मैनेजर वर्कर, एसबी सिंह; गोरखपुर यूनिट हेड, पीयूष बंका व स्थानीय संपादक, मनोज तिवारी; कानपुर यूनिट हेड, रमेश अवस्थी व स्थानीय संपादक नवोदित, वाराणसी यूनिट हेड, अमर सिंह; पटना यूनिट हेड, मृदुल बाली; ‘सहारा टाइम्स’ मैगजीन के मार्केटिंग हेड, मुनीश सक्सेना व ‘उर्दू रोजनामा’ लखनऊ के स्थानीय हेड, कलाम खान समेत अनेक वरिष्ठगण मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत में लखनऊ यूनिट हेड, राजेन्द्र द्विवेदी ने सभी आगंतुकों को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन लखनऊ यूनिट के स्थानीय संपादक, दयाशंकर राय ने किया।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


