प्रभात खबर ने किया पहली बिहार डेवलपमेंट रिपोर्ट का प्रकाशन
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के मद्देनजर प्रभात खबर हिंदी दैनिक समाचार पत्र ने बिहार की आर्थिक प्रगति पर केंद्रित पहले बिहार डेवलपमेंट रिपोर्ट का प्रकाशन किया है। यह रिपोर्ट प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों गुरुवार दिनांक 2 सितंबर 2010 को लोकार्पित किया जायेगा। गौरतलब है कि प्रभात खबर समूह हिंदी मीडिया का संभवतः एक मात्र ऐसा समूह है जो अपने कार्य क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक मसलों की निरंतर समीक्षा की आवश्यकता महसूस करता है और इससे संबंधित जानकारी लोगों के समक्ष लाने के लिये हमेशा प्रयासरत रहता है। इसी संदर्भ में यह समूह पिछले आठ सालों से झारखंड डेवलपमेंट रिपोर्ट का प्रकाशन करता रहा और पांच-छह साल पहले इसने बिहार की आर्थिक स्थितियों पर प्रख्यात अर्थशास्त्री अलख नारायण शर्मा के सहयोग से एक विषद अध्ययन कराया था। बिहार डेवलपमेंट रिपोर्ट का प्रकाशन इसी सिलसिले की एक कड़ी है।
इस रिपोर्ट के बारे में बताते हुए प्रभात खबर के प्रधान संपादक हरिवंश कहते हैं कि पिछले दिनों बिहारी मानसिकता को लेकर देश और दुनिया में रचे गये मिथ और राज्य के आर्थिक पहलुओं से जुड़ीं जमीनी सच्चाइयों को आमने-सामने रखने की यह एक कोशिश है। इसके प्रकाशन का वक्त भी काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इन दिनों बिहार के लोग आगामी चुनावों के मद्देनजर न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे उत्तर पूर्वी भारत का भविष्य लिखने में जुटे हैं।
वे आगे कहते हैं कि बिहार के वित्त मंत्रालय का मानना है कि अगर राज्य अगले 16 सालों तक 11.03 फीसदी की विकास दर को बरकरार रखता तब जाकर हमारी आर्थिक स्थिति महाराष्ट्र के मौजूदा स्थिति के बराबर हो पायेगी। मगर इस दौरान महाराष्ट्र हमसे कितना आगे चला जाएगा यह भी विचारणीय प्रश्न है। इस रिपोर्ट के जरिये प्रभात खबर की यह कोशिश भी रहेगी कि बिहार के तथाकथित जाति केंद्रित समाज को इन गंभीर मसलों पर भी सोचने के लिये विवश किया जाए।
इस रिपोर्ट को राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मार्केटिंग रिसर्च एजेंसी इंडिकस एनालिटिक्स ने तैयार किया है। इस एजेंसी के प्रमुख, प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. लवीश भंडारी हैं। रिपोर्ट को तैयार करने में उनकी टीम के सदस्यों डॉ. सुमीत काले, अंकुर गुप्ता और पीयूष बाजपेयी ने महत्वपूर्ण अदा की है।
रिपोर्ट के लोकार्पण के लिये आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, आद्री संस्था के संस्थापक-सचिव शैबाल गुप्ता और प्रख्यात अर्थशास्त्री अशोक वी देसाई मौजूद रहेंगे।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612942 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


