उत्तरांचल में अखबारों की रैंकिंग बरकरार, पत्रिकाओं में भारी उलटफेर
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
इंडियन रीडरशिप सर्वे (आईआरएस) की दूसरी तिमाही के नतीजों में एवरेज इश्यू रीडरशिप (एआईआर) के मुताबिक टॉप थ्री अखबारों की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है लेकिन पत्रिकाओं की रैंकिंग में भारी उलटफेर हुआ है।
अमर उजाला 8लाख 31 हजार की पाठक संख्या के साथ नंबर एक पर बना हुआ है लेकिन उसे 18 हजार पाठकों की कमी का भी सामना करना पड़ा है। पहली तिमाही में उसकी पाठक संख्या 8लाख 49हजार थी।
6लाख 6 हजार पाठक संख्या के साथ नंबर दो पर दैनिक जागरण का कब्जा बरकरार है लेकिन उसे भी 14 हजार पाठक गंवाने पड़े हैं। पहली तिमाही में उसकी पाठक संख्या 6लाख 20 हजार थी।
हिन्दुस्तान 1लाख 93 हजार पाठकों के साथ नंबर तीन पर अपना कब्जा बनाये रखने में कामयाब रहा है साथ ही टॉप थ्री अखबारों में एकमात्र ऐसा अखबार है जिसनेअपनी पाठक संख्या में बढ़तरी दर्ज की है। पहली तिमाही में उसकी पाठक संख्या 1लाख 85 हजार थी जिसमें दूसरी तिमाही के दौरान 8 हजार पाठको को जोड़ने में कामयाबी हासिल की है।
आईआरएस की दूसरी तिमाही के दौरान एवरेज इश्यू रीडरशिप के लिहाज से पत्रिकाओं की रैंकिंग में इस दौरान बड़े उलटफेर देखने को मिले हैं।
टॉप फाइव पत्रिकाओं में मेरी सहेली 78 हजार पाठको के साथ नंबर वन बन गई है जबकि पहली तिमाही के दौरान 55 हजार पाठकों के साथ यह दूसरे नंबर पर थी। इस दौरान इसने 23 हजार पाठकों को जोड़ने में कामयाबी हासिल की है।
गृहलक्ष्मी ने 61 हजार पाठकों के साथ नंबर दो पर कब्जा जमाया है जबकि पिछली बार 46 हजार पाठकों के साथ यह तीसरे नंबर पर थी। दूसरी तिमाही के दौरान इसने 15 हजार नए पाठक जोड़े हैं।
53 हजार पाठक संख्या के साथ प्रतियोगिता दर्पण ने तीसरा स्थान हासिल किया है जबकि पिछली बार 39 हजार पाठकों के साथ यह चौथे नंबर पर था। दूसरी तिमाही के दौरान इसने 14 हजार नए पाठक बनाए हैं।
सबसे बड़ा उलटफेर गृहशोभा के साथ हुआ है। पिछली बार 57 हजार पाठकों के साथ नंबर वन थी लेकिन दूसरी तिमाही के दौरान 9 हजार पाठक गंवा कर यह चौथे नंबर पर आ गई है। इसकी पाठक संख्या अब 48 हजार रह गई है।
पांचवें नंबर पर इस बार दो पत्रिकाओं नें संयुक्त रुप से कब्जा जमाया है। पिछली बार टॉप फाइव से बाहर रहे चंपक ने 40 हजार पाठक संख्या के साथ पांचवें नंबर पर कब्जा जमाया है। दूसरी तिमाही के दौरान इसकी पाठक संख्या में 100 फीसदी से भी ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहली तिमाही में इसकी पाठक संख्या 18 हजार थी।
वनिता 40 हजार पाठकों के साथ संयुक्त रुप से पांचवें नंबर पर है। दूसरी तिमाही के दौरान इसकी पाठक संख्या में 6 हजार का इजाफा हुआ है। पहली तिमाही में इसकी पाठक संख्या 34 हजार थी।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612942 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


