मीडिया कोर्स को पढ़ाने के लिए चाहिए 22000 शिक्षक

books-logo.gif
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
सीबीएसई अगले सत्र से देश भर के सरकारी व पब्लिक स्कूलों में मीडिया स्टडीज का कोर्स शुरू हो रहा है। कोर्स की संरचना पूरी तरह से एनसीईआरटी ने तैयार की है। लेकिन अभी भी इन स्कूलों में मीडिया स्टडीज को पढाने वाले शिक्षकों को लेकर एक बड़ी चुनौती है। मीडिया कोर्स को पढ़ाने के लिए स्कूलों में एक भी शिक्षक नहीं है। इसलिए मार्च में शुरू होने वाले कोर्स को पढ़ाने के लिए देशभर में 22000 शिक्षको की जरूरत है।
 
मीडिया स्टडीज कोर्स को तैयार करने वाले डॉ. सीपी सिंह और डॉ वर्तिका नंदा का कहना है कि हालांकि एनसीईआरटी ने मौजूदा शिक्षकों को प्रशिक्षित करने का काम तो शुरू कर दिया है लेकिन ये अकेले एनसीईआरटी के बस की बात नहीं है। इसलिए मीडिया की स्तरीय पढ़ाई कराने वाले शिक्षण संस्थानों को जोड़ना होगा। साथ ही पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर मीडिया के क्षेत्र में कार्यरत निजी शिक्षण संस्थानों से भी मदद लेनी होगी। लेकिन यह मामले का फौरी समाधान है। स्थायी समाधान के लिए टीचर ट्रेनिंग में बीएड और एमएड स्तर पर पढ़ाई के लिए टीचर के लिए योग्य शिक्षक नियुक्त करने होंगे।
 
देश में लगभग सीबीएसई के 10 हजार 97 स्कूल हैं, जिनमें अगले सत्र से मीडिया स्टडीज का कोर्स शुरू कर दिया जायेगा।  एनसीईआरटी के आंकलन पर गौर करें तो शुरुआती दौर में ही सीबीएसई को देशभर के स्कूलों में कम से कम 22 हजार शिक्षक रखने होंगे। आंकड़ों के अनुसार एक स्कूल में 11वीं में अलग-अलग सेक्शन को मिलाकर करीब 350 से 400 बच्चे होते हैं। माना जा रहा है कि बीते एक दशक से जिस प्रकार से स्तानक और पीजी में मीडिया कोर्स करने के प्रति छात्रों में रुझान बढ़ा है उससे 11वीं में छात्रों को इस कोर्स से जुड़ने के बाद भविष्य में बड़ा अवसर मिलेगा। जिसके लिए प्रत्येक स्कूल में कम से कम दो शिक्षको का होना जरूरी है।
(दैनिक जागरण से साभार)
 
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612942 पर संपर्क कर सकते हैं।
5
Average: 5
Your rating: None