नेशनल हेराल्ड , कौमी आवाज और नवजीवन को मिलेगा नया जीवन

National-herald-and-quami-a.gif

समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो

जवाहर लाल नेहरु द्वारा 9 सितंबर 1938 में लखनऊ से शुरू किये गये अखबार नेशनल हेराल्ड का प्रकाशन दोबारा से शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही अखबार के साथी हिंदी नवजीवन और उर्दू कौमी आवाज भी फिर से शुरू किये जाएंगे। इसके लिए कांग्रेस सरकार ने एक कमेटी बनाकर इसे लॉन्च कराने का जिम्मा सौंपा है। इसको मूर्त रूप देने के लिए नेशनल नॉलेज कमीशन के चेयरमैन सैम पित्रोदा को निदेशक के रूप में टीम में शामिल किया गया है।

गौरतलब है कि नेशनल हेराल्ड अखबार को अधिक कर्मचारी और विज्ञापन के अभाव की वजह से हो रहे घाटे का हवाला देकर 2 अप्रैल 2008 को अस्थाई तौर पर बंद कर दिया गया था। अखबार सितंबर महीने में ही 70 साल पूरे करने वाला था। बंद होते समय अखबार मात्र आठ पेज का रह गया था। इस वक्त इसके ग्रुप एडिटर टी. वी. वेंकटचलम और करीब 265 कर्मचारी थे। इसका लखनऊ संस्करण तो 10 साल पहले ही बंद कर दिया गया था। हिंदी अखबार 'नवजीवन' जिसका नाम महात्मा गांधी ने दिया था नेशनल हेराल्ड से कुछ साल पहले ही बंद हो चुका था।

अखबार की शुरुआत जवाहर लाल नेहरू  ने लखनऊ से कैसर बाग चौराहे के पास वाली इमारत पर तिरंगा फहराते हुए 9 सितंबर 1938 को की थी। अखबार के पहले संपादक के तौर पर के. रामाराव को नियुक्त किया गया था उनके बाद चेलातपति राव इसके संपादक बने। नेशनल हेराल्ड प्रकाशित करने के लिए एसोसिएट जर्नल लिमिटेड नाम की एक कंपनी बनाई गई थी, जिसने बाद में उर्दू में कौमी आवाज और हिंदी में नवजीवन की भी शुरुआत की। उस समय अखबार के लिए आचार्य नरेंद्र देव, रफी अहमद किदवई, विजय लक्ष्मी पंडित, मोहन लाल सक्सेना, कृष्णा मेनन और खान अब्दुल गफ्फार खान जैसे लोग लिखते थे।

अखबार के बंद होने की स्थिति कई बार आई। सबसे पहले अखबार आपातकाल के बाद बंद हुआ जिसका प्रकाशन दो साल बाद इंदिरा गांधी के सत्ता में आने से फिर से शुरू हो गया। फिर कुछ सालों के बाद अखबार वित्तीय संकट की वजह से फिर अस्थाई तौर पर बंद हो गया, तब राजीव गांधी ने 20 करोड़ का पैकेज देकर फिर शुरू किया था। इस पैकेज से अखबार को थोड़ा आधुनिकीकरण की ओर ले जाया गया।

यह वही अखबार है जिसे नेहरू ने ब्रिटिश राज से लड़ने के लिए निकाला था। और इस अखबार ने आज़ादी की लड़ाई में अच्छी भूमिका निभाई थी।

नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929 पर संपर्क कर सकते हैं।
 

0
No votes yet
Your rating: None