अन्ना कवरेज के नाम पर मीडिया पर शिकंजा कसने की तैयारी
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
अन्ना हजारे के आंदोलन को मीडिया की ओर से हवा देने संबंधी धारणा कुछ वर्गों में मजबूत होने के बाद सरकार मीडिया की खबरों में चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर बताने पर रोक लगाने के कुछ तरीकों पर विचार कर रही है। सरकारी सूत्रों ने कहा कि एक ऐसी समिति गठित करने की योजना है कि जो मीडिया की खबरों में घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर बताने के मामलों को देखेगी और प्रेस की आजादी पर रोक लगाए बिना इससे निपटने के तरीके सुझाएगी।
यह मुद्दा मंगलवार को आयोजित हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में उठा। शहरी विकास मंत्री कमलनाथ ने इस मुद्दे पर अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा कि चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत करने पर रोक के लिए मीडिया की खबरों पर कुछ प्रतिबंध लगाने की जरूरत है।
सरकार में एक वर्ग का मानना है कि रामलीला मैदान में अन्ना हजारे के आंदोलन को मीडिया ने हवा दी और इसे मिले अत्यधिक मीडिया कवरेज के चलते इस मुद्दे को लेकर इतना उत्साह बना। इससे सरकार पर अनुचित दबाव बना। (भाषा)
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.comपर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


