साहित्य, समाज और मीडिया पर राष्ट्रीय संगोष्ठी

PR-n.jpg

समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो

महाराष्‍ट्र राज्‍य एकादमी और के.सी. कॉलेज हिन्‍दी विभाग मुंबई, के संयुक्‍त तत्‍वधान में साहित्‍य, समाज और मीडिया विषय पर 17 और 18 फरवरी को दो दिवसीय राष्‍ट्रीय संगोष्‍ठी का आयोजन किया गया. इस संगोष्ठि में वरिष्ठ पत्रकार कुर्बान अली, नवभारत टाइम्‍स मुंबई के संपादक सुदंरचंद ठाकुर, लोकायत के संपादक और लेखक बलराम, बिहार से आए तहलका के पत्रकार निरालाकुमार तिवारी, प्रो. देवेन्‍द्र चौबे, प्रकाश जोशी, नवभारत टाइम्‍स के पत्रकार भुवेन्‍द्र त्‍यागी, अमर उजाला के सुमन्‍त मिश्र, वरिष्‍ठ पत्रकार सोपान जोशी, प्रो. अमरेन्‍द्र शर्मा, वरिष्‍ठ पत्रकार मनमोहन सरल सहित कई लोगों ने हिस्सा लिया।
 
संगोष्‍ठी में लोकायत के संपादक और लेखक बलराम साहित्‍य को समाज का अभिन्‍न हिस्‍सा बताते हुए पिछले दो दशकों में मीडिया के गिरते स्‍तर पर चिंता व्‍यक्‍त की. उन्‍होंने कहा कि सर्वभक्षीय आकाशीय राक्षस ने हमारे समाज, संस्‍कृति और भाषा को निगल लिया है.  ने इस संकट के बीच साहित्‍य की चिरंतन अविकल धारा पर पूरा भरोसा रखते हुए कहा कि साहित्‍य की यह धारा इस सर्वभक्षीय आकाशीय राक्षस का मुकाबला करने के लिए सक्षम है. उन्‍होंने भारतीय प्रिंट मीडिया में भाषाई बदलाव पर भी चिंता व्‍यक्‍त की.  
 
 वहीं नवभारत टाइम्‍स के संपादक सुंदरचंद ठाकुर ने कहा कि साहित्‍य किसी भी समाज का प्राण होता है. साहित्‍य को दरकिनार करने की कोशिशों पर चिंता व्‍यक्‍त करते हुए उन्‍होंने कहा कि अगर किसी संपादक के रूझान साहित्‍यक होते हैं तो अखबार का तंत्र उसका विरोध नहीं करता. उन्‍होंने जनसत्‍ता के साहित्‍यक रूझानों की भी चर्चा की और कहा कि मुंबई में उनका प्रयास हमेशा साहित्‍यक प्रश्‍नों से जुडने का रहेगा.
 
इस अवसर पर महाराष्‍ट्र राज्‍य साहित्‍य एकादमी के सदस्‍य और वरिष्‍ठ पत्रकार अनुराग चतुर्वेदी ने समाज के सभ्‍यतागत बदलाव में मीडिया के कार्पोरेट का हिस्‍सा बन जाने पर चिंता व्‍यक्‍त की. उन्‍होंने मौजूदा दौर में मीडिया के भीतर मूल्‍यो के गिरते स्‍तर के बीच साहित्‍य को संकट मोचक मानते हुए कहा कि साहित्‍य हमारे बीच एक दूरदृष्‍टा की भूमिका निभा रहा है. उन्‍होंने कहा कि ऐसे समय में जब हमारे लिए वर्तमान को समझ पाना जटिल और दुष्‍कर हो रहा है वहां साहित्‍य हमें आगत को समझने में बेहतर मार्गदर्शन कर सकता है.
 
दो दिवसीय संगोष्‍ठी में साहित्‍य समाज और मीडिया के अंतर्गत प्रथम सत्र में मीडिया के सामाजिक सरोकार विषय पर सत्राध्‍यक्ष और वरिष्‍ठ पत्रकार कुर्बान अली ने मीडिया के सामाजिक सरोकारों के लुप्‍त होने पर चिंता व्‍यक्‍त की और कहा कि भारत की आजादी की लडाई के दौरान पत्रकारिता की जो नींव पडी थी और जो सरोकार पैदा हुए थे वे पूंजीवादी समाज के बनने के कारण बदल रहे हैं. गरीबी, कुपोषण, स्‍त्री औश्र दलित के सवाल हाशिये पर चले गए हैं, और समाचारों में नकली आवेश पैदा करने की कोशिश की जाती है.
 
प्रथम दिवस में संगोष्‍ठी के द्वितीय सत्र में नए माध्‍यम और अभिव्‍यक्‍ति का प्रश्‍न  विषय के अंतर्गत मीडिया के कार्पोरट चरित्र पर बोलते हुए नवभारत टाइम्‍स के पत्रकार भुवेन्‍द्र त्‍यागी ने कहा कि इस समय बाजार ने मीडिया को कंपनी बना दिया है और समाचारों को प्रोडक्‍ट. उन्‍होंने कहा कि मीडिया आज मुख्‍य मुद्दों से ध्‍यान हटाकर देश की जनता को गुमराह कर रहा और भ्रम की स्‍थति पैदा कर रहा है.
 
साहित्‍य, समाज और मीडिया का अंतरद्वंद विषय पर जेएनयू के प्रो. देवेन्‍द चौबे ने कहा कि आज मीडिया ने समाज और साहित्‍य दोनों को दरकिनार कर दिया है और जिस समाज को मीडिया ने अपने लिए बचाए रखा है वह उसके लिए बाजार मात्र है. 
 
इस अवसर पर रेडियो फीवर के युवा रेडिया जॉकी तुहीनांशु ने एफएम रेडियो की जिम्‍मेदारी का सवाल उठाते हुए कहा कि आज के बाजारवादी दौर में भी एफएम रेडियो ने अपनी सामाजिक जिम्‍मेदारी को बखूबी निभाया है. उन्‍होंने कहा कि एफएम रेडियो अपनी तरह से समाज की समस्‍याओं को दूर करने में बेहद महत्‍वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है जाहिर है इसे नकारा नहीं जा सकता.
 
कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए साहित्‍यक पत्रिका नवनीत के संपादक विश्‍वनाथ सचदेव ने भी साहित्‍य समाज और मीडिया पर अपने विचार व्‍यक्‍त किए. समापन अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में महाराष्‍ट्र राज्‍य साहित्‍य एकादमी के कार्यकारी अध्‍यक्ष ने इस तरह की संगोष्‍ठियों को साहित्‍य, समाज और मीडिया के लिए एक मंथन की तरह बताया. समापन सत्र में महाराष्‍ट्र राज्‍य साहित्‍य एकादमी के सदस्‍य अनुराग चतुर्वेदी ने राज्‍य के अलग-अलग हिस्‍सों से आए, लेखक, पत्रकारों और बुद्धिजीवियों और श्रोताओं व सम्‍मानिय अतिथियों आभार माना.
प्रेस रिलीज
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929 पर संपर्क कर सकते हैं।
 
 

 

0
No votes yet
Your rating: None