‘महुआ चैनल’ शुरू करेगा केबीसी, यूपी न्यूज चैनल जून में होगा लॉन्च
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
महुआ न्यूज नेटवर्क ने अपना विस्तार करते हुए जून में यूपी चैनल लॉन्च करके हिंदी टीवी में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी कर ली है। इसी चैनल के माध्यम से वो यूपी के पड़ोसी राज्य उत्तराखंड पर भी फोकस करेगा। चैनल के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय की ओर से लाइसेंस मिल चुका है। इस चैनल के लिए भर्ती प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जायेगी।
यूपी मार्केट में पहले ही कई बड़े न्यूज चैनल मौजूद हैं। इनमें ‘ज़ी न्यूज’ ने अपना यूपी चैनल वर्ष 2009 में लॉन्च किया था तो ‘सहारा समय’ यूपी और ‘ईटीवी’ यूपी ने पहले ही राज्य में अपनी स्थिति मजबुत बना रखी है।
‘महुआ न्यूज़’ के समूह संपादक, राणा यशवंत से जब पूछा गया कि राज्य में पहले से ही कई न्यूज़ चैनल मौजूद हैं तो आप अपने कंटेंट को किस तरह से अलग कर पायेंगे? तो उनका जवाब था हमारा हाइपर लोकल कंटेंट हमें बाकी चैनलों से अलग करेगा। हमारा मुख्य फोकस लोकल मुद्दों पर होगा जिन्हे विस्तार से उठाया जायेगा और हम दर्शकों को एक्सक्लूसिव कंटेंट भी उपलब्ध करायेंगे। हम इसके माध्यम से राज्य के हर एक नागरिक की आवाज बनेंगे।
सूत्रों का कहना है कि ‘महुआ न्यूज’ ने राजस्थान मार्केट के लिए भी साल 2011 के अंत तक लॉन्च करने का प्लान बनाया है। वहीं दूसरी ओर, ग्रुप अपना हिंदी नेशनल और मध्यप्रदेश और छतीसगढ़ चैनल 2012 में लॉन्च करेगा। यूपी और उत्तराखंड के लिए चैनल का नाम ‘महुआ’ ही होगा लेकिन राजस्थान और एमपी छत्तीसगढ़ के लिए इसका नाम बदला जायेगा।
साथ ही ग्रुप अपने भोजपुरी और बांग्ला चैनल पर 16 अप्रैल से ‘केबीसी शो’ शुरू करने जा रहा है। इसके लिए चैनल पर प्रोमो दिखाये जा रहे हैं। केबीसी भोजपुरी चैनल पर के बनी करोडपति नाम से भोजपुरी भाषा में और बांग्ला चैनल पर बांग्ला भाषा में दिखाया जायेगा। इस बारे में प्रबंधन का कहना है कि दोनों चैनल पर दो अलग-अलग सेलेब्रेटी इस शो को होस्ट करेंगे।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


