‘ख़बर भारती’ नवंबर में होगा लॉन्च, तैयारियां जोर-शोर से

आरिफ खान मंसूरी

समाचार4मीडिया.कॉम
साईं प्रकाश कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड ग्रुप के न्यूज चैनल, ‘ख़बर भारती’ को नवंबर में लॉन्च करने की योजना है। इसके लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बारे में समाचार4मीडिया से बात करते हुए चैनल हेड, नाज़िम नकवी ने बताया, “हम लोग इसे नवंबर में ऑन एयर कर देंगे। हमारी पूरी टीम इस तैयारी में लगी हुई है।”
 
चैनल के कंटेंट के बारे में नाज़िम नकवी का कहना है, “हमारा कंटेंट जनता के सरोकारों से जुड़ा हुआ होगा। जो बाकी लोग कोशिश करके नहीं कर पाते हैं, हम वहीं करके दिखाएंगे। हमारा बाकी चैनलों से ख़बर पेश करने का तरीका अलग होगा और जो कंटेंट होगा उससे सीधा-सीधा जनता को लाभ पहुंचाने की कोशिश करेंगे। हमारा मुख्य फोकस ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले दर्शक हैं। हमने कई प्रोग्राम भी ग्रामीण लोगों को ध्यान में रखकर बनाये हैं। हमने और हमारी टीम में इस इंडस्ट्री में जो भी सीखा है, उसी अनुभव के आधार पर हम लोगों को लगता है कि क्या अच्छा हो सकता है और क्या करना चाहिए। उसे हम लोग और बेहतर और असरदार रूप में पेश करेंगे।”
 
साथ ही उनका कहना है, “हमे यह नहीं पता कि हमें करना क्या है? हम लोग जैसे-जैसे सफर में आगे बढ़ेंगे हम लोग सीख जायेंगे, लेकिन यह क्लियर है कि मुझे क्या नहीं करना है।”
 
चैनल के डिस्ट्रीब्यूशन प्लान के बारे में नाज़िम नकवी ने बताया, “पहले तो हमारा चैनल केबल पर उपलब्ध होगा। उसके बाद, जनवरी में हम लोग इसे सेटेलाइट प्लेटफार्म पर ले आयेंगे, शुरुआत में राजस्थान, मध्यप्रदेश और छतीसगढ़ में दिखाई देगा लेकिन धीरे-धीरे बाकी प्रदेशों में भी इसका विस्तार किया जायेगा।”
 
करीब 250 लोगों की टीम बनकर तैयार हो चुकी है। ‘सहारा’ और ‘साधना’ न्यूज़ चैनल में रह चुके टीएन मनीष वाइस प्रेसिडेंट न्यूज़ का पद संभाल रहे हैं। ‘आज तक’ से आये परवेज़ खान प्रोग्रामिंग और ‘आज तक’, ‘महुआ’ और ‘वीओआई’ में रह चुके विनसन पीटर मार्केटिंग और सेल्स का काम देखेंगे।
 
 नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

3.666665
Average: 3.7
Your rating: None