केसी कुलिश अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता पुरस्कार की घोषणा
समाचार4मीडिया.कॉम
‘पत्रिका समूह’ के संस्थापक, कर्पूर चन्द्र कुलिश की स्मृति में, सर्वश्रेष्ठ पत्रकारिता के लिए हर साल दिए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार के लिए वर्ष 2009 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। पिछले साल, दैनिक अखबारों में, प्रकाशित खबरों के लिए प्राप्त प्रविष्टियों में से अफ्रीकी देश, घाना के दैनिक, ‘द न्यू क्रूसेडिंग गाइड’ के समाचार अभियानों को सर्वश्रेष्ठ माना गया। विजेता टीम को दिल्ली में आयोजित समारोह में 11000 अमरीकी डॉलर की राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। दुनिया के सभी भू-भागों से प्राप्त, प्रविष्टियों में से सात को मेरिट अवार्ड के लिए भी चुना गया है।
दैनिक अखबारों में, पत्रकारों की टीम की ओर से किए गए बेहतरीन काम को प्रोत्साहित करने के लिए स्थापित यह पुरस्कार राशि के लिहाज से दुनिया का सबसे बड़ा पुरस्कार है। इस साल के लिए समावेशी विकास विषय पर प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थी।
निर्णायक मण्डल - इस वर्ष प्राप्त प्रविष्टियों के मूल्यांकन के लिए, गठित निर्णायक मण्डल में, ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ के इंटरनेशनल व संपादकीय विभाग की उपाध्यक्ष, ग्लेरिया एंडरसन, ख्यातनाम खोजी पत्रकार, एस गुरूमूर्ति, ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल मैनेजमेंट’ के अध्यक्ष, योगेन्द्र के. अलघ व ‘पत्रिका समूह’ के प्रधान सम्पादक, गुलाब कोठारी शामिल थे।
विजेता - घाना के एक्रा क्षेत्र से प्रकाशित, द न्यू क्रूसेडिंग गाइड की टीम में, एनास आर्नेयो एनास, मेरी फिएन्को और सेलीस ने ‘घाना के पागलखानों’ और ‘चीनी सेक्स माफिया’ नामक दो अभियानों के लिए, सात महीनेँ तक दक्षिण अफ्रीका, बर्कीना फासो, घाना और स्वीडन में खोजपूर्ण पत्रकारिता कर जानकारी जुटाई और मानसिक रोगियों के साथ होने वाले अत्याचार के खिलाफ एवं लड़कियों को बचाने के लिए चलाए गए अभियान के परिणाम स्वरूप गिरोह के तीन सदस्यों को 41 साल के कारावास की सजा सुनाई गई और चीनी सरकार की दखल से बचाई गई लड़कियों का पुनर्वास हुआ।
मेरिट पुरस्कार – दुनिया के, सभी महाद्वीपों से प्राप्त दैनिक अखबारों की प्रविष्टियों में कड़ी प्रतिस्पर्धा रही। इनमें से विषय, शोघ और टीम कार्य के खाते, दक्षिण भारत के कोट्टायम इलाके से प्रकाशित, ‘मलयाला मनोरमा’ के लिए, मैथ्यू वर्गीस व टीम के अभियान ‘केरल यात्रा’, ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ के दिल्ली संस्करण के लिए, नीलेश मिश्रा व टीम के अभियान, ‘इन्सपायरड इंडिया’, इंडियन एक्स्प्रेस के दिल्ली संस्करण के लिए, संतोष सिंह व टीम की खबर, ‘42 हैरस्ड मैन इन जेल’, दक्षिण भारत के कोट्टायम से प्रकाशित, ‘राष्ट्र दीपिका’ के राजी जोसफ व टीम की खबर, ‘द प्रीस्ट विद मिडाज टच’, अमेरिका के लांस एंजिलिस से निकलने वाले, ‘ला ओपिनियन’ अखबार के लिए क्लॉडिया व टीम की खबर, ‘प्रिजनर्स ऑफ इग्रोरेन्स एंड ट्रडिशन’ तथा बलूचिस्तान के केटा से प्रकाशित, ‘डेली मीर जंग’ के लिए, अख्तर मिर्ज की खबर, ‘मिसिंग पर्सन्स ऑफ बलूचिस्तान’ शामिल हैं।
पुरस्कार - वर्ष 2007 में शुरू किए गए, इस पुरस्कार के लिए पहले साल, मानव विकास पर आमंत्रित प्रविष्टियों में से, ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ औऱ पाकिस्तान के ‘डॉन’ अखबार की टीम को तत्कालीन राष्ट्रपति, एपीजे अब्दुल कलाम ने पुरस्कार किया था। वर्ष 2008 में, आतंकवाद औऱ समाज विषय पर, ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ में प्रकाशित खबर के लिए लोकसभा अध्यक्ष, मीरा कुमार ने पुरस्कृत दिया था। अगले साल के लिए, भ्रष्टाचार विषय पर, प्रविष्टियां आमंत्रित की जा रही हैं, जिसके लिए वर्ष 2010 के दौरान, दैनिक अखबार में प्रकाशित खबरें पात्र होगी।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612942 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


