जल्द लॉन्च होगा जागरण समूह का उर्दू अखबार इंकलाब
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
जागरण समूह उर्दू भाषा में अखबार इंकलाब नॉर्थ रीजन से जल्द ही लॉन्च करने वाला है। गौरतलब है कि जागरण ने पिछले वर्ष मिड-डे मल्टीमीडिया का पब्लिशिंग बिजनेस खरीदा था जिसमें टैबलॉयड मिड डे और इंकलाब शामिल है। इस अखबार को दिल्ली एनसीआर के साथ पूरे नॉर्थ रीजन में लॉन्च किया जायेगा। इसको लेकर ग्रुप के द्वारा उत्तर भारत में सर्वे करवाया जा चुका है। प्रबंधन ने हाल ही में विभिन्न क्षेत्रों में ब्यूरो चीफ नियुक्त करने के लिए मीटिंग की। संभवत जून तक यह अखबार उत्तर भारत मार्केट में आ जायेगा। उत्तर भारत में अखबार की जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार शकील शम्सी को दी गई है। यह जानकारी हमसे बात करते हुए जागरण प्रबंधन ने दी।
साथ ही प्रबंधन का मानना है कि उर्दू भाषा में ग्रोथ को देखते हुए जागरण समूह ने यह फैसला किया है, हालांकि प्रबंधन ने अभी नीतिय़ों को लेकर कोई खुलासा नहीं किया। यह अखबार दिल्ली एनसीआर सहित नॉर्थ इंडिया के कई इलाकों में लॉन्च किया जायेगा, लेकिन सूत्रों की माने तो शुरुआत में इसका टारगेट उत्तरप्रदेश के पश्चिमी इलाकें होंगे। अखबार के दिल्ली-एनसीआर का सर्कुलेशन हेड अंसार अली को बनाया गया है।
अभी यह अखबार कई स्पेशल और इंटरनेशनल एडिशन के साथ मुंबई से प्रकाशित होता है। हालांकि उत्तर भारत के मार्केट के लिहाज से देखें तो इस अखबार को सहारा ग्रुप के उर्दू अखबार रोज़नामा से सीधी टक्कर लेनी होगी।
अखबार के नोर्थ रीजन के हेड शकील शम्सी करीब 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं उन्होंने 21 साल तक दूरदर्शन के लिए काम किया और फिर दो साल लोकसभा टीवी के साथ जुड़े रहे जहां से इस्तीफा देकर वो सहारा ग्रुप में चार साल तक कार्यरत रहे।
उर्दू अखबारों की पाठक संख्या की बात करें तो इंडियन रीडरशिप सर्वे 2011 की चौथी तिमाही में एआईआर आंकड़ों के अनुसार उर्दू अखबारों में इंकलाब अखबार 1 लाख 93 हजार पाठकों के साथ नंबर वन पर रहा। दूसरे नंबर पर रहा द मुनसिफ जिसकी पाठक संख्या में 55 हजार की बढ़ोतरी हुई और इस बढ़ोतरी के साथ इसकी रीडरशिप 1 लाख 15 हजार हो गई है। तीसरे नंबर पर रहे सियासत ने भी अपने साथ 22 हजार नए पाठक जोड़े हैं। इसकी पाठक संख्या 80 हजार से बढ़कर 1 लाख 2 हजार हो गई है। चौथे स्थान पर रहे उर्दू टाइम्स की रीडरशिप चौथी तिमाही में 63 हजार रही है। लगभग सभी उर्दू अखबारों की पाठक संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


