जागरण फोरमः अतिवाद से लड़ने पर एक मत का अह्वान
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
दैनिक जागरण फोरम में जनतंत्र, विकास और अतिवाद के मुद्दे पर आयोजित परिचर्चा में वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, केन्द्रीय भारी उधोग मंत्री विलासराव देशमुख , राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली, माकपा के सीताराम येचूरी और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत कई विशेषज्ञों ने एक मंच पर अपनी राय रखी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, नवीन पटनायक, नीतीश कुमार समेत मध्य प्रदेश और हरियाणा के मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे अपने विचार रखे। वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने देश के विकास में राष्ट्रीय विकास परिषद, योजना आयोग और वित्तीय संस्थाओं के महत्व को रेखांकित किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पांच सितारा होटलों में चर्चा करने से गरीबी नहीं खत्म होगी। जब किसी गरीब की जमीन विकास के नाम पर छीनी जाएगी, तब उसका आक्रोश किसी न किसी रूप में होगा ही। इसे हम केवल हथियार से हल नहीं निकाल सकते हैं।
विलासराव देशमुख ने कहा कि हम लोकतंत्र में विश्वास करते है और बैलेट की लड़ाई लड़ते है, लेकिन अतिवादी बुलेट की लड़ाई लड़ रहे हैं। अरुण जेटली ने कहा कि अतिवादियों का कोइ आदर्श नहीं है, उनका एकमात्र उद्देश्य है, लोकतंत्र का अपहरण। सीताराम येचूरी ने अतिवाद से त्रिस्तरीय लड़ाई की बात कही जिनमें पहला है, प्रभावित क्षेत्रों में कानून व्यवस्था लागू करना दूसरा विचारधारा के स्तर पर और तीसरा उन क्षेत्रों में विकास जिनमें आदिवासियों को भी भीगीदार बनाना होगा।
जागरण फोरम के तहत अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता और विचारक, विचारधारओं से ऊपर उठकर कई मुद्दों पर एकमत दिखे।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09999064949 / 09818848564 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


