कौन बनेगा 2011 का ‘इंपैक्ट पर्सन ऑफ द ईयर’?
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
भारतीय मीडिया और कम्युनिकेशन इंडस्ट्री 2011 के ‘इंपैक्ट पर्सन ऑफ द ईयर’ का चुनाव करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। ‘इंपैक्ट पर्सन ऑफ द ईयर’ ऐसे व्यक्ति को चुना जाता है जिन्होंने पूरे वर्ष के दौरान अपने कार्यों के द्वारा इंडस्ट्री में अमिट छाप छोड़ी हो। ‘इंपैक्ट पर्सन ऑफ द ईयर’ के लिए इस वर्ष नामांकित 8 व्यक्तियों में से किसी एक का चयन किया जाएगा। इस अवार्ड के लिए 8 दिसंबर 2011 को दिल्ली में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा और इंडस्ट्री के लीडर्स अपने वोटों के द्वारा ‘इंपैक्ट पर्सन ऑफ द ईयर 2011’ का चयन करेंगे जिन्होंने अपने कार्यों के द्वारा ना सिर्फ अपने बिजनेस और कंपनी को बढ़त दिलाई हो बल्कि इंडस्ट्री पर बड़े पैमाने पर छाप छोड़ी हो। ‘इंपैक्ट पर्सन ऑफ द ईयर 2011’ को ‘जागरण समूह’ के द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है।
2011 के लिए नामांकित व्यक्तियों के नाम:
एग्नेल्लो डायस, चेयरमैन एंड सह-संस्थापक, ‘टैपरूट इंडिया’
एग्नेल्लो डायस एडवरटाइजिंग की दुनिया में चर्चित नाम है। वे ‘टैपरूट इंडिया’ के चेयरमैन और सह-संस्थापक है। उन्हें क्रिएटिव के क्षेत्र में दो दशक कार्य करने का अनुभव है। हाल के दिनों में चर्चित एयरटेल जिंगल “हर एक फ्रेंड जरुरी होता है” जिसने देश भर के युवाओं के बीच एक नया संदेश देने का काम किया है, को बनाने के पीछे उन्हीं का दिमाग है। उन्हें लियो बर्नेट और जेडब्ल्यूटी सहित कई अंतरराष्ट्रीय अवार्ड से नवाजा जा चुका है। वर्षों से भारतीय एडवरटाइजिंग जगत में रचनात्मक उद्यमशीलता के क्षेत्र में उनका नाम विश्वास का प्रतीक बन गया है।
हरेश चावला,‘वायकॉम18’ के ग्रुप सीईओ
हरेश चावला पिछले 10 वर्षों से ‘नेटवर्क18’ समूह से जुड़े हुए हैं और ‘वायकॉम18’ के सीईओ हैं। उनके नेतृत्व में, बहुत ही कम समय में ‘नेटवर्क18’ और ‘वायकॉम18’ समूह 30 करोड़ से अधिक घरों में विभिन्न प्लेटफॉर्म जैसे - टेलीविजन, प्रिंट, फिल्म्स, मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से पहुंच चुका है। उनके कुशल नेतृत्व में, ‘वायकॉम18’ समूह के सभी ब्रांड जैसे ‘एमटीवी’, ‘निक’, ‘वीएच1’, ‘स्टूडियो18’ और ‘कलर्स’ ने अभूतपूर्व बढ़ोतरी दर्ज की है। इसके साथ ही, ‘वायकॉम18’ समूह भारत का अग्रणी मल्टीमीडिया एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म बन गया है।
मधुकर कामथ, एमडी एंड सीईओ,‘मुद्रा समूह’, एडएशिया 2011आयोजन समिति के चेयरमैन
मधुकर कामथ एडवरटाइजिंग और मार्केटिंग इंडस्ट्री में पिछले दो दशकों से कार्यरत हैं। वे ‘मुद्रा समूह’ के मैनेजिंग डायरेक्टर और ग्रुप सीईओ हैं। उनके कुशल नेतृत्व में, ‘मुद्रा’ एक एडवरटाइजिंग एजेंसी से भारत की अग्रणी इंटेग्रेटेड मार्केटिंग कम्युनिकेशन्स समूह बन चुकी है। वर्तमान में कंपनी की पूंजी 2,500 करोड़ रुपये हो चुकी है। कामथ ने कई इंडस्ट्री बॉडी का कुशल नेतृत्व किया है। वे एएएआई (एडवरटाइजिंग एजेंसीज एसोशिएशन ऑफ इंडिया) के प्रेसिडेंट और एएससीआई (द एडवरटाइजिंग स्टैंडर्ड काउंसिल ऑफ इंडिया) के चेयरमैन रह चुके हैं। वर्तमान में वे एबीसी (ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्कुलेशन) के बोर्ड में शामिल हैं। और इसके अलावा, हाल ही में संपन्न हुए एडएशिया2011 के आयोजन समिति के चेयरमैन रह चुके हैं।
मनजीत सिंह सीईओ,‘मल्टी स्क्रीन मीडिया’ (एमएसएम)
भारत की सबसे बड़ी ब्रॉडकास्टिंग कंपनियों में से एक – ‘मल्टी स्क्रीन मीडिया’ के सीईओ – मान जीत सिंह ‘सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन’ चैनल्स के उल्लेखनीय पुनरुद्धार (फिर से खड़ा करने वालों) में से हैं। ‘सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन’ ज्वाइन करने से पहले वे कैलिफॉर्निया की एक प्राइवेट कंपनी, ‘एलएलसी’ में कार्यरत थे। सिंह ने कई कंपनियों में सीईओ के पद पर कार्य किया है। उनके कुशल नेतृत्व में, ‘सब’, ‘सोनी’, ‘पिक्स’ और ‘मैक्स’ का मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया है और यह भारत का सबसे अधिक देखे जाने वाले जनरल एंटरटेनमेंट चैनलों में से एक बन गया है।
राजीव वर्मा, चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर,‘हिन्दुस्तान टाइम्स मीडिया लिमिटेड’
राजीव वर्मा ‘हिन्दुस्तान टाइम्स मीडिया’ में सीईओ हैं। उनके कुशल नेतृत्व में ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ और ‘हिन्दुस्तान’ देश में सबसे तेजी से बढ़ने वाला प्रकाशन बन गया है। अक्टूबर 2004 में ‘हिन्दुस्तान टाइम्स मीडिया लिमिटेड’ ज्वाइन करने के बाद, वर्मा ने कंपनी के शॉर्ट टर्म (छोटी अवधि) और लॉन्ग टर्म (लंबी अवधि) के विकास में जरूरी कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिया है। वर्मा के पास 24 वर्षों का अनुभव है और वे इससे पहले ‘हिन्दुस्तान लीवर’, ‘नेस्ले’, ‘व्हर्लपूल’ जैसी कई कंपनियों में काम कर चुके हैं। उन्होंने दक्षिण-पूर्व-एशिया और यूरोप के विभिन्न देशों में भी कार्य किया है। इसके अलावा, उन्होंने ‘व्हर्लपूल’ कंपनी के थाइलैंड कार्यालय और ‘नेस्ले’ के फिलीपींस और स्वीट्जरलैंड कार्यालय में भी कार्य किया है।
रोनी स्क्रूवाला,‘यूटीवी’ समूह के सीईओ एंड संस्थापक चेयरमैन
मीडिया दिग्गज और फिल्म प्रोड्यूसर, रोनी स्क्रूवाला ने अपने कार्यों के द्वारा वैश्विक स्तर पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। ग्लोबल मीडिया के साथ सफल साझेदारी करके उन्होंने ‘यूटीवी’ समूह को सभी उपलब्ध ब्रॉडकास्टिंग प्लेटफॉर्म पर पहुंचा दिया है। उनके कुशल नेतृत्व में, ‘वाल्ट डिज्नी’ के साथ सहयोग से ‘यूटीवी’ प्रोग्रामिंग के स्तर पर टॉप लेवल पर पहुंच गया है। स्क्रूवाला ने देश में संगठित केबल उद्योग का बीड़ा उठाया और वे आज एडवरटाइजिंग, फिल्म्स और लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिकों जैसे ‘लाइफलाइन’ एवं ‘शांति’ के प्रोडक्शन से भी जुड़े हैं।
संदीप गोयल, नॉन-एक्जीक्यूटिव संस्थापक चेयरमैन,‘डेन्ट्सू इंडिया’
विज्ञापन की दुनिया में ‘डेन्ट्सू इंडिया’ और संदीप गोयल एक-दूसरे के पर्याय के रूप में जाने जाते हैं, जिन्हें उन्होंने अपने कुशल नेतृत्व में खड़ा किया है। उन्होंने ‘एचडीएफसी लाइफ इंश्यूरेंस’ के कैंपेन “सर उठा के जियो” और एयरसेल के कैंपेन, “सेव आवर टाइगर” का निर्माण विभिन्न मार्केटर्स जैसे ‘एयरसेल’, ‘लवासा’ और ‘इंडियाबुल्स’ के साथ मिलकर किया। वर्ष 2003 में जापान की ‘डेन्ट्सू’ के साथ साझेदारी के बाद उन्होंने ‘डेन्ट्सू इंडिया’ को एक नया मुकाम दिया है।
विनीत जैन, मैनेजिंग डायरेक्टर,‘टाइम्स समूह’
विनीत जैन ‘टाइम्स समूह’ के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं और वे ‘बेनेट कोलमैन एंड कंपनी’ के प्रमुख संचालकों में से हैं। ‘टाइम्स समूह’ को मौजूदा प्रिंट प्रकाशन के अलावा टेलीविजन और इंटरनेट के क्षेत्र में तेजी से विस्तार का श्रेय दिया जाता है। उनके कुशल नेतृत्व में ‘टाइम्स समूह’ विश्व के सबसे बड़े अंग्रेजी समाचार दैनिक, ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’और बिजनेस दैनिकों में दूसरे स्थान पर कायम ‘इकनॉमिक टाइम्स’ का प्रकाशन कर रहा है। उन्हें समूह के टेलीविजन चैनलों जैसे – ‘टाइम्स नाउ’, ‘जूम’, ‘ईटी नाउ’, और ‘मूवी नाउ’ के विकास का वाहक माना जाता है। उनके कुशल नेतृत्व में ‘टाइम्स समूह’ नित नई उंचाइयों को छू रहा है।
- Category:


