पं. बृजलाल द्विवेदी साहित्यिक पत्रकारिता सम्मान डॉ. हेतु भारद्वाज को

hetu-bhardwaj-new.jpg

समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो 

हिंदी की साहित्यिक पत्रकारिता को सम्मानित किए जाने के लिए दिया जाने वाला पं. बृजलाल द्विवेदी अखिल भारतीय साहित्यिक पत्रकारिता सम्मान इस वर्ष ‘अक्सर’ (जयपुर) के संपादक, डॉ. हेतु भारद्वाज को दिया जाएगा। डॉ. हेतु भारद्वाज साहित्यिक पत्रकारिता के एक महत्वपूर्ण हस्ताक्षर हैं और ‘अक्सर’ से पहले वे ‘समय माजरा’ के संपादक रहे हैं। पुरस्कार के निर्णायक मंडल में सर्वश्री विश्वनाथ सचदेव, विजयदत्त श्रीधर, गिरीश पंकज, रमेश नैयर और सच्चिदानंद जोशी शामिल थे। इसके पूर्व यह सम्मान वीणा (इंदौर) के संपादक, स्व. श्यामसुंदर व्यास, दस्तावेज (गोरखपुर) के संपादक, विश्वनाथ प्रसाद तिवारी एवं कथादेश (दिल्ली) के संपादक, हरिनारायण को दिया जा चुका है।
 
त्रैमासिक पत्रिका, ‘मीडिया विमर्श’ द्वारा प्रारंभ किए गए इस अखिल भारतीय सम्मान के तहत साहित्यिक पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान करने वाले संपादक को ग्यारह हजार रूपए, शाल, श्रीफल, प्रतीक चिन्ह और सम्मान पत्र से अलंकृत किया जाता है। अब तक यह सम्मान समारोह इंदौर, रायपुर, बिलासपुर में आयोजित किया जा चुका है। इस बार सम्मान कार्यक्रम भोपाल में 7, फरवरी, 2012 को आयोजित किया गया है। ‘मीडिया विमर्श’ पत्रिका के कार्यकारी संपादक, संजय द्विवेदी ने बताया कि आयोजन में अनेक साहित्कार, बुद्धिजीवी और पत्रकार हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर, ‘साहित्यिक पत्रकारिता का भविष्य’ विषय पर व्याख्यान भी आयोजित किया जाएगा।
 
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

0
No votes yet
Your rating: None