निजी एफएम पर फिलहाल खबरों के प्रसारण की मंजूरी नहीं
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
निजी एफएम रेडियो में खबरें के प्रसारण को अनुमति मिलने के आसार नहीं हैं। उन्हें आकाशवाणी की खबरों को पेश करके ही काम चलाना पड़ेगा। दरअसल, देश में एफएम रेडियो की संख्या बढ़ाने के लिए आने वाली एफएम रेडियो नीति चरण-तीन के तहत केंद्र सरकार, सुरक्षा और निगरानी की दृष्टि से निजी एफएम रेडियो इंडस्ट्री की इस मांग को नामंजूर कर सकती है। यही नहीं, सरकार ‘थ्रीजी स्पेक्ट्रम’ की नीलामी की तर्ज पर एफएम-तीन के तहत रेडियो फ्रिक्वेंसी स्पेक्ट्रम बेचने की योजना बना रही है।
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने समाचार और सामायिक विषयों के कार्यक्रमों को कुछ शर्तों के साथ अनुमति देने की सिफारिश की थी। दूसरी ओर, निजी एफएम रेडियो इंडस्ट्री भी लंबे समय से यह मांग करती रही है। अभी एफएम रेडियो में आकाशवाणी द्वारा पेश खबरों को ही श्रोताओं को परोसा जाता है। दूरसंचार मंत्रालय के उच्च सूत्रों के अनुसार अगर निजी एफएम में खबरों की मंजूरी दी जाती है तो सरकार के सामने इसकी निगरानी की बड़ी चुनौती पैदा हो जाएगी। मंत्रालय का मानना है कि अभी इलेक्ट्रानिक मीडिया की निगरानी करना ही टेढ़ी खीर साबित हो रहा है और रेडियो में भी इसे मंजूरी दी जाती है तो सरकार के सामने नई मुसीबत खड़ी हो सकती है।
सरकार का तर्क है कि आकाशवाणी की खबरें संतुलित होती है और इसे पेश करने में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन निजी एफएम रेडियो को मंजूरी देने से खबरों का रूप सनसनीखेज और सुरक्षा के लिहाज से नकारात्मक हो सकता है। सरकार चरण-तीन के तहत दिए जाने वाले फ्रिक्वेंसी स्पेक्ट्रम की नीलामी थ्रीजी के तहत करने पर भी विचार कर रही है। इसके लिए ट्राई से राय मांगी गई है। सूत्रों के मुताबिक चरण-तीन के तहत 800 से ज्यादा रेडियो चैनलों को मंजूरी दी जा सकती है। इसका पहला चरण जनवरी, 2011 से शुरू हो सकता है, जिसमें 150 से ज्यादा चैनलों को मंजूरी दिए जाने की संभावना है।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612942 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


![radio[1].jpg.gif radio[1].jpg.gif](http://www.samachar4media.com/sites/images/radio[1].jpg_5.gif)