पहले नेशनल फोटोग्राफी अवार्ड की घोषणा
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने फोटो डिविजन की गोल्डन जुबली के अवसर पर नेशनल फोटो अवार्ड की घोषणा की है। आगामी 19 अगस्त को उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी 79 वर्षीय एस पॉल सहित चार फोटो पत्रकारों को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड्स’ से सम्मानित करेंगे।
शानदार फोटोग्राफी के लिए कई पुरस्कारों से नवाजे जा चुके पॉल नेशनल फोटो अवार्ड्स पाने वाले पहले वयक्ति होंगे। वे पहले ऐसे भारतीय फोटोग्राफर थे जिनका प्रोफाइल ब्रिटिश जर्नल ऑफ फोटोग्राफी की ओर से 1967 और 1969 के एडिशन में प्रकाशित किया गया था। इतना ही नहीं 1971 में निकॉन इंटरनेशनल फोटो कॉन्टेस्ट जीतने वाले वे पहले भारतीय भी हैं। पॉल बतौर चीफ फोटोग्राफर 1962 से 1988 तक इंडियन एक्सप्रेस से जुड़े रहे हैं।
नेशनल अवार्ड पाने वाले अन्य विजेताओं में देश की पहली महिला फोटो पत्रकार वड़ोदरा की 97 वर्षीया होमी व्यारावाला भी शामिल हैं। उन्हें देश की आजादी से पहले और इसके बाद के कई महत्वपूर्ण घटनाओं को अपने कैमरे में कैद करने का गौरव हासिल है। पिक्चोरियलिस्ट कैटेगरी में कोलकाता के 79 वर्षीय फोटोग्राफर और फेडरेशन ऑफ इंडियन फोटोग्राफी के महासचिव बेनु सेन को भी लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक इस अवार्ड का मकसद फोटोग्राफरों के लंबे योगदान को सम्मानित करना है। इस अवार्ड के तहत डेढ़ लाख रुपये का नकद ईनाम, एक शॉल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09013060045/ 09911612942 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


