दीपावली के मौके पर दर्शकों को जागरूक करते न्यूज चैनल
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
जिस तरह से लोग दीपावली को अच्छे तरीके से मनाने के लिए जोर-शोर से तैयारियां कर रहे हैं। उसी प्रकार न्यूज चैनल भी अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए लोगों को इन तैयारियों में होने वाली दिक्कतों से छुटकारा दिलाने के लिए उन्हें बराबर गाइड कर रहे हैं। न्यूज चैनल हर संभव तरीके से अपने दर्शकों को जानकारी प्रदान करने की कोशिश कर रहे हैं। न्यूज चैनलों पर आज के दिनों पर सबसे ज्यादा खबरें मिलावटी और नकली सामानों की दिखाई देती हैं। और न्यूज चैनलों की सर्तक निगाहें भी इन मिलावटी और नकली सामान पर बनी हुई हैं। चैनल दर्शकों को बराबर गाइड कर रहे हैं कि उन्हें किस तरह से नकली सामानों से बचना चाहिए।
ज़ी न्यूज के एक्जीक्यूटिव एडिटर, सतीश के. सिंह ने बताया कि ज़ी न्यूज ने अपनों दर्शकों को नकली या मिलावटी सामानों से बचने के लिए एक बड़े स्तर पर मुहिम चलाई है। उसी तरह न्यूज24 भी एक जन जागरूकता अभियान चलाकर अपने दर्शकों को जागरूक कर रहा है और उन्होंने श्रीयंत्र का षडयंत्र के नाम से भी एक शो चलाया है जिसके जरिए नकली श्रीयंत्रों का पर्दाफाश किया है। दिल्ली आजतक के हेड अमिताभ श्रीवास्तव का कहना है कि दीपावली के समय सबसे बड़ी चुनौती मिलावटी और नकली सामान है। हमने इसे एक बड़े लेवल पर दिखाया है इसके दिखाने के बाद हमारी खबर का असर भी हुआ कई जगहों पर सरकार ने छापे मारे हैं। पी7 न्यूज के बिजनेस हेड श्री हर्षवर्धन त्रिपाठी ने बताया कि मिलावटी मिठाईयों और सामानों को हमने एक बड़ी चुनौती लेते हुए “नकल से बचे” नाम से एक शो चलाया है।
ज़ी न्यूज के एक्जीक्यूटिव एडिटर, सतीश के. सिंह का कहना है दीपावली पर हमारी खबरों का मुख्य फोकस अर्थव्यवस्था, धंधे और रोजगार पर होगी। हम दिखाएंगे कि महंगाई का दीपावली पर क्या असर है। इस बार बाजार में किस तरह की रौनक है। मंदी की वजह से पिछली और इस दीपावली में कितना फर्क है। दूसरा हमारा प्रयास होगा कि समाज में एक ओर त्यौहार का उल्लास है और दूसरी ओर भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। चाहे हम आदर्श सोसाइटी घोटाला की बात करें या फिर कॉमनवेल्थ गेम्स घोटला को देखें। आज के समय में भ्रष्टाचार दिनों-दिन बढ़ रहा है। इससे कैसे निपटा जा सकता है या फिर इससे कैसे बचा जा सकता है? तीसरे हम लोगों को ज्यादा शोर वाले और ज्यादा धुआं वाले पटाके ना जलाने का संदेश दे रहे हैं ताकि वातावरण को साफ रखा जा सके और किसी तरह का प्रदूषण ना हो। और सुरक्षा व्यस्था पर भी एक प्रकाश डाला जायेगा कि दीपावली के मौके पर किस तरह की सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए।
दिल्ली आजतक के हेड अमिताभ श्रीवास्तव का कहना है कि दीपावली के दौरान हमारा पहला प्रयास अपने दर्शकों को जागरूक करना है। हम अपने दर्शकों को दीपावली के शुभ मौके पर खरीदारी को देखते हुए ‘चलो बाजार’ करके एक शो चला रहे हैं। जिसमें हम लोगों को खरीदारी करने के ऑप्शन बता रहे हैं कि कहां से कौन सा प्रोडक्ट खरिदना चाहिए। इस शो को मध्य-वर्गीय लोगों और उच्च-वर्गीय लोगों को रखकर बनाया गया है।
दूसरी सबसे बड़ी दिक्कत मिलावटी और नकली सामान की है जिससे निपटने के लिए हमने एक मुहिम चलाई है। इस के माध्यम से हम दर्शकों के साथ-साथ सरकार को भी जागरूक कर रहे हैं। हमारी ओर से मिलावटी सामनों और मिठाइयों का पर्दाफाश करने के बाद सरकार भी सक्रिय हुई है और कई जगहों पर छापे भी डाले गए हैं। हम लोगों के बीच जायेंगे। उनके दीपावली मनाएं जाने के तरीकों को दिखाया जायेगा। हम दीपावली के मौके पर एक दीपावली कॉन्टेस्ट का आयोजन भी कर रहे हैं। साथ ही लोगों से ज्यादा प्रदूषण वाले पटाखे ना चलाने और दूसरे वर्गों का भी ख्याल रखने की अपील की है।
बीएजी फिल्मस के न्यूज चैनल, न्यूज-24 के न्यूज डायरेक्टर, सुप्रिय प्रसाद का कहना था कि हमारे चैनल की ओर से एक बड़े स्तर नकली और मिलावटी सामानों के खिलाफ मुहिम चलाकार लोगों को जागरूक किया जा रहा है और उन्हें इनसे बचने के रास्ते बताइये जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि हमने एक शो ‘श्रीयंत्र का षडयंत्र’ नाम से एक शो चलाया है जिसमें दिखाया गया है कि लोगों को किस तरह से नकली यंत्र बेच कर ठगा जा रहा है। इससे लोग जागरूक हुए हैं। लोगों को सामान के नकली और असली होने की पहचान बता रहे हैं। लोग किस तरह से नकली सोने-चांदी की पहचान करने की तरीके बताए जा रहे हैं। महंगाई का दीपावली पर असर दिखाया जायेगा कि पिछली दीपावली और इस दीपवाली में महंगाई की वजह से उल्लास और खुशी में कितना फर्क आया है। साथ ही लोगों को पटाखे ना चलाने की सलाह दी जा रही है।
पी7 न्यूज चैनल के बिजनेस हेड हर्षवर्धन त्रिपाठी ने बताया कि अगर हमारे चैनलों की प्रोग्रामिंग को देखा जाए तो हमारी दीपावली के दिन की सारी प्रोग्रामिंग दीपावली पर ही आधारित होगी। हम अपने दर्शकों को ‘नकल से बचे’ शो के जरिए दीपावली पर मिलने वाले नकली सामान और मिलावटी चीजों के बारे में जानकारी देंगे और साथ ही ‘दीपावाली पर बचाव’ के जरिए दीपावली पर जलाए जाने वाले पटाखों से किस प्रकार से सावधानी बरती जानी चाहिए के बारे में बताया जायेगा। दूसरा हम दीपावली पर लक्ष्मी पूजा के तौर तरीके और राशियों के अनुसार पूजा पर भी प्रकाश डालेंगे। और दर्शकों को खरीदारी के लिए गाइड करने के लिए हमने ‘दीपावाली बाजार’ नाम का एक शो चलाया है। हमारा एक शो है ‘सात समंदर’ जिसमें हम दिखाएंगे की दुनिया भर में लोग दीपावली को किस तरह से मनाते हैं।
- Category:


