दिल्ली हाईकोर्ट ने भारत-ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला के अनधिकृतप्रसारण पर रोक लगाई
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
दिल्ली उच्च न्यायालय की अवकाश बेंच ने देश भर में केबल ऑपरेटर्स के द्वारा अनधिकृत तौर पर भारत-ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला के मैच के प्रसारण पर स्थाई तौर पर रोक लगा दी है। चार मैचों की यह श्रृंखला ‘स्टार क्रिकेट’ और ‘स्टार क्रिकेट एचडी’ पर प्रसारित की जाएगी।
‘ईएसपीएन सॉफ्टवेयर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ (ईएसआईपीएल) ने दिल्ली उच्च न्यायालय में दाखिल अपने सूट में दावा किया है कि बचाव पक्ष जिनमें 63 केबल ऑपरेटर्स के नाम शामिल हैं, होटल और इंटरनेट वेबसाइट अनधिकृत तौर पर कनेक्शन और अनधिकृत तौर पर बिना कंपनी की अनुमति के ‘ईएसपीएन सॉफ्टवेयर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ (ईएसआईपीएल) सिग्नल्स का उपयोग कर रही है।
उच्च न्यायालय के आदेश के बाद से अगर कोई भी अनधिकृत तौर पर बगैर कंपनी की इजाजत के ऑस्ट्रेलिया-भारत श्रृंखला का प्रसारण किसी भी चैनल या केबल पर करता हुआ पाया जाएगा तो उसे न्यायालय की अवमानना माना जाएगा और इसके लिए उसे सजा हो सकती है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने ‘ईएसपीएन सॉफ्टवेयर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ (ईएसआईपीएल) को इस बात का अधिकार दिया है कि वे उन कंपनियों के खिलाफ कार्यवायी के लिए स्वतंत्र हैं जिनके नाम सूट में नहीं है और अनधिकृत तौर पर वे ‘ईएसपीएन’ और ‘स्टार क्रिकेट’ के लाइसेंस का दुरुपयोग कर रहे हैं।
कोर्ट के आदेश पर, ‘ईएसपीएन सॉफ्टवेयर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’(ईएसआईपीएल) के वाइस प्रेसिडेंट – एफिलिएट सेल्स, टीएस पनेसर ने कहा, “कोर्ट के इस आदेश से अनधिकृत तौर पर प्रसारण करने वालों पर रोक लगेगी।। हमने एक टीम का गठन किया है जो देश भर में अनधिकृत तौर पर बिना इजाजत के हमारे लाइसेंस का दुरुपयोग करने वालों पर नजर रखेगी और अगर कोई प्रसारण करते हुए पाया जाएगा तो पुलिस के साथ मिलकर हम उसके खिलाफ कार्यवायी करेंगे।”
दिल्ली उच्च न्यायालय ने पुलिस के अधिकारियों को यह निर्देश दिया है कि वे इस मामले में ‘ईएसपीएन सॉफ्टवेयर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ (ईएसआईपीएल) का सहयोग करें जिससे केबल पायरेसी पर रोक लगाई जा सके।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के बाद दो ट्वेंटी-ट्वेंटी मैच और भारत, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच एक त्रिकोणीय एकदिवसीय सीरिज खेला जाएगा। एकदिवसीय श्रृंखला में 15 मैच होंगे जिसका प्रसारण, ‘स्टार क्रिकेट’, ‘स्टार क्रिकेट एचडी’ और ‘ईएसपीएन’ पर किया जाएगा।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


