कॉमनवेल्थ गेम्स में दूरदर्शन की भी चांदी, विज्ञापन दरों में इजाफा

Doordarshan-logo.jpg
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के सोने पर निशाना साधते ही दूरदर्शन की भी चांदी हो गयी है। खेल के शानदार आगाज और पदक तालिका में भारत के दूसरे नंबर पर बने रहने से दूरदर्शन ने कॉमनवेल्थ गेम्स के समापन समारोह के लिए विज्ञापनों दरें 150 फीसदी तक बढ़ा दी हैं। 3 अक्टूबर को गेम्स के शुरुआती समारोह के लिए दूरदर्शन की विज्ञापन दर प्रति 10 सेकेंड के लिए 90,000 रुपए थी और अब इसे बढ़ाकर 2.25-2.5 लाख रुपए प्रति 10 सेकेंड कर दिया गया है।
 
विज्ञापनदाताओं के लिए मीडिया स्पेस खरीदने वाली कंपनियों का कहना है कि डीडी की नई दरें काफी ज्यादा हैं। हालांकि उनका यह भी कहना है कि कॉमनवेल्थ गेम्स के समापन समारोह में विज्ञापनदाताओं की खासी दिलचस्पी रहेगी। लेकिन कुछ लोगों का यह भी कहना था कि इस रेट को बिल्कुल उचित नहीं ठहराया जा सकता।
 
हालांकि, डीडी को पूरा भरोसा है कि उसे नई दरों पर विज्ञापन मिल जाएंगे। दूरदर्शन की डायरेक्टर (माकेर्टिंग) अपर्णा वैश्य ने बताया कि विज्ञापनदाता चैनल से विज्ञापन के लिए काफी पूछताछ कर रहे हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स के शुरुआती समारोह को देश के 2.9 करोड़ टीवी दर्शकों ने देखा था। इस सप्ताह में दूरदर्शन का टीवी रेटिंग प्वाइंट 2.8 रहा था
 
कॉमनवेल्थ गेम्स के प्रसारण का एक्सक्लूसिव राइट दूरदर्शन के पास है। लेकिन शुरूआत में कॉरपोरेट सेक्टर (खासकर पब्लिक सेक्टर कंपनियों) और विज्ञापदाताओं से मिली ठंडी प्रतिक्रिया की वजह से दूरदर्शन ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अपना रेवेन्यू लक्ष्य 200 करोड़ से घटाकर 100 करोड़ कर दिया था। शुरुआती समारोह में डीडी नेशनल के लिए विज्ञापन दर प्रति 10 सेकेंड के लिए 90,000 रुपए थी। इसके साथ डीडी स्पोर्ट्स पर इसके लिए फ्री विज्ञापन का ऑफर भी था।
 
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612942 पर संपर्क कर सकते हैं।
5
Average: 5
Your rating: None