समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
दैनिक भास्कर आज 18 अक्टूबर को जम्मू से लॉन्च हो गया। दैनिक भास्कर के इस 51वें संस्करण की लॉन्चिंग के साथ ही इसका विस्तार 13 राज्यों में हो गया। जम्मू संस्करण के लॉन्चिंग की जिम्मेदारी चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के सीईओ आशू पाखी को सौंपी गयी है।
राज्य में फिलहाल जम्मू शहर से ही इसकी लॉन्चिंग हुई है लेकिन बाद में जम्मू-कश्मीर के अन्य जिलों में भी इसका विस्तार होगा। कल विजयदशमी के दिन इसकी सॉफ्ट लॉन्चिंग की गई थी लेकिन अधिकारिंक लॉन्चिंग के साथ ही आज से दैनिक भास्कर का जम्मू संस्करण पाठकों को उपलब्ध हो गया।
दैनिक भास्कर का जम्मू संस्करण कुल 16 पेज का होगा जिसमें 12 मुख्य पेज होंगे। मुख्य पेज में 4 रंगीन पेज भी होंगे साथ ही पूरी तरह रंगीन चार पेज का जम्मू सिटी पूलआउट पेज भी होगा। मधुरिमा, नवरंग और रसरंग जैसे अतिरिक्तांक भी रहेंगे। अखबार की कीमत पांच दिन 3 रुपये और दो दिन साढ़े तीन रुपये होगी।
सीईओ आशू पाखी ने बताया कि हमारा मानना है कि “करीब 16 लाख की आबादी के साथ जम्मू में पाठकों के विस्तार की काफी संभावना है। आईआरएस की पहली तिमाही के आंकड़ो के मुताबिक इसमें करीब साढ़े चार लाख पाठकों का अंतर है और हमारा उदेश्य इस संस्करण के माध्यम से उन पाठकों को अपनी ओर आकर्षित करना है।“
दैनिक भास्कर अपने किसी भी संस्करण की लॉन्चिंग के पहले वहां के पाठको की पसंद और मार्केट का दम जानने के लिए एक व्यापक सर्वे कराता है लिहाजा जम्मू संस्करण भी इसका अपवाद नहीं रहा। सर्वे के मुद्दे पर बात करते हुए आशू पाखी ने बताया कि जम्मू जिले में कराये गए इस सर्वे में में हमने 1 लाख 10 हजार परिवारों और उद्यमों को शामिल किया और उनकी पसंद ओर नापसंद जानने की कोशिश की। इससे हमें अखबार की डिजाइन और एडिटोरियल कंटेंट को बेहतर करने का मौका मिला।
जम्मू में सर्वे जून, 2010 में शुरू किया गया था। इस सर्वे के बेहतरीन कवरेज के लिए एक खास रणनीति अपनाई गई जिसके तहत जम्मू शहर को पांच क्षेत्रों में बांटा गया था। शहर की आवासीय कॉलोनियों और बाजारों की विस्तृत सूची बनाने के बाद प्रत्येक क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक आधार पर वर्गीकरण किया गया था। इस सर्वे की खास बात यह रही कि इसमें सबसे पहले लोगों को दैनिक भास्कर के बारे में जानकारी दी गई और उसके बाद उनसे एक आदर्श अखबार के बारे में बताने को कहा गया जिसे वो पढ़ना चाहते हैं। सर्वे के दूसरे चरण में सब्सक्रिप्शन बढ़ाने के लिए लोगों के घर-घर जाकर अखबार की कांपियों की बुकिंग की गई।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें
samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या
09899147504/ 09911612942 पर संपर्क कर सकते हैं।