बीजेपी का युवा टीवी चैनल लॉन्च
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
भारतीय जनता पार्टी ने 'युवा' नाम से गुरुवार को अपने खुद के टीवी चैनल की लांचिंग की। इस इंटरनेट टीवी चैनल का शुभारंभ पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी ने बीजेपी मुख्यालय में किया। गडकरी ने इस मौके पर कहा कि कोई भी व्यक्ति या नेतृत्व अपने आप में पूरी तरह से दोषरहित नहीं होता है, सबमें अच्छाइयों के साथ बुराइयां भी होती हैं। इस टीवी चैनल से पार्टी के लोगों को खुद को बेहतर बनाने का मौका मिलेगा,क्योंकि 'युवा' चैनल से केवल पार्टी के विचार ही प्रसारित नहीं होंगे, बल्कि बीजेपी से इतर विचारों और आलोचनाओं को भी पूरा स्थान और सम्मान मिलेगा।
उन्होंने बताया कि युवा चैनल के लिए बीजेपी मुख्यालय में ही एक स्टूडियो बनाया गया है,जहां से कार्यक्रमों का प्रसारण होगा। उन्होंने कहा कि इस टीवी चैनल के जरिए बीजेपी जनता, खासकर युवाओं के साथ जुड़ने की कोशिश करेगी। युवा चैनल के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पार्टी की विचारधारा, कार्यक्रमों और आंदोलनों की जानकारी देने के साथ ही इस पर मनोरंजन के कार्यक्रम भी प्रसारित किय जाएंगे। उन्होंने बताया कि न्यूज चैनलों की तर्ज पर विभिन्न मामलों पर बहस के लिए युवा टीवी के स्टूडियो में पार्टी से अलग विचार रखने वाले लोगों को भी बुलाया जाएगा। गौरतलब है कि इस युवा इंटरनेट टीवी चैनल को पार्टी की आईटी सेल ने विकसित किया है। इसका प्रसारण प्रत्येक दिन पांच से शाम सात बजे तक होगा।
इस टीवी का प्रसारण रोजाना 5 से सात बजे के बीच किया जायेगा।
प्रेस रिलीज
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


