अशोक पांडे बने हिंदुस्तान झारखंड के स्टेट हेड
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
हिंदुस्तान कानपुर के संपादक अशोक पांडे को हिंदुस्तान रांची का सीनियर आरई बनाते हुए झारखंड हिंदुस्तान का स्टेट हेड बनाया जा रहा है। गौरतलब है कि इस पद की जिम्मेदारी अभी तक राजेंद्र तिवारी देख रहे थे, लेकिन प्रबंधन ने उन्हें इस पद के लिए अक्षम पाया और उन्हें चंडीगढ़ का आरई बनाया जा रहा है। अशोक पांडे पटना पहुंच चुके हैं और उन्होंने कार्यभार भी संभाल लिया है। हिंदुस्तान प्रबंधन ने हमसे बात करते हुए इस खबर की पुष्टि भी की है।
राजेंद्र तिवारी पुराने भास्कराइट हैं और भास्कर के साथ भोपाल, पानीपत और इंदौर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, लेकिन इन सभी जगहों पर वे अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे। फिर उन्हें दिल्ली लाया गया जहां उन्हें भास्कर के वेब पोर्टल की जिम्मेदारी दी गई। यहीं से राजेंद्र तिवारी ने अपनी राह बदली और वे हिंदुस्तान के साथ जुड़ गए। मृणाल पांडे जी ने उन्हें हिंदुस्तान रांची का सीनियर रेजिडेंट एडिटर बना दिया।
अब जब रांची में भास्कर की आहट के बाद घमासान शुरू हुआ तो सभी अखबारों ने नए सिरे से रणनीति बनानी शुरू कर दी। इसी नई रणनीति के तहत हिंदुस्तान ने यह पहला बड़ा बदलाव किया है। अशोक पांडे दैनिक जागरण देहरादून और अमर उजाला लखनऊ के संपादक रह चुके हैं। उनके पास उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की राजधानी में संपादक के दायित्व का अनुभव है और हिंदुस्तान प्रबंधन पर उनको भरोसा भी है। ऐसे में प्रबंधन को रांची में अपनी पकड़ को मजबूत बनाए रखने के लिए अशोक पांडे सबसे बेहतर नाम दिखे और उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09999064949 / 09818848564 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


