टीवी चैनलों के लिए कोई कानून नहीं : अंबिका सोनी
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने एक सेमिनार दौरान कहा कि सरकार टीवी चैनलों की सामग्री पर नियमन के लिए किसी तरह का कानून लाने पर विचार नहीं कर रही और इसके लिए आत्म-नियमन, सेल्फ रेगुलेशन या सहनियमन जैसे तरीकों पर विचार हो रहा है। इस लिहाज से एक नोडल एजेंसी के रूप में राष्ट्रीय प्रसारण प्राधिकरण बनाने की योजना है।
साथ ही अंबिका सोनी ने कहा कि मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय चैनलों की सामग्री पर नियमन के लिए कोई विधेयक लाने पर विचार नहीं कर रहा है। इससे पहले विधेयक का एक मसौदा तैयार किया गया था लेकिन अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्होंने यह बात सोसायटी ऑफ इंडियन लॉ फर्म्स द्वारा आयोजित एक सेमिनार में की। इस सेमिनार का विषय ‘एंटी पायरेसी तथा सामग्री का नियमन’ था।
उन्होंने कहा कि पिछले साल नवंबर में हमारे मंत्रालय ने एक विशेष कार्य बल गठित किया था जो समाज के लोगों और संगठनों से बातचीत कर समाधान पर विचार विमर्श कर रहा है, जिससे चैनलों की सामग्री, कंटेंट पर सेल्फरेगुलेशन का खाका तैयार हो सके।
मंत्री महोदया ने कहा कि संप्रग सरकार आत्मनियमन के लिए प्रतिबद्ध है और हम इसके लिए एक प्रणाली लाने पर विचार कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इस दिशा में ब्रॉडकास्टर्स से भी बातचीत चलती रहती है।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612942 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


