‘प्रज्ञा टीवी’ ने लॉन्च किए तीन नए शो
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
‘प्रज्ञा टीवी’ ने अपने प्रोग्राम की फेहरिस्त में तीन नए शो जोड़ें हैं। ये शो रोमांच, उत्तेजना से भरपूर हैं, ‘सूर्य पुराण’, ‘दोबारा जिंदगी’ और ‘मोहे रंग दे’ तीनों शो अलग-अलग विषयों पर आधारित हैं। ‘सूर्य पुराण’ सूर्य देवता के बारे में पौराणिक शो है, ‘दोबारा जिंदगी’ मृत्यु के बाद की जिंदगी और तीसरा रीयलिटी सूफी म्यूजिक शो है।
‘सूर्य पुराण’ भगवान सूर्य जोकि हमें जिंदगी, रौशनी और पूरे ब्रह्मांड को ऊर्जा देते हैं पर आधारित है। इस शो में सूर्य देव धरती पर अवतार के रूप में किस तरह से आये और ब्रह्मांड में परिपूर्ण उनकी बेजोड़ शक्ति की कहानियां होंगी। यह सोमवार से गुरुवार रात नौ बजे प्रसारित होगा।

दूसरा प्रोग्राम है ‘दोबारा जिंदगी’ जिसकी टैगलाइन है ‘कहानी उन लोगों की जो मरकर जिंदा हो गए’। इसका प्रसारण शुक्रवार और शनिवार को रात 8 बजे किया जायेगा। माना जाता है कि मृत्यु जिंदगी का आखिरी बिंदु है, मरने के बाद कोई भी वापिस नहीं आता लेकिन कुछ लोग हैं जो कि मरने के बाद भी वापस आये हैं, यह शो उन्ही लोगों पर आधारित है जो मरने के बाद भी वापस आ गये हैं। इस शो के माध्यम से उनकी अद्वितीय यात्रा, मरने का कारण और उनकी जिंदगी पर पड़ने वाले प्रभावों पर प्रकाश डाला जायेगा। इस शो में प्रसिद्ध आध्यात्मिक चिकित्सक डॉ. नेवटॉन और डॉ. लक्ष्मी के मार्गदर्शन में अध्यात्म के द्वारा उन पलों के बारे में बात की जायेगी। इस शो से कई अनसुलझे सवालों का जवाब मिलेगा। इस इंटरेक्शन से उनकी जीवन की दूसरी पारी की जटिलताओं से लड़ने में सहायता मिलेगी। इसके माध्यम से दर्शक जन्म-मृत्यु के नए मानदंड पा सकते हैं और यह दर्शकों क लिए आंख खोल देना वाला होगा।
तीसरा प्रोग्राम सूफी म्यूजिक रीयलिटी शो ‘मोहे रंग दे’ है जिसकी टैगलाइन है ‘रूहानी संगीत ऐसा, आत्मा और परमात्मा का मिलन जैसा’। इसमें सूफी गायक भक्ति गीत गायेंगे। इसमें गायक अपने सुरों के जादू से फकीरी का माहौल पैदा कर देंगे। इस शो को रेणुका शहाने होस्ट करेंगी और प्रसिद्ध गायक जगजीत सिंह एवं हंस राज हंस शो में जज की भूमिका निभायेंगे।
इन नए शो की लॉन्चिंग पर प्रज्ञा टीवी की मैनेजिंग डायरेक्टर मीना तिवारी का कहना है, “हमारे चैनल की हमेशा कोशिश रही है कि हम हर किसी के जिंदगी में नए, आकर्षक और उच्च स्तर का प्रोग्रामिंग कंटेंट उपलब्ध कराकर संतुलन बनायें। ये तीनों शो वैदिक ग्रंथों, पुराणों और जन्म-मृत्यु के चक्र एवं हमारी खत्म होती सूफी म्यूजिक की परंपरा से प्रेरित हैं।”
- Category:


