अन्ना हजारे के समर्थन में उतरा मीडिया
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
जन लोकपाल विधेयक को लेकर प्रसिद्ध समाजसेवी अन्ना हजारे द्वारा किए गए आमरण अनशन के समर्थन में पूरा भारतीय मीडिया उतर आया है। जब इस अनशन की घोषणा हुई थी तब एक बड़े वर्ग का मानना था कि भारतीय मीडिया टीआरपी के चंगुल में इस तरह जकड़ा है कि शायद ही वह इस अनशन का लाइव प्रसारण करे। लेकिन पहले ही दिन से मीडिया अन्ना हजारे के साथ है। हम इस सीरीज के तहत रोज आपको यह जानकारी देंगे की कौन सा मीडिया घराना अन्ना हजारे के समर्थन में क्या कर रहा है। शुरुआत करते हैं लाइव इंडिया और दैनिक भास्कर से।
लाइव इंडिया के सीईओ व एडिटर इन चीफ, सुधीर चौधरी का कहना है कि जिस तरह से मीडिया अन्ना हजारे के साथ खड़ा हुआ है यही मीडिया का सही रोल है। अगर मीडिया सिर्फ ग्लैमर दिखाता है तो लोग वही देख भी तो रहे हैं। मीडिया के दृष्टिकोण से देखें तो यह केवल हमारी ही नहीं, दर्शकों की भी परीक्षा है कि वास्तव में वे गंभीर मुद्दे देखना चाहते हैं या नहीं। टू जी स्पेक्ट्रम घोटाला भी मीडिया ने दिखाया और कॉमनवेल्थ घोटाला भी। लेकिन ऐसे कार्यक्रमों की कोई रेटिंग नहीं है। इसी तरह अन्ना हजारे भी ट्रिपल सी के फार्मूले में कहीं फिट नहीं बैठते फिर भी मीडिया लगातार इस मामले से जुड़ा हुआ है, क्योंकि देश भी जरूर यह देखना चाह रहा होगा कि जब क्रिकेट में भारत जीतता है तो लोग सड़कों पर उतर आते हैं और अब जब एक बड़े बदलाव के लिए लोगों से जुड़ने की अपील की जा रही है तो लोग आगे आते हैं या नहीं। हो सकता है कि आप शारीरिक रूप से न जुड़ पाएं, लेकिन किसी न किसी रूप में इस आंदोलन का समर्थन जरूर कर सकते हैं। इसी दिशा में लाइव इंडिया ने यह पहल की है कि जो भी हमें देख रहा है और अन्ना के समर्थन में आना चाहते हैं। 53030 पर अपना नाम, शहर का नाम से अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं।
दैनिक भास्कर ने भी ऐसी ही पहल करते हुए ‘भ्रष्टाचार से त्रस्त सारा देश, जरूरी आपका भी एक संदेश’ नाम से एक मुहिम शुरू की है। इस बाबत आज के भास्कर में यह सूचना भी प्रकाशित की गई है कि भ्रष्टाचार से खिलाफ जनयुद्ध चल रहा है। जन लोकपाल बिल लाने के लिए 72 साल के गांधीवादी अन्ना हजारे दिल्ली में आमरण अनशन कर रहे हैं। यह सिर्फ अन्ना हजारे या कुछ जन संगठनों का मिशन नहीं है, बल्कि ये हम सबका अभियान है। आइए देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कराने के लिए जोश और जज्बे के साथ हम इसमें शामिल हों। भ्रष्टाचार के खिलाफ आप हमें संदेश भेजिए। हम उन्हें देश भर के करोड़ो पाठकों तक पहुंचाएंगे। ताकि एक कड़ी से दूसरी कड़ी जुड़े और कारवां बनता जाए। क्योंकि हमें यह लड़ाई जीतना है...हर हाल में, अपने आज के लिए, अपनों के कल के लिए...अपने देश के लिए... ! आप अपने संदेश हमें आसानी से भेज सकते हैं। तरीका है-अपने राइट मैसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए- dbpahal (स्पेस) आपका नाम (स्पेस) आपका संदेश। इसे 54567 पर भेज दीजिए। अपने संदेश आप वेबसाइट www.dainikbhaskar.com पर भी भेज सकते हैं। हम इन्हें आपके नाम के साथ प्रकाशित करेंगे।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612929पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


