मीडिया महारथी राघव बहल बने ‘सुपरपावर’
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
मीडिया महारथी राघव बहल अपने ‘सुपरपावर’ के जरिए अब लेखक बन गये हैं। चीन और भारत के विकास के तुलनात्मक अध्ययन पर आधारित उनकी पहली किताब ‘सुपरपावर? द अमेजिंग रेस बिटवीन चाइनाज हेयर एंड इंडियाज टॉरटॉयज’ का विमोचन कल सड़क एवं परिवहन मंत्री, भारत सरकार कमलनाथ ने किया। अपनी किताब में बहल ने चीन की तुलना खरगोश से और भारत की तुलना कछुआ से की है। आशावादी नज़रिया रखते हुए बहल लिखते हैं कि फिलहाल विकास के मोर्चे पर चीन भारत से बहुत आगे हैं, लेकिन अगले दशक में भारत चीन को पीछे छोड़ देगा।
इस किताब में एशिया की दो शक्तियों के इतिहास, राजनीति, अर्थव्यवस्था और संस्कृति के बारे बेहतरीन तरीके से चर्चा की गयी है। खरगोश और कछुआ की कहानी को आधार बनाकर एशिया की दो बड़ी ताकतों चीन और भारत के विकास की तुलना करती यह पुस्तक तथ्यों और आंकड़ो का बेहतरीन तालमेल है। दुनिया का इतिहास बदलने को तैयार चीन और भारत के विकास के बारे में जानकारी चाहने वाले लोगों के लिए यह किताब बेहतरीन तोहफा है। किताब लिखने के फैसले पर बात करते हुए राधव बहल ने कहा कि मेरा विचार पहले एक टीवी शो लॉन्च करने का था लेकिन बाद में मैंने किताब लिखने का फैसला किया।
इस मौके पर यूआईडी प्रोजेक्ट के हेड नंदन निलेकनी, रिजर्व बैंक के पूर्व गर्वनर बिमल जलान, एस दामोदरन, और इंडियन एक्सप्रेस के एडिटर इन चीफ शेखर गुप्ता समेत देश की कई जानी- मानी हस्तियों ने हिस्सा लिया
इस मौके पर एक पैनल डिस्कशन भी रखा गया जिसमें विमोचन में आये लोगो से सरीन भान और राजदीप सरदेसाई ने इस किताब पर चर्चा की। राजदीप ने मणिशंकर अय्यर के साथ दर्शकों के साथ भी किताब पर चर्चा की।
राघव बहल मीडिया उद्यमी हैं और भारत के सबसे बड़े टेलीविजन न्यूज़ और बिजनेस नेटवर्क, नेटवर्क 18 के संस्थापक और संपादक हैं, जो सीएनएन और सीएनबीसी का प्रसारण और फोर्ब्स इंडिया का प्रकाशन करता है। बहल को 1994 में पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित संस्कृति अवार्ड के साथ – साथ वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम के द्वारा ग्लाबल लीडर ऑफ टुमौरो सम्मान भी मिल चुका है। बहल अर्नस्ट एंड यंग द्वारा वर्ष 2007 का इंटरप्रेन्योर ऑफ द इयर भी चुने जा चुके हैं।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09013060045/ 09911612942 पर संपर्क कर सकते हैं।
- Category:


