प्राइम टाइम में बना ‘इंडिया टीवी’ क्रिकेट का अखाड़ा

India_tv_logo.jpg
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
जैसे-जैसे वर्ल्ड कप नजदीक आ रहा है क्रिकेट का बुखार मीडिया पर असर कर रहा है। इसी तैयारी में ‘इंडिया टीवी’ शाम छह बजे से लेकर रात दस बजे तक क्रिकेट से जुड़े कार्यक्रम दिखाने जा रहा है। इस तैयारी पर समाचार4मीडिया से बात करते हुए ‘इंडिया टीवी’ के मैनेजिंग एडिटर विनोद कापड़ी ने बताया, “हमारी कोशिश है कि क्रिकेट के इस महापर्व में हम अपने दर्शकों को खेल के मैदान से लेकर खिलाड़ियों के गांव तक से जुड़े हर पहलुओं से रूबरू कराएं।”
 
इस महासमर की शुरुआत होगी शाम छह बजे ‘रणभूमि’ के साथ, जिसमें दुनिया के दस बड़े दिग्गज क्रिकेटर हिस्सा लेंगे और क्रिकेट से जुड़े हर पहलुओं पर चर्चा करेंगे। इन दिग्गजों में सुनील गावस्कर, संजय मांजरेकर, रवि शास्त्री, मोहिंदर अमरनाथ, के श्रीकांत, जवागल श्रीनाथ, सौरव गांगुली, संदीप पाटिल जैसे बड़े भारतीय नाम हैं, तो क्लाइव लायड, विवियन रिचर्डस और माइकल बेवन जैसे विदेशी सूरमा भी शामिल हैं।
 
इस सफर में साढ़े छह बजे लगेगा क्रिकेट कैम्प। इस खास कैम्प में क्रिकेट के गुर सिखाए जाएंगे और कोच की भूमिका निभाएंगे धुरंधर बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग के कोच ए.एस शर्मा, विराट कोहली के कोच राजकुमार शर्मा और गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज। सात बजे ‘इंडिया टीवी’ क्रिकेट के अपने पुराने शो ‘चक दे क्रिकेट’ को जारी रखेगा। जिसमें पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा उस दिन के मैच की समीक्षा करेंगे। आठ बजे शुरू होगा ‘सूरवीर के शहर’ से जिसे खुद विनोद कापड़ी होस्ट करेंगे। इसमें  भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों के शहर या गांव में जाकर उनसे जुड़े हर पहलुओं से दर्शकों को रूबरू कराया जायेगा। नौ बजे आयेगी ‘डी कंपनी’ यानी धोनी कंपनी। इस प्रोग्राम में 15 दिन तक हर खिलाड़ी से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। साढ़े नौ बजे से दस बजे तक ‘वर्ल्ड कप हर कीमत पर’ सो का प्रसारण किया जायेगा जिसमें एक्सपर्ट ये बताएंगे कि इन रास्तों पर चलकर भारत अपने घर वर्ल्ड कप ला सकता है।
 
 
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं।  आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09899147504/ 09911612942 पर संपर्क कर सकते हैं।
0
No votes yet
Your rating: None